पाकिस्तान टी20 वर्ल्ड कप में भारत के खिलाफ खेलेगा या नहीं? अगले 24 से 48 घंटे अहम
सीबी अध्यक्ष मोहसिन नकवी पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से सोमवार को मीटिंग करने वाले हैं। गेंद शरीफ के पाले में है और इस मुद्दे पर आईसीसी और पीसीबी की तरफ से तूफान से पहले की शांति जैसी चुप्पी साध ली गई है।

पाकिस्तान टी20 वर्ल्ड कप में 15 फरवरी को भारत के खिलाफ कोलंबो में होने वाले मैच को खेलेगा या नहीं? मैच सिर्फ 6 दिन दूर है लेकिन अब तक इस पर सस्पेंस बना हुआ है। बांग्लादेश को वर्ल्ड कप से बाहर करने के आईसीसी के फैसले के विरोध में पाकिस्तान ने टी20 वर्ल्ड कप में भारत के खिलाफ मैच के बहिष्कार का ऐलान कर रखा है। गतिरोध को दूर करने के लिए लाहौर में आईसीसी के प्रतिनिधिमंडल की पीसीबी और बीसीबी के साथ बातचीत हुई। अब पीसीबी अध्यक्ष मोहसिन नकवी पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से सोमवार को मीटिंग करने वाले हैं। गेंद शरीफ के पाले में है और इस मुद्दे पर आईसीसी और पीसीबी की तरफ से तूफान से पहले की शांति जैसी चुप्पी साध ली गई है।
तूफान से पहले की शांति!
गतिरोध दूर करने के लिए आईसीसी ने अपना दो सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल लाहौर भेजा था। इसमें आईसीसी के डेप्युटी चेयरपर्सन इमरान ख्वाजा और एसोसिएट मेंबर रिप्रजेंटेटिव मुबाशिर उस्मानी शामिल थे। दोनों ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के प्रमुख मोहसिन नकवी से बातचीत की। लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में हुई इस मीटिंग में बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष अमिनुल इस्लाम भी शामिल थे। लाहौर में मीटिंग के बाद न तो पीसीबी की तरफ से अब तक आधिकारिक तौर पर कुछ कहा गया है और न ही आईसीसी की तरफ से। हालांकि अलग-अलग मीडिया रिपोर्ट्स में सूत्रों के हवाले से छन-छनकर 'अंदर की खबर' आ रही हैं।
24 से 48 घंटे में अंतिम फैसला: सूत्र
हमारे सहयोगी हिंदुस्तान टाइम्स ने अपनी रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से बताया है कि मीटिंग में सभी संबंधित पक्षों ने एक दूसरे की बात को समझने की कोशिश की। आईसीसी डेलिगेशन से बैठक के बाद मोहसिन नकवी एक बार फिर प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से मिलने वाले हैं। वह उनकी सरकार में गृह मंत्री भी हैं। सोमवार को किसी समय नकवी पाकिस्तानी पीएम से मुलाकात करेंगे और आईसीसी के साथ हुई अपनी चर्चा के बारे में उन्हें जानकारी देंगे। मामले से वाकिफ सूत्रों ने एचटी से बातचीत में इस बात की पुष्टि की है कि 15 फरवरी के मैच को लेकर अगले 24 से 48 घंटे में पीसीबी की तरफ से अंतिम फैसला आ सकता है।
पीसीबी नहीं, पाकिस्तान सरकार लेगी फैसला: सूत्र
एक सूत्र ने सोमवार सुबह में एचटी को बताया, ‘पीसीबी चेयरमैन की सोमवार को प्रधानमंत्री से मुलाकात की उम्मीद है। उसके बाद अगले 2 दिनों में इस पर अंतिम फैसले की उम्मीद की जाती है। आखिरी फैसला पीसीबी की तरफ से नहीं लिया जा सकता क्योंकि यह पूरी तरह सरकार पर निर्भर है।’
पाकिस्तान ने आईसीसी के सामने खोला है मांगों का पिटारा
इससे पहले 1 फरवरी को पाकिस्तान सरकार ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल से पोस्ट किया कि उनकी टीम टी20 वर्ल्ड कप में तो खेलेगी लेकिन भारत के खिलाफ मैच में मैदान में नहीं उतरेगी। उसके कुछ दिन बाद खुद पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने भी कैबिनेट को संबोधित करते हुए यही बात कही। पाकिस्तान अब भारत के खिलाफ खेलने के लिए आईसीसी के सामने कई तरह की शर्तें और मांगें रख रहा है।
लेखक के बारे में
Chandra Prakash Pandeyचन्द्र प्रकाश पाण्डेय, असिस्टेंट एडिटर
चन्द्र प्रकाश पाण्डेय वर्तमान में लाइव हिंदुस्तान में स्पोर्ट्स सेक्शन के इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में करीब दो दशक का अनुभव रखने वाले चन्द्र प्रकाश को जटिल विषयों का सरल विश्लेषण करने में महारत हासिल है। बचपन में न्यूज के प्रति ऐसा प्रेम हुआ कि रात में रेडियो पर न्यूज बुलेटिन के दौरान पढ़ाई-लिखाई का अभिनय करते लेकिन कान और दिल-दिमाग ध्वनि तरंगों पर अटका रहता। तब क्या पता था कि आगे चलकर न्यूज की दुनिया में ही रचना-बसना है। रेडियो में कभी काम तो नहीं किया लेकिन उस विधा के कुछ दिग्गज प्रसारकों संग टीवी न्यूज की दुनिया में कदमताल जरूर किया। चन्द्र प्रकाश पाण्डेय ने टीवी पत्रकारिता से शुरुआत की। पेशे में पहला दशक टीवी न्यूज के ही नाम रहा जहां उन्होंने 'न्यूज24', 'श्री न्यूज', 'फोकस न्यूज', 'न्यूज वर्ल्ड इंडिया' और भोजपुरी न्यूज चैनल 'हमार टीवी' में अलग-अलग समय पर अलग-अलग भूमिकाएं निभाई। इस दौरान डेली न्यूज शो के साथ-साथ 'विनोद दुआ लाइव: आजाद आवाज' जैसे कुछ स्पेशल शो के लिए भी लेखन किया। अगस्त 2016 में उन्होंने 'नवभारत टाइम्स' के साथ डिजिटल जर्नलिज्म की दुनिया में कदम रखा। NBT में उन्होंने नेशनल, इंटरनेशनल, पॉलिटिक्स, जियोपॉलिटिक्स, क्राइम, स्पोर्ट्स, कोर्ट से जुड़ी खबरों का लेखन-संपादन किया। इस दौरान उन्होंने लोकसभा और विधानसभा चुनावों समेत महत्वपूर्ण विषयों पर कई स्पेशल सीरीज भी लिखी जिनमें लीगल न्यूज एक्सप्लेनर्स 'हक की बात' की एक लंबी श्रृंखला भी शामिल है। मार्च 2025 से वह लाइव हिंदुस्तान में शब्दाक्षरों के चौके-छक्के जड़ रहे हैं।
चन्द्र प्रकाश पाण्डेय मूल रूप से यूपी के देवरिया के रहने वाले हैं। गांव की मिट्टी में पलते-बढ़ते, खेत-खलिहान में खेलते-कूदते इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई की। उसके बाद मैथमेटिक्स का छात्र 'राजनीति कला है या विज्ञान?' में उलझ गया। बी.ए. और बी. एड. की पढ़ाई के बाद पत्रकारिता की ओर रुझान बढ़ा और मॉस कम्यूनिकेशंस में मास्टर्स किया। अभी भी सीखने-समझने का सतत क्रम जारी है।
और पढ़ें



