शुभमन गिल को क्यों नहीं मिली टी20 टीम में जगह? कुछ समय पहले थे कप्तानी के दावेदार; सामने आई बड़ी वजह
शुभमन गिल का चयन आयरलैं-इंग्लैंड दौरे के लिए भारतीय टीम में क्यों नहीं हुआ? आईपीएल 2026 में तो उन्होंने 700 से अधिक रन बनाए थे। इसकी बड़ी वजह सामने आई है। बीसीसीआई ने गिल को एक मैसेज दिया है।

चयन समिति ने टेस्ट और वनडे कप्तान शुभमन गिल से कहा है कि वह 2027 वनडे विश्व कप चक्र तक लाल गेंद और 50 ओवर के क्रिकेट को प्राथमिकता दें ताकि वे आगे के बड़े टूर्नामेंट के लिए तरोताजा रहें। शनिवार को ब्रिटेन दौरे और एशियाई खेलों के लिए टी20 टीम का ऐलान किया गया और भारतीय टेस्ट कप्तान गिल को इसमें शामिल नहीं किया गया क्योंकि उनके पास व्यस्त कैलेंडर में दो बड़े आईसीसी टूर्नामेंट हैं। गिल ने हाल में खत्म हुए आईपीएल में 163 से ज्यादा के स्ट्राइक-रेट से 732 रन (उनके सभी सत्र में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन) बनाए। लेकिन संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा, ईशान किशन और वैभव सूर्यवंशी के टीम में होने के कारण किसी और अच्छे शीर्ष क्रम बल्लेबाज को शामिल करना मुश्किल है।
बीसीसीआई के एक सूत्र ने पीटीआई से कहा, ''चयनकर्ताओं को चिंता है कि गिल को थकान (बर्न-आउट) की समस्या नहीं हो।''
भारतीय क्रिकेट टीम का अगले 18 महीने का कार्यक्रम ऐसा है कि तीनों प्रारूप में खेलने पर तरोताजा रहना लगभग नामुमकिन है।
उन्होंने कहा, ''गिल को 2027 विश्व कप शुरू होने से पहले नौ डब्ल्यूटीसी टेस्ट में भारत की कप्तानी करनी है और लगभग 35 वनडे भी खेलने हैं। बात साफ है कि उन्हें इन दो आईसीसी टूर्नामेंट के लिए फिट रहना होगा। साथ ही वह आईपीएल भी खेलेंगे जहां वे गुजरात टाइटन्स की कप्तानी करते हैं। ''
हालांकि गिल अभी टी20 योजनाओं का हिस्सा नहीं हैं, लेकिन उम्मीद है कि 2028 लॉस एंजिल्स ओलंपिक या ऑस्ट्रेलिया में होने वाले टी20 विश्व कप से पहले वह फिर से दावेदारी में आ जाएंगे।
उन्होंने कहा, ''2028 में होने वाले दो बड़े टी20 टूर्नामेंट के लिए अभी काफी समय है। गिल के लिए फोकस निकट भविष्य पर है। दो साल बाद कोई नहीं जानता कि कौन सा खिलाड़ी किस तरह की फॉर्म और फिटनेस में होगा। इसलिए 2027 वनडे विश्व कप तक यही योजना है। ‘’
लेखक के बारे में
Lokesh Kheraलोकेश खेड़ा लाइव हिन्दुस्तान में बतौर डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर काम कर रहे हैं। हिंदी पत्रकारिता में इन्हें एक दशक से भी अधिक का अनुभव है। बचपन की अपनी रुचि को प्रोफेशनल करियर में तबदील करते हुए 2018 में बतौर खेल पत्रकार अपना सफर शुरू किया। क्रिकेट के साथ बॉक्सिंग, कबड्डी, बैडमिंटन, हॉकी, एथलेटिक्स समेत तमाम खेलों को बारीकी से कवर करते हैं। क्रिकेट टुडे के साथ उनकी पारी का आगाज हुआ, जहां उन्होंने वेबसाइड के साथ मैगजीन के लिए काम किया। इसके बाद वह इंडिया टीवी के साथ जुड़े और वहां तीन साल अपनी सेवाएं दी। इस दौरान ओलंपिक, कॉमनवेल्थ गेम्स, 2019 वनडे वर्ल्ड कप और 2021 टी20 वर्ल्ड कप जैसे तमाम इवेंट कवर किए और कई इंटरव्यू भी लिए, जिसमें दानिश कनेरिया और चेतन साकारिया जैसे इंटरनेशनल स्टार शामिल हैं। लाइव हिन्दुस्तान के साथ वह फरवरी 2022 जुड़े। यहां भी उन्होंने कॉमनवेल्थ, ओलंपिक, 2023 वनडे वर्ल्ड कप, 2024 टी20 वर्ल्ड कप, 2025 चैंपियंस ट्रॉफी जैसे बड़े-बड़े इंटरनेशनल इवेंट को बखूबी कवर किया और नई सचें सीखने में हमेशा रुचि रखते हैं। क्रिकेट पढ़ने लिखने के अलावा खुद खेलना भी पंसद करते हैं। इसके अलावा किताबें पढ़ना भी पंसद है।
और पढ़ें


