जसप्रीत बुमराह क्यों डिजर्व करते थे प्लेयर ऑफ द मैच? 2024 फाइनल में भी हुई थी ‘नाइंसाफी’
जसप्रीत बुमराह ने 16वें ओवर से एक चौके समेत 8 रन खर्च किए, वहीं 18वें ओवर में सिर्फ 6 ही रन दिए। उन्होंने प्रेशन सिचुएशन में 12 गेंदों पर 14 ही रन लुटाए जिससे इंग्लैंड पर दबाव बना और भारत यह मैच जीत पाया।
जसप्रीत बुमराह ना होते तो मैं शायद ना खड़ा होता, असल में यह अवॉर्ड उन्हें मिलना चाहिए…यह शब्द और किसी के नहीं बल्कि IND vs ENG सेमीफाइनल में प्लेयर ऑफ द मैच बने संजू सैमसन के हैं। सैमसन ने इंग्लैंड के खिलाफ इस नॉकआउट मुकाबले में 89 रनों की धमाकेदार पारी खेल भारत को 253 के स्कोर तक पहुंचाया। हालांकि यह स्कोर भी एक समय पर जीत के लिए काफी नजर नहीं आ रहा था, जब इंग्लैंड ने 15 ओवर में 185 रन बोर्ड पर लगा दिए थे। आखिरी 30 गेंदों पर उन्हें 69 रनों की दरकार थी, तब भारत ने डेथ ओवर में ऐसी शानदार गेंदबाजी की, जिसके दम पर टीम इंडिया फाइनल का टिकट कटा पाया। इसका पूरा क्रेडिट जसप्रीत बुमराह को जाता है, मगर उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड नहीं मिला।
क्यों प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड डिजर्व करते हैं जसप्रीत बुमराह?
वरुण चक्रवर्ती ने 15वें ओवर में 13 रन खर्च कर अपने 4 ओवर के कोटे में कुल 64 रन लुटाए थे। उस समय दबाव पूरी तरह से भारत पर शिफ्ट हो गया था। जिस तरह जैकब बेथल बैटिंग कर रहे थे 30 गेंदों पर 69 रन चेज होते हुए दिख रहे थे।
मगर तब जसप्रीत बुमराह आए और इंग्लैंड की रनगति पर ऐसी लगाम लगाई कि इंग्लिश टीम टारगेट से पहले घुटने टेकने पर मजबूर हो गई।
जसप्रीत बुमराह ने 16वें ओवर से एक चौके समेत 8 रन खर्च किए, वहीं 18वें ओवर में सिर्फ 6 ही रन दिए। उन्होंने प्रेशन सिचुएशन में 12 गेंदों पर 14 ही रन लुटाए जिससे इंग्लैंड पर दबाव बना और भारत यह मैच जीत पाया।
अगर बुमराह के ये दो ओवर ना होते तो मैच का परिणाम कुछ और हो सकता है। यही वजह है कि जसप्रीत बुमराह IND vs ENG सेमीफाइनल में प्लेयर ऑफ द मैच डिजर्व करते थे।
2024 टी20 वर्ल्ड कप फाइनल में भी हुई थी नाइंसाफी
जसप्रीत बुमराह के साथ यह नाइंसाफी 2024 टी20 वर्ल्ड कप फाइनल में भी हुई थी। 15वें ओवर में वहां जब अक्षर पटेल को हेनरिक क्लासेन ने आड़े हाथ लेते हुए 24 रन बटौरे थे, तब भारत के पास डिफेंड करने के लिए आखिरी 30 गेंदों पर 30 ही रन थे।
तब जसप्रीत बुमराह ने 16वें ओवर में 4 तो 18वें ओवर में 2 ही रन खर्च किए थे। इस दौरान उन्होंने मार्को जेनसन का भी विकेट चटकाया था। उस नाजुक पल में 12 गेंदों पर 6 रन खर्च कर बुमराह ने मैच भारत की झोली में डाला था।
तब भी उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड नहीं मिला था, उनकी जगह विराट कोहली को इस अवॉर्ड से नवाजा गया था, जिन्होंने 59 गेंदों पर 76 रनों की पारी खेली थी।
लेखक के बारे में
Lokesh Kheraलोकेश खेड़ा लाइव हिन्दुस्तान में बतौर डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर काम कर रहे हैं। हिंदी पत्रकारिता में इन्हें एक दशक से भी अधिक का अनुभव है। बचपन की अपनी रुचि को प्रोफेशनल करियर में तबदील करते हुए 2018 में बतौर खेल पत्रकार अपना सफर शुरू किया। क्रिकेट के साथ बॉक्सिंग, कबड्डी, बैडमिंटन, हॉकी, एथलेटिक्स समेत तमाम खेलों को बारीकी से कवर करते हैं। क्रिकेट टुडे के साथ उनकी पारी का आगाज हुआ, जहां उन्होंने वेबसाइड के साथ मैगजीन के लिए काम किया। इसके बाद वह इंडिया टीवी के साथ जुड़े और वहां तीन साल अपनी सेवाएं दी। इस दौरान ओलंपिक, कॉमनवेल्थ गेम्स, 2019 वनडे वर्ल्ड कप और 2021 टी20 वर्ल्ड कप जैसे तमाम इवेंट कवर किए और कई इंटरव्यू भी लिए, जिसमें दानिश कनेरिया और चेतन साकारिया जैसे इंटरनेशनल स्टार शामिल हैं। लाइव हिन्दुस्तान के साथ वह फरवरी 2022 जुड़े। यहां भी उन्होंने कॉमनवेल्थ, ओलंपिक, 2023 वनडे वर्ल्ड कप, 2024 टी20 वर्ल्ड कप, 2025 चैंपियंस ट्रॉफी जैसे बड़े-बड़े इंटरनेशनल इवेंट को बखूबी कवर किया और नई सचें सीखने में हमेशा रुचि रखते हैं। क्रिकेट पढ़ने लिखने के अलावा खुद खेलना भी पंसद करते हैं। इसके अलावा किताबें पढ़ना भी पंसद है।
और पढ़ें


