मेरा नहीं, बुमराह का प्लेयर ऑफ द मैच पर हक... सेमीफाइनल के बाद संजू सैमसन ने दिखाई दिलेरी
संजू सैमसन इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए। उन्होंने 89 रनों की तूफानी पारी खेली। हालांकि, सैमसन ने जसप्रीत बुमराह को अवॉर्ड का हकदार करार दिया।

भारत के विकेटकीपर संजू सैमसन ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में कमाल की बल्लेबाजी की। उन्होंने 42 गेंदों में 8 चौकों और सात छक्कों की मदद से 89 रनों की पारी खेली। सैमसन की पारी के दम पर भारतीय टीम ने मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में 253/7 का विशाल स्कोर बनाया। जवाब में इंग्लैंड ने शानदार बैटिंग की और सात विकेट पर 246 रन जुटाए। डिफेंडिंग चैंपियन भारत ने 7 रन से करीबी जीत दर्ज की और फाइनल में जगह बनाई। सैमसन को शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड से नवाजा गया। हालांकि, सैमसन खुद को इस अवॉर्ड का हकदार नहीं समझते। उन्होंने दिलेरी दिखाते हुए कहा कि तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को प्लेयर ऑफ द मैच चुना जाना चाहिए था। बुमराह ने चार ओवर के स्पेल में 33 रन देकर कप्तान हैरू ब्रूक (7) के रूप में एक विकेट चटकाया। उन्होंने 18वें ओवर में महज 6 रन दिए, जिससे इंग्लैंड पर काफी दबाव पड़ा।
सैमसन लगातार दूसरे मुकाबले में प्लेयर ऑफ द मैच बने हैं। उन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ सुपर-8 मैच में नाबाद 97 रन बनाकर यह अवॉर्ड जीता था। सैमसन ने सेमीफाइनल के बाद कहा, ''ऐसी पारी खेलने के बाद बहुत अच्छा लग रहा है। पिछले मैच अच्छी लय में हैं तो मैंने सोचा कि मुझे इसे जारी रखना चाहिए। मैंने खुद को एक्स्ट्रा टाइम दिया। मैंने अपनी पारी को थोड़ा कैलकुलेट किया। मैंने अच्छी तैयारी की और चीजें अच्छी रहीं। शुरुआत में थोड़ा लकी रहा और फिर मैं बस आगे बढ़ना चाहता था। वानखेड़े में कोई भी स्कोर छोटा है। इसलिए मैं बस ज्यादा से ज्यादा रन बनाना चाहता था। यहां 250 का स्कोर भी चेज किया जा सकता है और इंग्लैंड ने बहुत अच्छा खेला। उनकी बैटिंग को क्रेडिट जाता है और हमारा सेमीफाइनल वाकई बहुत अच्छा रहा।''
उन्होंने आगे कहा, ''हमने वानखेड़े में बहुत क्रिकेट खेला है। यहां चेज करना आसान होता है। इंग्लैंड ने टॉस जीतकर हमें बैटिंग के लिए उतारा। जिस तरह से मैंने और ईशान ने बैटिंग की, अभिषेक के आउट होने के बाद जो पार्टनरशिप हुई मुझे लगा कि यहां 250 रन बन सकते हैं। हम ड्रेसिंग रूम में भी इसी बारे में बात कर रहे थे। ऐसे में भारतीय टीम ने जैसा खेला, उससे बहुत खुश हूं। इसका सारा क्रेडिट जसप्रीत बुमराह को जाता है, जो वर्ल्ड क्लास बॉलर हैं। उनके जैसे खिलाड़ी पीढ़ी में एक बार आते हैं। उन्होंने आज यही दिखाया। यह अवार्ड असल में उन्हें मिलना चाहिए। अगर हमने डेथ ओवर्स में वैसी बॉलिंग नहीं की होती तो मुझे लगता है कि मैं यहां खड़ा नहीं होता। सारा क्रेडिट बॉलर्स को जाता है, उन्होंने मुश्किल हालात में खुद पर भरोसा दिखाया और परफॉर्म किया।''
सैमसन ने शतक से चूकने पर कहा, ''मुझे नहीं लगता कि यह मायने रखता है। शतक सोचकर नहीं बनाया जाता बल्कि प्रोसेस में आता है। यह कोई टेस्ट या वनडे मैच नहीं है, जहां आप ऊपर-नीचे कर सकें। जब आप पहले बैटिंग करते हैं और एक बार आपको शुरुआत मिल जाती है तो तो फिर रुकना नहीं होता। आपको लगातार आक्रामक खेलना होता है। जब अंत में आप सही स्थिति में पहुंच जाते हैं तो कौन जानता है कि कितने रन बन जाएं। इसलिए मुझे जो भी मिल रहा है, मैंने जितने भी रन बनाए हैं, उससे मैं बहुत खुश हूं। अपनी टीम की जीत में योगदान देकर खुश हूं।''
लेखक के बारे में
Md.Akramमोहम्मद अकरम: खेल पत्रकार
परिचय: मोहम्मद अकरम 10 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रॉड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें खेल और राजनीति की दुनिया में गहरी दिलचस्पी है। क्रिकेट और अन्य खेलों से जुड़े अपडेट्स, मैच एनालिसिस और स्टोरी रिसर्च बखूबी अंजाम देते हैं। अकरम का मानना है कि खेल पत्रकारिता सिर्फ स्कोर बताने तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल की भावना, खिलाड़ियों की मेहनत और उससे जुड़ी कहानियों को सामने लाना भी उतना ही जरूरी है।
अनुभव: अकरम को कंटेंट रिसर्च, स्क्रिप्ट राइटिंग, स्टोरीटेलिंग और एडिटिंग का अच्छा अनुभव है। 2016 में अमर उजाला की ओर से पत्रकारिता में डेब्यू किया। 2019 में टाइम्स नाउ से जुड़े और पांच साल यहां रहे। साल 2022 से लाइव हिंदुस्तान का हिस्सा हैं। डिजिटल मीडिया के बदलते ट्रेंड्स, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और ऑडियंस बिहेवियर को समझकर कंटेंट तैयार करते हैं, जो प्रभावशाली हो। ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियन गेम्स, क्रिकेट वर्ल्ड कप और आईपीएल जैसे इवेंट कवर किए हैं।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि: अकरम ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से बी.ए. (ऑनर्स) मास मीडिया और आईआईएमसी से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है। शैक्षणिक पृष्ठभूमि और प्रोफेशनल अनुभव ने अकरम को मीडिया की बुनियादी समझ के साथ-साथ प्रैक्टिकल अप्रोच भी दी है। सीखते रहना और खुद को लगातार अपडेट करना प्रोफेशनल आदतों में शामिल है।
विशेषज्ञता:
मैचों की लाइव कवरेज और एनालिसिस
स्टैट्स बेस्ड दिलचस्पी स्टोरीज
हेडलाइन फ्रेमिंग और कॉपी एडिटिंग में मजबूत पकड़
डेडलाइन मैनेजमेंट और हाई-प्रेशर सिचुएशन में सटीक निर्णय



