Hindi Newsक्रिकेट न्यूज़Will India give up this stubbornness against England Brunt Brigade is just one step away from Women World Cup semifinal
क्या इंग्लैंड के खिलाफ ये ‘जिद’ छोड़ेगी भारतीय टीम? ब्रंट ब्रिगेड सेमीफाइनल से सिर्फ एक कदम दूर

क्या इंग्लैंड के खिलाफ ये ‘जिद’ छोड़ेगी भारतीय टीम? ब्रंट ब्रिगेड सेमीफाइनल से सिर्फ एक कदम दूर

संक्षेप:

आईसीसी महिला वनडे वर्ल्ड 2025 में लगातार दो हार के बाद मेजबान भारत की सेमीफाइनल की उम्मीदों को झटका लगा है। भारतीय महिला क्रिकेट टीम को अब इंग्लैंड से भिड़ना है। यह मैच रविवार को इंदौर में आयोजित होगा।

Sat, 18 Oct 2025 01:49 PMMd.Akram इंदौर, भाषा
share Share
Follow Us on

लगातार दो मैच हारने के बाद अपने अभियान को ढर्रे पर लाने का दबाव झेल रही भारतीय टीम को इंग्लैंड के खिलाफ रविवार को महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 के अहम मुकाबले में अपने गेंदबाजी आक्रमण को संतुलित करने के लिए छठे गेंदबाज को उतारने पर विचार करना होगा। विशाखापट्टनम में दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया से हारने के बाद भारत की सेमीफाइनल में प्रवेश की उम्मीदों को करारा झटका लगा है। इस विश्व कप सत्र में भारत ने पांच बल्लेबाजों, एक विकेटकीपर और पांच गेंदबाजों को उतारने की रणनीति अपनाई है और गेंदबाजों में से तीन हरफनमौला हैं। लेकिन विश्व कप में यह संयोजन सटीक नहीं बैठा और अब ‘करो या मरो’ के बाकी मुकाबलों में भारत को इस पर पुनर्विचार करना होगा। सेमीफाइनल की दौड़ में बने रहने के लिए भारत को तीन में से दो मैच हर हालत में जीतने होंगे।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पांच गेंदबाजों की रणनीति असफल होने के बावजूद ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ इसमें बदलाव नहीं किया गया जिससे एक और पराजय हाथ लगी। दक्षिण अफ्रीका और आस्ट्रेलिया ने 251 और 330 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत के गेंदबाजी आक्रमण की कलई खोल दी। हरफनमौलाओं को उतारकर बल्लेबाजी को गहराई देने की भारत की रणनीति के चलते रेणुका सिंह जैसी विकेट लेने वाली गेंदबाज की जगह अमनजोत कौर को तरजीह दी गई है। रेणुका की गैर मौजूदगी से भारत का आक्रमण एक जैसा हो गया है और विविधता देने के लिए उन्हें उतारना ही होगा। इससे अनुभवहीन और युवा क्रांति गौड़ पर दबाव बन रहा है, जिसने अभी तक अच्छी गेंदबाजी की है।

ये भी पढ़ें:इस वजह से फिसला मैच…वनडे की सबसे बड़ी हार झेलने पर टूटा हरमनप्रीत का दिल

इसके अलावा बाएं हाथ की स्पिनर राधा यादव या तेज गेंदबाज अरूंधति रेड्डी के भी विकल्प हैं। शीर्षक्रम के बल्लेबाजों का खराब फॉर्म भी चिंता का विषय है। विश्व कप शुरू होने से पहले भारतीय बल्लेबाज जबर्दस्त फॉर्म में थे लेकिन अब उनके बल्ले खामोश हैं। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ स्मृति मंधाना और प्रतिका रावल ने अर्धशतक लगाए लेकिन कप्तान हरमनप्रीत कौर और जेमिमा रौड्रिग्स कोई योगदान नहीं दे सकीं। अच्छी शुरूआत के बाद भारत ने आखिरी छह विकेट 36 रन के भीतर गंवा दिए। श्रीलंका और पाकिस्तान के खिलाफ पहले दो मैचों में शीर्षक्रम की नाकामी को निचले क्रम ने ढक दिया लेकिन चार बार की चैंपियन इंग्लैंड के खिलाफ बल्लेबाजों को जिम्मेदारी से खेलना ही होगा।

ये भी पढ़ें:ऑस्ट्रेलिया ने वर्ल्ड कप में भारत को दिया 'गहरा जख्म', चेज किया सबसे बड़ा स्कोर

इससे छठे गेंदबाजी विकल्प को आजमाने का भी मौका मिलेगा। इंदौर के होल्कर स्टेडियम की पिच बल्लेबाजों की मददगार रहती है और यहां अभी तक दोनों मैचों में बड़ा स्कोर बना है। इंग्लैंड अभी तक अपराजेय रही है लेकिन उसके बल्लेबाज एक ईकाई के रूप में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए। पाकिस्तान के खिलाफ उसने सात विकेट 79 रन पर गंवा दिए थे लेकिन बारिश ने बचाव कर दिया। इससे पहले बांग्लादेश के खिलाफ पांच विकेट 78 रन पर निकल गए थे। इंग्लैंड के गेंदबाजों ने अभी तक संकटमोचक की भूमिका निभाई है। इंग्लैंड को सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए बस एक जीत की जरूरत है। मैच दोपहर तीन बजे से शुरू होगा।

ये भी पढ़ें:भारत को कैसे मिलेगा सेमीफाइनल का टिकट? अब तक कितनी टीमों ने किया क्वालीफाई

भारत: हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना, प्रतिका रावल, हरलीन देयोल, जेमिमा रौड्रिग्स, रिचा घोष, उमा छेत्री, रेणुका सिंह ठाकुर, दीप्ति शर्मा, स्नेह राणा, श्री चरणी, राधा यादव, अमनजोत कौर, अरूंधति रेड्डी, क्रांति गौड

इंग्लैंड: नैट साइवर-ब्रंट (कप्तान), एम अर्लट, टैमी ब्यूमोंट, लॉरेन बेल, एलिस कैप्सी, चार्ली डीन, सोफिया डंकले, सोफी एक्लेस्टोन, लॉरेन फाइलर, सारा ग्लेन, एमी जोन्स, हीथर नाइट, एम्मा लैम्ब, लिन्सी स्मिथ, डैनी व्याट-हॉज।

Md.Akram

लेखक के बारे में

Md.Akram
मोहम्मद अकरम, लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रॉड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें खेल और राजनीति की दुनिया में गहरी दिलचस्पी है। अकरम को पत्रकारिता में 8 साल से ज्यादा का अनुभव है। 2016 में अमर उजाला की ओर से पत्रकारिता में डेब्यू किया। 2019 में टाइम्स नाउ से जुड़े और पांच साल यहां रहे। साल 2022 से लाइव हिंदुस्तान का हिस्सा हैं। ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियन गेम्स, क्रिकेट वर्ल्ड कप और आईपीएल जैसे इवेंट कवर किए हैं। अकरम ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से बी.ए. (ऑनर्स) मास मीडिया और आईआईएमसी से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है। और पढ़ें
लेटेस्ट क्रिकेट न्यूज, Cricket Live score, Asia Cup Schedule, Asia cup Points Table वाले खिलाड़ियों की जानकारी हिंदी में हिंदुस्तान पर |