Hindi Newsक्रिकेट न्यूज़Why is it difficult for Virat Kohli and Rohit Sharma to play in the 2027 World Cup Sunil Gavaskar explains the math
विराट कोहली और रोहित शर्मा का 2027 वर्ल्ड कप खेलना क्यों मुश्किल? गावस्कर ने बताया गणित

विराट कोहली और रोहित शर्मा का 2027 वर्ल्ड कप खेलना क्यों मुश्किल? गावस्कर ने बताया गणित

संक्षेप:

सुनील गावस्कर का कहना है कि वनडे में टीम इंडिया को एक युवा कप्तान की जरूरत थी। उन्होंने कहा कि वर्ल्ड कप से पहले भारत के बहुत ही कम वनडे मैच हैं। रोहित और कोहली टेस्ट और टी20 से संन्यास ले चुके हैं तो उन्हें प्रैक्टिस के लिए बहुत मैच नहीं मिलेंगे।  

Oct 06, 2025 02:57 pm ISTChandra Prakash Pandey लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share Share
Follow Us on

विराट कोहली और रोहित शर्मा टेस्ट और टी20 इंटरनेशनल से संन्यास ले चुके हैं। दोनों का फोकस सिर्फ ओडीआई पर है और लक्ष्य है 2027 का विश्व कप। हिटमैन रोहित शर्मा कभी वनडे वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम का हिस्सा नहीं रहे हैं। वह अपनी कप्तानी में भारत को टी20 वर्ल्ड कप और चैंपियंस ट्रॉफी जिता चुके हैं। 2023 के वर्ल्ड कप में टीम इंडिया सिर्फ 1 मैच हारी थी और वो था फाइनल।

रोहित शर्मा के वनडे खेलना जारी रखने के पीछे शायद वही कसर रही होगी जिसे 2027 में वह दूर करना चाहते हैं। लेकिन महान बल्लेबाज सुनील गावस्कर का कहना है कि रोहित शर्मा का अगला वनडे वर्ल्ड कप खेलना मुश्किल है। उन्होंने इसके पीछे जो तर्क दिया है वो तो कोहली पर भी लागू होगा यानी उनका भी 2027 का वर्ल्ड कप खेलना संदिग्ध है।

टीम इंडिया के ऑस्ट्रेलिया दौरे का क्रिकेट फैंस को बेसब्री से इंतजार है। वजह ये है कि वाइट बॉल क्रिकेट के दो सुपर स्टार विराट कोहली और रोहित शर्मा लंबे समय बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलते नजर आएंगे। भारत का ऑस्ट्रेलिया दौरा 19 अक्टूबर से 8 नवंबर तक चलेगा। इस दौरान दोनों टीमें 3 ओडीआई और 5 टी20 इंटरनेशनल मैच खेलेंगी।

टीम का ऐलान हुआ तो दोनों टीम में थे लेकिन वनडे के इतिहास में भारत के सबसे सफल कप्तान रोहित शर्मा से कप्तानी छीन ली गई। शुभमन गिल को कप्तानी सौंपी गई। मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि कप्तानी से हटाने के बारे में हिटमैन को पहले ही बताया जा चुका था। पिछले 3 आईसीसी टूर्नामेंट वनडे वर्ल्ड कप, टी20 वर्ल्ड कप और चैंपियंस ट्रॉफी में सिर्फ 1 मैच हारने वाले और दो टूर्नामेंट में खिताब जीतने वाले कप्तान से कप्तानी छीन ली गई।

सुनील गावस्कर चयनकर्ताओं के इस फैसले से इत्तेफाक रखते हैं। वह रोहित शर्मा को हटाकर शुभमन गिल को वनडे की कप्तानी दिए जाने का पुरजोर समर्थन करते हैं। स्पोर्ट्स तक से बातचीत में गावस्कर ने इसकी वजह बताई। साथ में यह भी बताया कि क्यों 2027 वर्ल्ड में रोहित शर्मा का खेलना मुश्किल है।

गिल को कप्तान बनाए जाने पर गावस्कर ने कहा, 'मैं चयन समिति से यहां सहमत हूं क्योंकि हमें 2027 के वर्ल्ड कप की ओर देखने की जरूरत है। हमें एक युवा कप्तान की जरूरत है क्योंकि हमें नहीं पता कि रोहित वर्ल्ड कप खेलने के लिए फिट होंगे भी या नहीं।'

गावस्कर ने इसकी वजह समझाते हुए कहा, 'वह (रोहित शर्मा) सिर्फ वनडे फॉर्मेट में ऐक्टिव हैं और वह पहले ही टेस्ट और टी20 इंटरनेशनल दोनों से संन्यास ले चुके हैं। और अगर हम इंटरनेशनल कैलेंटर को देखें तो हम पाएंगे कि भारत टेस्ट और टी20 के मुकाबले बहुत कम ओडीआई खेलागा। अगर रोहित विश्व कप से पहले 5 से 7 मैच खेल भी लें तो एक बड़े टूर्नामेंट के लिहाज से जिस तरह की प्रैक्टिस की जरूरत होती है, वो उन्हें नहीं मिल पाएगी।'

उन्होंने आगे कहा, 'दक्षिण अफ्रीका में होने वाले वर्ल्ड कप से पहले हम करीब 20 ओडीआई खेलेंगे और विश्व कप ही हमारा लक्ष्य है। हम जो भी मैच खेलेंगे और उनमें हिस्सा लेने वाले सभी खिलाड़ियों की कोशिश वर्ल्ड कप से पहले अपना बेस्ट देकर शानदार सीजन बनाने की होगी।'

गावस्कर ने कहा कि विराट कोहली और रोहित शर्मा अगर 2027 वर्ल्ड कप खेलना चाहते हैं तो उन्हें डोमेस्टिक क्रिकेट में खेलना चाहिए।

Chandra Prakash Pandey

लेखक के बारे में

Chandra Prakash Pandey
चन्द्र प्रकाश पाण्डेय टीवी पत्रकारिता से शुरुआत। न्यूज24, हमार टीवी, श्री न्यूज, फोकस न्यूज और न्यूज वर्ल्ड इंडिया में अलग-अलग भूमिकाओं के बाद 2016 में नवभारत टाइम्स.कॉम के साथ डिजिटल पारी का आगाज। देश, दुनिया, राजनीति, खेल, अदालत, अपराध से जुड़ीं खबरों पर लेखन। एनबीटी में करीब 9 साल की शानदार पारी के बाद मार्च 2025 से लाइव हिंदुस्तान का हिस्सा और स्पोर्ट्स डेस्क इंचार्ज। मूल रूप से यूपी के देवरिया के निवासी। सीखने और समझने के सतत क्रम में भरोसा। और पढ़ें
लेटेस्ट क्रिकेट न्यूज, लाइव स्कोर, क्रिकेट शेड्यूल, T20 वर्ल्ड कप 2026, T20 वर्ल्ड कप 2026 शेड्यूल और T20 वर्ल्ड कप 2026 प्वाइंट टेबल की पूरी जानकारी और खिलाड़ियों के आंकड़े हिंदी में पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें।