संजीव गोयनका क्यों अपने कप्तान के साथ करते हैं ऐसा बर्ताव? बाकी फ्रेंचाइजी भी हारती है
यह पहला मौका नहीं है जब संजीव गोयनका की अपने कप्तान के साथ तकरार हुई हो। पहले भी वह अपने कप्तानों के साथ ऐसा बर्ताव करते रहे हैं। इस लिस्ट में केएल राहुल और एमएस धोनी का नाम भी शामिल है।

लखनऊ सुपर जाएंट्स के मालिक संजीव गोयनका एक बार सुर्खियां बटौर रहे हैं। दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ आईपीएल 2026 का पहला मुकाबला हारने के बाद संजीव गोयनका कप्तान ऋषभ पंत और कुछ सपोर्ट स्टाफ के साथ चर्चा करते हुए नजर आए। यह चीज कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। फैंस इसे केएल राहुल के साथ जोड़कर देख रहे हैं। संजीव गोयनका और केएल राहुल के बीच भी आईपीएल 2024 के दौरान कुछ ऐसी ही चर्चा हुई थी, उस दौरान केएल राहुल काफी नाखुश नजर आ रहे थे। इसका नतीजा यह रहा कि राहुल ने अगले सीजन एलएसजी का साथ छोड़ा और फिर दिल्ली कैपिटल्स ने उन्हें अपनी टीम में शामिल कर लिया। अब ऋषभ पंत की संजीव गोयनका से क्या बात हुई यह तो साफ नहीं है, मगर अगर मामला गंभीर है तो यह जरूर चिंता का विषय है।
यह पहला मौका नहीं है जब संजीव गोयनका की अपने कप्तान के साथ तकरार हुई हो। पहले भी वह अपने कप्तानों के साथ ऐसा बर्ताव करते रहे हैं।
संजीव गोयनका ने एमएस धोनी को कप्तानी से हटाया
सबसे पहली घटना भारत की लीजेंड कप्तान एमएस धोनी के साथ हुई थी। 2016-17 में जब चेन्नई सुपर किंग्स और राजस्थान रॉयल्स बैन हुई थी तो संजीव गोयनका बतौर रिप्लेसमेंट पुणे सुपर जाएंट्स को लेकर आईपीएल में उतरे थे।
2016 सीजन पुणे की टीम के लिए बेहद निराशाजनक रहा था, उस सीजन में कप्तान एमएस धोनी थे। मगर अगले सीजन गोयनका ने धोनी को कप्तानी से हटाकर स्टीव स्मिथ को यह जिम्मेदारी सौंप दी थी। उस समय भी कई रिपोर्ट्स आई थी कि गोयनका और धोनी के बीच तकरार हुई है, जिस वजह से ऐसा फैसला लिया गया है।
2017 में जरूर पुणे सुपरजाएंट्स फाइनल में पहुंची, मगर वहां उन्हें रोहित शर्मा की अगुवाई वाली मुंबई इंडियंस के हाथों 1 रन से हार का सामना करना पड़ा था।
केएल राहुल के साथ किया बुरा बर्ताव
कट टू 2022…आईपीएल में दो नई टीम गुजरात टाइटंस और लखनऊ सुपर जाएंट्स की एंट्री हुई। संजीव गोयनका अपनी नई टीम एलएसजी को लेकर मैदान पर उतरे। केएल राहुल को उन्होंने टीम का कप्तान बनाया। पहले दो सीजन टीम का प्रदर्शन लाजवाब रहा। लखनऊ सुपर जाएंट्स 2022 और 2023 में प्लेऑफ तक पहुंची। मगर जब 2024 में उनके प्रदर्शन में भारी गिरावट आई तो मालिक संजीव गोयनका का पुराना रूप सामने आया।
बीच मैदान पर गोयनका केएल राहुल को डांटते दिखे, राहुल के चहरे पर निराशा साफ दिखाई दे रही थी। इसके बाद हुआ वही जिसका हर किसी को डर था। राहुल ने लखनऊ सुपर जाएंट्स का साथ छोड़ दिया।
2025 में ऋषभ पंत बने टीम के कप्तान
केएल राहुल के जाने के बाद लखनऊ सुपर जाएंट्स ने 27 करोड़ की रिकॉर्डतोड़ बोली लगाकर ऋषभ पंत को अपनी टीम में शामिल किया। हालांकि फैंस को डर यही था कि कहीं गोयनका पंत के साथ भी धोनी और राहुल जैसा बर्ताव ना करे। ऋषभ पंत की कप्तानी में लखनऊ का पहला सीजन निराशाजनक रहा। 14 में से 8 हार के साथ एलएसजी ने 7वें पायदान पर रहते हुए सीजन का अंत किया। उस दौरान तो संजीव गोयनका का बर्ताव ऋषभ पंत के साथ ठीक था, मगर 2026 का पहला मैच हारते ही सब बिगड़ गया।
संजीव गोयनका कैमरा में पंत और सपोर्ट स्टाफ के साथ बातचीत करते हुए नजर आए। इस बातचीत को फैंस केएल राहुल के साथ जोड़कर देख रहे हैं। क्रिकेट के गलियारों में बातें हो रही है कि क्या पंत भी तो अब एलएसजी का साथ नहीं छोड़ देंगे?
कुछ फैंस का कहना है कि गोयनका को अगर अपने कप्तान और सपोर्ट स्टाफ के साथ बता करनी है तो वह बीच मैदान की जगह ड्रेसिंग रूम में भी कर सकते हैं, जिससे टीम की इमेज पर असर ना पड़े।
और भी टीमें हारती है मैच
ऐसा नहीं है कि लखनऊ सुपर जाएंट्स को ही आईपीएल में सिर्फ हार का सामना करना पड़ता है। दिल्ली कैपिटल्स और पंजाब किंग्स दो ऐसी टीमें हैं जो टूर्नामेंट की शुरुआत से ही रंगारंग लीग का हिस्सा हैं और उन्होंने कभी आईपीएल का खिताब नहीं जीता है। पंजाब किंग्स तो कई मौकों पर आईपीएल 2026 पॉइंट्स टेबल के बॉटम 2 में रही है। मगर उनकी मालकिन प्रीति जिंटा को कभी मैदान पर अपने खिलाड़ियों के साथ ऐसा बर्ताव नहीं करता देखा गया। प्रीति जिंटा अपनी टीम के लगभग-लगभग हर मैच में मौजूद होती है। अगर टीम हार भी जाती है तो भी वह मैदान पर अपने खिलाड़ियों को हौसला बढ़ाते हुए नजर आती है। संजीव गोयनका को भी मैदान के अंदर अपनी टीम और कप्तान को ऐसे मोटिवेट करने की जरूरत है। खुलेआम मैदान पर इस तरह की बातचीत कप्तान के मनोबल और टीम की इमेज पर बुरा असर डालती है।
लेखक के बारे में
Lokesh Kheraलोकेश खेड़ा लाइव हिन्दुस्तान में बतौर डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर काम कर रहे हैं। हिंदी पत्रकारिता में इन्हें एक दशक से भी अधिक का अनुभव है। बचपन की अपनी रुचि को प्रोफेशनल करियर में तबदील करते हुए 2018 में बतौर खेल पत्रकार अपना सफर शुरू किया। क्रिकेट के साथ बॉक्सिंग, कबड्डी, बैडमिंटन, हॉकी, एथलेटिक्स समेत तमाम खेलों को बारीकी से कवर करते हैं। क्रिकेट टुडे के साथ उनकी पारी का आगाज हुआ, जहां उन्होंने वेबसाइड के साथ मैगजीन के लिए काम किया। इसके बाद वह इंडिया टीवी के साथ जुड़े और वहां तीन साल अपनी सेवाएं दी। इस दौरान ओलंपिक, कॉमनवेल्थ गेम्स, 2019 वनडे वर्ल्ड कप और 2021 टी20 वर्ल्ड कप जैसे तमाम इवेंट कवर किए और कई इंटरव्यू भी लिए, जिसमें दानिश कनेरिया और चेतन साकारिया जैसे इंटरनेशनल स्टार शामिल हैं। लाइव हिन्दुस्तान के साथ वह फरवरी 2022 जुड़े। यहां भी उन्होंने कॉमनवेल्थ, ओलंपिक, 2023 वनडे वर्ल्ड कप, 2024 टी20 वर्ल्ड कप, 2025 चैंपियंस ट्रॉफी जैसे बड़े-बड़े इंटरनेशनल इवेंट को बखूबी कवर किया और नई सचें सीखने में हमेशा रुचि रखते हैं। क्रिकेट पढ़ने लिखने के अलावा खुद खेलना भी पंसद करते हैं। इसके अलावा किताबें पढ़ना भी पंसद है।
और पढ़ें


