वेस्टइंडीज ने हैरतअंगेज चेज को दिया अंजाम, 28 गेंदों चेज किए 70 रन; शेरफेन रदरफोर्ड और जेसन होल्डर चमकें
WI vs SL Highlights- वेस्टइंडीज ने श्रीलंका को तीसरे और आखिरी टी20 में 5 विकेट से हराकर 2-1 से सीरीज को अपने नाम कर लिया है। वेस्टइंडीज ने तीसरे टी20 को जीतने के लिए आखिरी 5 ओवर में 70 रन चाहिए थे।

वेस्टइंडीज ने श्रीलंका को जमैका में खेले गए तीसरे और आखिरी टी20 में 5 विकेट से मात देकर सीरीज को 2-1 से अपने नाम किया। 170 रनों के टारगेट का पीछा करने उतरी मेजबान टीम का स्कोर एक समय पर 15 ओवर के बाद 4 विकेट के नुकसान पर 100 रन था। वेस्टइंडीज को आखिरी 30 गेंदों पर 70 रनों की जरूरत थी, वैसे यह टारगेट मुश्किल था, मगर शेरफेन रदरफोर्ड और जेसन होल्डर की कमाल की पारियों के दम पर वेस्टइंडीज 28 गेंदों पर ही इस रनचेज को अंजाम दिया। रदरफोर्ड ने शानदार अर्धशतक जड़ते हुए 40 गेंदों पर 3 चौकों और 4 गगनचुंबी छक्कों की मदद से 54 रनों की नाबाद पारी खेली। वहीं जेसन होल्डर ने 5 गेंदों पर 3 छक्कों की मदद से नाबाद 21 रन बनाए। इनके अलावा रोवमैन पॉवेल ने 33 और शिमरन हेटमायर ने 32 रनों का योगदान दिया।
शमर जोसेफ ने श्रीलंका को किया ढेर
वेस्टइंडीज के तेज गेंदबाज शमर जोसेफ की कमाल की गेंदबाजी ने श्रीलंका को 169 के स्कोर पर समेटने में अहम भूमिका अदा की। जोसेफ ने तीसरे टी20 में अपने 4 ओवर के कोटे में 33 रन खर्च कर 5 विकेट चटकाए। श्रीलंका के लिए डुनिथ वेल्लालागे ने 43 रनों की सर्वाधिक पारी खेली, उनकी इस पारी का अंत भी शमर जोसेफ ने ही किया। श्रीलंका के लिए कोई और बल्लेबाज 30 रन का आंकड़ा तक नहीं छू पाया।
शमर जोसेफ बने प्लेयर ऑफ द मैच और प्लेयर ऑफ द सीरीज
शमर जोसेफ को तीसरे टी20 में उनकी कमाल की गेंदबाजी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच के अवॉर्ड से नवाजा गया। वहीं उन्हें प्लेयर ऑफ द सीरीज का अवॉर्ड भी मिला। जोसेफ ने इस सीरीज के तीन मैचों में मिलाकर कुल 11 विकेट चटकाए। इस दौरान उनका औसत 8.55 का रहा। उनके बाद इस सीरीज के दूसरे बेस्ट गेंदबाज वानिंदु हसरंगा रहे जिन्होंने 7 विकेट चटकाए।
कैसी थी वेस्टइंडीज की रनचेज
170 रनों के टारगेट का पीछा करने उतरी वेस्टइंडीज की शुरुआत अच्छी नहीं रही। पहले ही ओवर में कप्तान शे होप पवेलियन लौट गए। इसके बाद ब्रेंडन किंग शिमरन हेटमायर ने दूसरे विकेट के लिए 50 रनों की साझेदारी की। 51 के स्कोर पर वेस्टइंडीज का एक विकेट था, जैसे ही 7वें ओवर में किंग आउट हुए तो विकेट की झड़ी लग गई। एक दम से मेजबानों का स्कोर 53 रन पर 4 विकेट हो गया। तब रोवमैन पॉवेल ने शेरफेन रदरफोर्ड के साथ पारी को संभाला। अंत में रदरफोर्ड ने जेसन होल्डर के साथ मिलकर इस हैरतअंगेज रनचेज को अंजाम दिया।
लेखक के बारे में
Lokesh Kheraलोकेश खेड़ा लाइव हिन्दुस्तान में बतौर डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर काम कर रहे हैं। हिंदी पत्रकारिता में इन्हें एक दशक से भी अधिक का अनुभव है। बचपन की अपनी रुचि को प्रोफेशनल करियर में तबदील करते हुए 2018 में बतौर खेल पत्रकार अपना सफर शुरू किया। क्रिकेट के साथ बॉक्सिंग, कबड्डी, बैडमिंटन, हॉकी, एथलेटिक्स समेत तमाम खेलों को बारीकी से कवर करते हैं। क्रिकेट टुडे के साथ उनकी पारी का आगाज हुआ, जहां उन्होंने वेबसाइड के साथ मैगजीन के लिए काम किया। इसके बाद वह इंडिया टीवी के साथ जुड़े और वहां तीन साल अपनी सेवाएं दी। इस दौरान ओलंपिक, कॉमनवेल्थ गेम्स, 2019 वनडे वर्ल्ड कप और 2021 टी20 वर्ल्ड कप जैसे तमाम इवेंट कवर किए और कई इंटरव्यू भी लिए, जिसमें दानिश कनेरिया और चेतन साकारिया जैसे इंटरनेशनल स्टार शामिल हैं। लाइव हिन्दुस्तान के साथ वह फरवरी 2022 जुड़े। यहां भी उन्होंने कॉमनवेल्थ, ओलंपिक, 2023 वनडे वर्ल्ड कप, 2024 टी20 वर्ल्ड कप, 2025 चैंपियंस ट्रॉफी जैसे बड़े-बड़े इंटरनेशनल इवेंट को बखूबी कवर किया और नई सचें सीखने में हमेशा रुचि रखते हैं। क्रिकेट पढ़ने लिखने के अलावा खुद खेलना भी पंसद करते हैं। इसके अलावा किताबें पढ़ना भी पंसद है।
और पढ़ें


