किस खिलाड़ी को 'राष्ट्रीय धरोहर' मानते हैं सूर्यकुमार यादव? कप्तान ने कहा- उन्हें पता है कि...
भारतीय टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव स्टार पेसर जसप्रीत बुमराह को 'राष्ट्रीय धरोहर' मानते हैं। उन्होंने टी20 वर्ल्ड कप 2026 जीतने के बाद बुमराह की शान में कसीदा पढ़ा। बुमराह ने फाइनल में चार शिकार किए।

भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप खिताब जीतने के बाद जसप्रीत बुमराह को उनकी शानदार गेंदबाजी के लिए 'राष्ट्रीय धरोहर' करार दिया जो इस करिश्माई तेज गेंदबाज के लिए सबसे उपयुक्त उपमा मानी जा सकती है। न्यूजीलैंड के खिलाफ 96 रन से जीत के साथ भारत पुरुष क्रिकेट में लगातार विश्व टी20 खिताब जीतने वाली पहली टीम बन गई और साथ ही घरेलू मैदान पर ट्रॉफी जीतने वाली भी पहली टीम बनी।
सूर्यकुमार ने मैच के बाद पुरस्कार वितरण समारोह में कहा, ''बुमराह एक पीढ़ी में एक बार आने वाले गेंदबाज हैं। मैं उन्हें राष्ट्रीय धरोहर कह सकता हूं। उन्हें पता है कि विकेट कैसे झटके जा सकते हैं, वह इस खेल के सबसे बेहतरीन खिलाड़ी हैं।'' बुमराह ने फाइनल में चार ओवर में 15 रन देकर चार विकेट झटककर शानदार गेंदबाजी की और न्यूजीलैंड को 159 रन पर आउट करने में अहम भूमिका निभाई। उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड से नवाजा गया।
सूर्यकुमार ने कहा, ''मुझे लगता है अभी थोड़ा समय लगेगा, लेकिन मैं निश्चित रूप से बहुत खुश हूं। यह लंबा सफर रहा है। यह 2024 विश्व कप के बाद शुरू हुआ। जय शाह, रोहित भाई, उन्होंने मुझमें विश्वास दिखाया और मुझे नेतृत्व करने का मौका दिया। वहां से यह लंबा सफर रहा और यहां आकर जीत हासिल करना सुखद है।'' कप्तान ने अपने खिलाड़ियों की जमकर प्रशंसा की जिन्होंने टीम को अभूतपूर्व सफलता दिलाने में मदद की।
उन्होंने कहा, ''पिछले दो साल में हमने अच्छा क्रिकेट खेला है और हम बस 2024 विश्व कप में अपनाई गई आदतों का पालन करना चाहते थे। लड़कों ने इसे बहुत अच्छी तरह से अपनाया।'' खिलाड़ियों पर भरोसा बनाए रखने के बारे में मुम्बई के इस खिलाड़ी ने कहा, ''मुझे लगता है कि यह समझना बहुत जरूरी है कि वे किसमें सक्षम हैं। और मुझे पता था कि उनमें मैच जिताने की काबिलियत है। समय बिल्कुल सही था। संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा शीर्ष खिलाड़ी हैं और हमें पता था कि वे कुछ खास करेंगे, और उन्होंने फाइनल में ऐसा ही किया।''
तिलक वर्मा ने जैसे ही जैकब डफी का कैच लपककर टी20 विश्व कप में भारत की खिताबी जीत पर मुहर लगाई, कप्तान सूर्यकुमार के चेहरे पर एक शरारती मुस्कान दौड़ गई। कई मिथक तोड़कर मिली खिताबी जीत की मुस्कान। यह मुस्कान उस कप्तान की थी जिसने बतौर बल्लेबाज खराब प्रदर्शन के लिए आलोचना झेलने के बावजूद खिताबी जीत दिलाकर आलोचकों का मुंह बंद किया। वैसे जीत हो या हार, सूर्यकुमार भावनाओं पर काबू रखना बखूबी जानते हैं।
लेखक के बारे में
Md.Akramमोहम्मद अकरम: खेल पत्रकार
परिचय: मोहम्मद अकरम 10 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रॉड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें खेल और राजनीति की दुनिया में गहरी दिलचस्पी है। क्रिकेट और अन्य खेलों से जुड़े अपडेट्स, मैच एनालिसिस और स्टोरी रिसर्च बखूबी अंजाम देते हैं। अकरम का मानना है कि खेल पत्रकारिता सिर्फ स्कोर बताने तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल की भावना, खिलाड़ियों की मेहनत और उससे जुड़ी कहानियों को सामने लाना भी उतना ही जरूरी है।
अनुभव: अकरम को कंटेंट रिसर्च, स्क्रिप्ट राइटिंग, स्टोरीटेलिंग और एडिटिंग का अच्छा अनुभव है। 2016 में अमर उजाला की ओर से पत्रकारिता में डेब्यू किया। 2019 में टाइम्स नाउ से जुड़े और पांच साल यहां रहे। साल 2022 से लाइव हिंदुस्तान का हिस्सा हैं। डिजिटल मीडिया के बदलते ट्रेंड्स, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और ऑडियंस बिहेवियर को समझकर कंटेंट तैयार करते हैं, जो प्रभावशाली हो। ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियन गेम्स, क्रिकेट वर्ल्ड कप और आईपीएल जैसे इवेंट कवर किए हैं।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि: अकरम ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से बी.ए. (ऑनर्स) मास मीडिया और आईआईएमसी से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है। शैक्षणिक पृष्ठभूमि और प्रोफेशनल अनुभव ने अकरम को मीडिया की बुनियादी समझ के साथ-साथ प्रैक्टिकल अप्रोच भी दी है। सीखते रहना और खुद को लगातार अपडेट करना प्रोफेशनल आदतों में शामिल है।
विशेषज्ञता:
मैचों की लाइव कवरेज और एनालिसिस
स्टैट्स बेस्ड दिलचस्पी स्टोरीज
हेडलाइन फ्रेमिंग और कॉपी एडिटिंग में मजबूत पकड़
डेडलाइन मैनेजमेंट और हाई-प्रेशर सिचुएशन में सटीक निर्णय



