
कॉलेज के दिनों में जसप्रीत बुमराह थे ऑलराउंडर, मैच में कीपिंग, बैटिंग के साथ बने थे स्पिनर; खुद सुनाया किस्सा
बुमराह ने खुलासा किया है कि अपने कॉलेज के दिनों में वह एक मैच में बतौर गेंदबाज नहीं, बल्कि एक 'ऑलराउंडर' के रूप में खेले थे। उन्होंने उस मैच में विकेटकीपिंग, ऑफ स्पिन और बल्लेबाजी भी की थी।
भारतीय टीम के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने अपने कॉलेज के दिनों का एक मजेदार किस्सा शेयर किया है। उन्होंने बताया कि कॉलेज के दौरान उन्होंने एक मैच खेला था, जिसमें उन्होंने तेज गेंदबाजी के अलावा सब कुछ किया था। उन्होंने उस मैच में विकेटकीपिंग की और छठे नंबर पर बैटिंग भी की। जरूरत पड़ने पर स्पिनर भी बने थे। मुंबई इंडियंस ने तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह का सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें वह ग्लव्स पहने हुए दिख रहे हैं और प्रैक्टिस भी कर रहे हैं।
भारत के मौजूदा समय के सबसे खतरनाक गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने खुलासा किया है कि अपने कॉलेज के दिनों में वह मुख्य रूप से एक गेंदबाज नहीं, बल्कि एक 'ऑलराउंडर' के रूप में खेलते थे। आईपीएल फ्रेंचाइजी मुंबई इंडियंस द्वारा शेयर वीडियो में अपने कॉलेज के दिनों की यादें ताजा करते हुए बुमराह ने बताया कि उन्होंने क्रिकेट की शुरुआत एक तेज गेंदबाज के रूप में नहीं की थी। बुमराह ने कहा, ''बहुत कम लोग जानते हैं कि कॉलेज के दिनों में मैं एक मैच में ऑफ-स्पिन गेंदबाजी किया, इतना ही नहीं, मैं टीम के लिए नंबर 6 पर बल्लेबाजी भी किया था और कई मैचों में मैंने विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी भी संभाली है।" बुमराह ने वीडियो में ग्लव्स पहने हुए कहा कि ऐसा लग रहा कि मैं बिस्कुट बनाता हूं।
बुमराह का ये वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। फैंस इस बात पर यकीन नहीं कर पा रहे हैं कि जिस गेंदबाज की 145+ किमी/घंटा की रफ्तार से गिल्लियां उड़ जाती हैं, वह कभी धीमी ऑफ-स्पिन डालता था। आज बुमराह तीनों फॉर्मेट में भारत के सबसे भरोसेमंद खिलाड़ी हैं। जसप्रीत बुमराह आगामी टी20 विश्व कप के लिए भारतीय टीम में शामिल हैं। हालांकि टी20 विश्व कप को ध्यान में रखते हुए हार्दिक पांड्या और जसप्रीत बुमराह को न्यूजीलैंड के खिलाफ आगामी वनडे सीरीज के लिए आराम दिए जाने की संभावना है। दोनों ने हाल ही में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हुई सीरीज में हिस्सा लिया था।
टी-20 विश्व कप से पहले न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच अंतरराष्ट्रीय टी-20 मैच नागपुर (21 जनवरी), रायपुर (23 जनवरी), गुवाहाटी (25 जनवरी), विशाखापत्तनम (28 जनवरी) और तिरुवनंतपुरम (31 जनवरी) में होंगे। ऐसा माना जा रहा है कि हार्दिक पंड्या और जसप्रीत बुमराह न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी-20 सीरीज में वापसी करेंगे। इनसे पहले होने वाले तीन वनडे मैच 11 जनवरी (बड़ौदा), 14 जनवरी (राजकोट) और 18 जनवरी (इंदौर) को होंगे। इनमें बुमराह और पांड्या को शामिल किए जाने की संभावना कम है। वनडे टीम की घोषणा 4-5 जनवरी के आसपास होने की उम्मीद है।






