
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए ऋषभ पंत को क्यों नहीं दी गई कप्तानी? ये है असली वजह
भारत ने नियमित वनडे कप्तान शुभमन गिल गर्दन में ऐंठन की वजह से दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज से भी बाहर हो चुके हैं। उनकी गैरमौजूदगी में केएल राहुल को वनडे टीम का कप्तान बनाया गया है। ऋषभ पंत वनडे में भी कप्तानी के दावेदार थे लेकिन उन्हें कप्तान क्यों नहीं बनाया गया, इसकी असल वजह सामने आई है।
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज के दूसरे मैच में नियमित कप्तान शुभमन गिल की गैरमौजूदगी में उपकप्तान ऋषभ पंत को कप्तानी की जिम्मेदारी सौंपी गई। गिल को कोलकाता टेस्ट में गर्दन की ऐंठन की वजह से अस्पताल जाना पड़ा था। चोट की वजह से अब वह दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज नहीं खेल पाएंगे। उनकी गैरमौजूदगी में केएल राहुल को वनडे टीम का कप्तान बनाया गया है। ऋषभ पंत वनडे में भी कप्तानी के दावेदार थे लेकिन उन्हें कप्तान क्यों नहीं बनाया गया, इसकी असल वजह सामने आई है।

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 3 वनडे इंटरनेशनल की सीरीज 30 नवंबर से शुरू हो रही है। पहला मैच 30 नवंबर को रांची में, दूसरा 3 दिसंबर को रायपुर में और तीसरा मैच 6 दिसंबर को विशाखापत्तनम में खेला जाएगा। बीसीसीआई की चयन समिति ने रविवार को उसके लिए इंडियन स्क्वाड का ऐलान किया। गिल की अनुपस्थिति में केएल राहुल टीम की बागडोर संभालेंगे। गिल को पिछले महीने ही रोहित शर्मा की जगह पर भारतीय वनडे टीम का नया कप्तान चुना गया था। उन्हें 2027 के वनडे वर्ल्ड कप को ध्यान में रखते हुए कप्तान चुना गया लेकिन अगली ही सीरीज में वह चोट की वजह से बाहर हो गए।
उपकप्तान श्रेयस अय्यर भी चोटिल
ऑस्ट्रेलिया दौरे पर वनडे टीम के उपकप्तान रहे श्रेयस अय्यर भी चोट की वजह से बाहर हैं। उन्हें ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एक मैच में कैच लेने के दौरान गंभीर चोट लग गई थी, जिसके बाद उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया था। ऐसे में गिल और अय्यर दोनों की गैरमौजूदगी में चयनकर्ताओं ने दक्षिण अफ्रीका सीरीज के लिए अस्थायी कप्तान चुना।
ऋषभ पंत को नहीं नहीं मिली कप्तानी?
न्यूज एजेंसी पीटीआई ने बीसीसीआई से जुड़े एक सूत्र के हवाले से बताया है कि दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए कप्तान के तौर पर ऋषभ पंत भी एक विकल्प थे। फिलहाल वह गुवाहाटी में दोनों देशों के बीच चल रहे टेस्ट सीरीज के आखिरी और दूसरे मैच में भारत की कप्तानी कर रहे हैं। सूत्र ने बताया कि पंत को इसलिए कप्तानी नहीं सौंपी गई क्योंकि उन्होंने पिछले एक साल में सिर्फ एक वनडे मैच खेला है। वह पिछले साल श्रीलंका दौर पर आखिरी बार वनडे इंटरनेशनल खेलते हुए दिखे थे। वह चैंपियंस ट्रॉफी के लिए भारतीय स्क्वाड का हिस्सा तो थे लेकिन उन्हें टूर्नामेंट के किसी भी मैच में प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं मिली थी।
केएल राहुल की कप्तानी से गिल को खतरा नहीं
सूत्र ने पीटीआई को बताया कि केएल राहुल को वनडे टीम की कप्तानी सौंपे जाने से शुभमन गिल की कप्तानी वाली योजना को कोई खतरा नहीं है। वह अस्थायी कप्तान हैं। केएल राहुल इससे पहले 12 ओडीआई मैच में भारत की कप्तानी कर चुके हैं। केएल राहुल की जगह अगर किसी युवा को कप्तान बनाया गया होता तो बेहतर प्रदर्शन के बाद स्वाभाविक तौर पर उसे नियमित कप्तान का भी दावेदार समझा जाता।
कब तक ठीक होंगे शुभमन गिल?
अब सवाल ये है कि क्या शुभमन गिल दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टी20 सीरीज खेल पाएंगे। आखिर वह कब तक फिट हो पाएंगे? सूत्र ने पीटीआई को बताया, 'चयनकर्ताओं को उम्मीद है कि शुभमन गिल गर्दन की चोट से उबर जाएंगे और वह न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज (जनवरी 2026 में 3 ओडीआई की सीरीज) से वापसी कर पाएंगे।' इससे यही संकेत मिलता है कि दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टी20 सीरीज में भी गिल का खेलना संदिग्ध है।






