टीम इंडिया क्यों बनी T20 वर्ल्ड कप की सरताज? शाहिद अफरीदी ने किया एक्सपर्ट एनालिसिस
भारत ने पूरे दबदबे के साथ टी20 विश्व कप 2026 का खिताब अपने नाम किया। टीम इंडिया ने जिस अंदाज में वर्ल्ड कप खेला, उसकी दुनियाभर में जबरदस्त तारीफ हो रही है। यहां तक कि पाकिस्तान के कई क्रिकेट एक्सपर्ट टीम इंडिया का गुणगान कर रहे हैं। पूर्व ऑलराउंडर शाहिद अफरीदी भी टीम इंडिया के कायल हो चुके हैं।

भारत ने पूरे दबदबे के साथ टी20 विश्व कप 2026 का खिताब अपने नाम किया। टीम इंडिया ने जिस अंदाज में वर्ल्ड कप खेला, उसकी दुनियाभर में जबरदस्त तारीफ हो रही है। यहां तक कि पाकिस्तान के कई क्रिकेट एक्सपर्ट और पूर्व क्रिकेटर टीम इंडिया का गुणगान कर रहे हैं। पूर्व ऑलराउंडर शाहिद अफरीदी भी टीम इंडिया के कायल हो चुके हैं। उन्होंने भारत के लगातार दूसरी बार चैंपियन बनने की असल वजहों का विश्लेषण किया है।
दक्षिण अफ्रीका से हार के बाद भारत का खतरनाक अवतार
पूरे टूर्नामेंट में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ एक सुपर 8 मुकाबले को छोड़कर टीम ने हर मैच में विपक्षी टीम को चारों खाने चित किया। उस एक हार ने तो जैसे टीम इंडिया के सोए शेरों को जगा दिया था। उसके बाद तो वर्चुअल क्वार्टरफाइनल सरीखे वेस्टइंडीज मैच में टी20 विश्व कप के इतिहास का अपना सबसे बड़ा सफल रन चेज करके दिखा दिया। इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल आया तो पहले बल्लेबाजी करते हुए 250+ रन कूट डाले।
फाइनल में तो टीम और भी खतरनाक अवतार में दिखी। 250+ रन तो कूटा ही, जसप्रीत बुमराह की अगुआई में भारतीय गेंदबाजों ने सुनिश्चित किया कि न्यूजीलैंड उस अंदाज में रन चेज न कर पाए जिस अंदाज में सेमीफाइनल में इंग्लैंड ने किया था। 7 रन से सेमीफाइनल जीतने वाली टीम इंडिया ने 96 रन से फाइनल जीता।
अफरीदी ने बेंच स्ट्रेंथ की तारीफ की
शाहिद अफरीदी ने एक्स पर पोस्ट अपने एक वीडियो में कहा, ‘वर्ल्ड कप खत्म हो चुका है। मुझे लगता है कि भारतीय टीम खिताब की हकदार थी ही। उनके पास जबरदस्त टीम कॉम्बिनेशन है। बेंच पर बैठने वाले खिलाड़ी भी उतने ही अच्छे हैं जितनी प्लेइंग इलेवन है। इसीलिए मैं कहता हूं कि आपकी बेंच मजबूत होनी चाहिए। भारत की बेंच बहुत मजबूत थी। वे उनमें से किसी को भी चुन सकते थे और सीधे प्लेइंग इलेवन में रख सकते थे। उन्होंने पूरा टूर्नामेंट चैंपियन की तरह खेला।’
शाहिद अफरीदी अक्सर भारत के खिलाफ जहर उगलने के लिए कुख्यात रहे हैं। इस वजह से उनका एक्स अकाउंट भारत में प्रतिबंधित है। उनके अकाउंट पर वो वीडियो तो भारत से नहीं देखा जा सकता कि तमाम दूसरे एक्स यूजर ने उस वीडियो को सोशल मीडिया पर शेयर किया है, जिसे देखा जा सकता है।
संजू सैमसन, जसप्रीत बुमराह पर लट्टू हुए अफरीदी
वीडियो में अफरीदी टी20 विश्व कप के प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट संजू सैमसन पर लट्टू होते नजर आ रहे हैं। वह कहते हैं, 'संजू सैमसन शानदार रहे। उन्हें मौका मिला और उन्होंने सोचसमझकर हिट किया और पारी खड़ी की। अभिषेक शर्मा ने भी अच्छा प्रदर्शन किया। ईशान किशन ने भी जबरदस्त खेला, वैसे ही जैसे उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ खेला था। जसप्रीत बुमराह तो उनकी गेंदबाजी की रीढ़ है जो अपने दमदार प्रदर्शनों की बदौलत लंबे समय से भारत की उम्मीदें पूरी कर रहे हैं। चाहे नई गेंद हो या पुरानी, धीमी गेंद हो या यॉर्कर, मेरी राय में वह सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजों में से एक हैं।'
न्यूजीलैंड के खिलाफ फाइनल में जसप्रीत बुमराह ने 4 ओवर में सिर्फ 15 रन देकर 4 विकेट चटकाए। इस धांसू प्रदर्शन की बदौलत वह प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए।
लेखक के बारे में
Chandra Prakash Pandeyचन्द्र प्रकाश पाण्डेय वर्तमान में लाइव हिंदुस्तान में स्पोर्ट्स सेक्शन के इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में करीब दो दशक का अनुभव रखने वाले चन्द्र प्रकाश को जटिल विषयों का सरल विश्लेषण करने में महारत हासिल है। बचपन में न्यूज के प्रति ऐसा प्रेम हुआ कि रात में रेडियो पर न्यूज बुलेटिन के दौरान पढ़ाई-लिखाई का अभिनय करते लेकिन कान और दिल-दिमाग ध्वनि तरंगों पर अटका रहता। तब क्या पता था कि आगे चलकर न्यूज की दुनिया में ही रचना-बसना है। रेडियो में कभी काम तो नहीं किया लेकिन उस विधा के कुछ दिग्गज प्रसारकों संग टीवी न्यूज की दुनिया में कदमताल जरूर किया। चन्द्र प्रकाश पाण्डेय ने टीवी पत्रकारिता से शुरुआत की। पेशे में पहला दशक टीवी न्यूज के ही नाम रहा जहां उन्होंने 'न्यूज24', 'श्री न्यूज', 'फोकस न्यूज', 'न्यूज वर्ल्ड इंडिया' और भोजपुरी न्यूज चैनल 'हमार टीवी' में अलग-अलग समय पर अलग-अलग भूमिकाएं निभाई। इस दौरान डेली न्यूज शो के साथ-साथ 'विनोद दुआ लाइव: आजाद आवाज' जैसे कुछ स्पेशल शो के लिए भी लेखन किया। अगस्त 2016 में उन्होंने 'नवभारत टाइम्स' के साथ डिजिटल जर्नलिज्म की दुनिया में कदम रखा। NBT में उन्होंने नेशनल, इंटरनेशनल, पॉलिटिक्स, जियोपॉलिटिक्स, क्राइम, स्पोर्ट्स, कोर्ट से जुड़ी खबरों का लेखन-संपादन किया। इस दौरान उन्होंने लोकसभा और विधानसभा चुनावों समेत महत्वपूर्ण विषयों पर कई स्पेशल सीरीज भी लिखी जिनमें लीगल न्यूज एक्सप्लेनर्स 'हक की बात' की एक लंबी श्रृंखला भी शामिल है। मार्च 2025 से वह लाइव हिंदुस्तान में शब्दाक्षरों के चौके-छक्के जड़ रहे हैं।
चन्द्र प्रकाश पाण्डेय मूल रूप से यूपी के देवरिया के रहने वाले हैं। गांव की मिट्टी में पलते-बढ़ते, खेत-खलिहान में खेलते-कूदते इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई की। उसके बाद मैथमेटिक्स का छात्र 'राजनीति कला है या विज्ञान?' में उलझ गया। बी.ए. और बी. एड. की पढ़ाई के बाद पत्रकारिता की ओर रुझान बढ़ा और मॉस कम्यूनिकेशंस में मास्टर्स किया। अभी भी सीखने-समझने का सतत क्रम जारी है।
और पढ़ें


