हमने देवदत्त-कोहली को रन बनाने के मौके दिए: SRH कोच डेनियल विटोरी ने क्यों कही ये बात
डेनियल विटोरी ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू के खिलाफ अपनी टीम की गेंदबाजी को खराब बातते हुए कहा कि गेंदबाजों ने आईपीएल के पहले मैच में विराट कोहली और देवदत्त पडिक्कल को रन बनाने के काफी मौके दिए।

सनराइजर्स हैदराबाद के मुख्य कोच डेनियल विटोरी ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू के खिलाफ अपनी टीम की गेंदबाजी को खराब बातते हुए कहा कि गेंदबाजों ने आईपीएल के पहले मैच में विराट कोहली और देवदत्त पडिक्कल को रन बनाने के काफी मौके दिए। सनराइजर्स ने सत्र के पहले मैच में नौ विकेट पर 201 रन बनाये लेकिन आरसीबी ने लक्ष्य 15.4 ओवर में ही हासिल कर लिया।
विटोरी ने मैच के बाद प्रेस कांफ्रेंस में कहा, ''आपको गेंदबाजी से अच्छी शुरूआत की जरूरत थी जो फिल साल्ट का विकेट लेकर की भी , लेकिन हम अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन नहीं कर सके। हमने अनुशासित गेंदबाजी नहीं की। विराट और पडिक्कल को रन बनाने के काफी मौके दिये जिन्होंने बेहतरीन प्रदर्शन किया।''
उन्होंने कहा कि सनराइजर्स ने देखा कि आरसीबी के तेज गेंदबाज जैकब डफी ने कैसे गेंदबाजी की लेकिन उनके गेंदबाज रणनीति पर अमल नहीं कर पाए।
उन्होंने कहा, ‘’हमने आरसीबी की गेंदबाजी से काफी कुछ सीखा लेकिन उस पर अमल नहीं कर सके। आईपीएल में हर मैच काफी अहम होता है, खासकर शुरूआती मैच । ऐसे में कोताही नहीं बरती जा सकती।''
बता दें, सनराइजर्स हैदराबाद ने पहले बैटिंग करते हुए 201 रन बोर्ड पर लगाए थे। ईशान किशन ने 38 गेंदों पर 80 रनों की धमाकेदार पारी खेली थी। इस स्कोर का पीछा आरसीबी ने महज 15.4 ओवर में किया। विराट कोहली 69 रन बनाकर अंत तक नाबाद रहे। देवदत्त पडिक्कल ने 26 गेंदों पर तूफानी अंदाज में 61 रन बनाए। डफी ने गेंदबाजी में कुल 3 विकेट चटकाए। उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच के अवॉर्ड से नवाजा गया।
लेखक के बारे में
Lokesh Kheraलोकेश खेड़ा लाइव हिन्दुस्तान में बतौर डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर काम कर रहे हैं। हिंदी पत्रकारिता में इन्हें एक दशक से भी अधिक का अनुभव है। बचपन की अपनी रुचि को प्रोफेशनल करियर में तबदील करते हुए 2018 में बतौर खेल पत्रकार अपना सफर शुरू किया। क्रिकेट के साथ बॉक्सिंग, कबड्डी, बैडमिंटन, हॉकी, एथलेटिक्स समेत तमाम खेलों को बारीकी से कवर करते हैं। क्रिकेट टुडे के साथ उनकी पारी का आगाज हुआ, जहां उन्होंने वेबसाइड के साथ मैगजीन के लिए काम किया। इसके बाद वह इंडिया टीवी के साथ जुड़े और वहां तीन साल अपनी सेवाएं दी। इस दौरान ओलंपिक, कॉमनवेल्थ गेम्स, 2019 वनडे वर्ल्ड कप और 2021 टी20 वर्ल्ड कप जैसे तमाम इवेंट कवर किए और कई इंटरव्यू भी लिए, जिसमें दानिश कनेरिया और चेतन साकारिया जैसे इंटरनेशनल स्टार शामिल हैं। लाइव हिन्दुस्तान के साथ वह फरवरी 2022 जुड़े। यहां भी उन्होंने कॉमनवेल्थ, ओलंपिक, 2023 वनडे वर्ल्ड कप, 2024 टी20 वर्ल्ड कप, 2025 चैंपियंस ट्रॉफी जैसे बड़े-बड़े इंटरनेशनल इवेंट को बखूबी कवर किया और नई सचें सीखने में हमेशा रुचि रखते हैं। क्रिकेट पढ़ने लिखने के अलावा खुद खेलना भी पंसद करते हैं। इसके अलावा किताबें पढ़ना भी पंसद है।
और पढ़ें


