
इस महिला क्रिकेटर को हार्दिक पांड्या ने क्यों भेजा वीडियो मैसेज? बोली- बता नहीं सकती कि...
स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या ने गौतमी नाईक के लिए वीडियो मैसेज भेजा, जिसे डब्ल्यूपीएल ने सोशल मीडिया पर शेयर किया। नाईक ने गुजरात के खिलाफ मुकाबले में अर्धशतक जमाया।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) का हिस्सा गौतमी नाईक ने महिला प्रीमियर लीग (WPL) 2026 में गुजरात जायंट्स (जीटी) के खिलाफ शानदार बल्लेबाजी की। उन्होंने 55 गेंदों में 7 चौकों और एक छक्के की मदद से 77 रन बनाए। यह गौतमी की टूर्नामेंट में पहली फिफ्टी थी। उनकी अर्धशतकीय पारी के दम पर आरसीबी ने 178/6 का स्कोर बनाया और जीजी को 61 रनों से रौंदा। 27 वर्षीय ऑलराउंडर को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। मैच के बाद गौतमी को धाकड़ ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या का वीडियो मैसेज मिला, जिसने उनकी खुशी में चार चांद लगा दिए। दरअसल, हार्दिक को गौतमी अपना क्रिकेटिंग आइडल मानती हैं।
'मैं तुम्हारा क्रिकेटिंग आइडल हूं'
डब्ल्यूपीएल ने मंगलवार को हार्दिक का वीडियो मैसजे सोशल मीडिया पर शेयर किया। उन्होंने वीडियो में कहा, ''हाय गौतमी, मैं हार्दिक हूं। मुझे पता चला कि मैं तुम्हारा क्रिकेटिंग आइडल हूं। युवा क्रिकेटरों को इंस्पायर करना बहुत अच्छा लगता है। और तुम्हारी पहली फिफ्टी के लिए बहुत-बहुत बधाई। खेल को एंजॉय करो। मुझे उम्मीद है कि तुम जिंदगी में आगे जाकर अपनी फ्रेंचाइजी और देश के लिए और बेहतर करोगी। खेल से प्यार करती रहो, डिसिप्लिन में रहो और मजे एंजॉय करो।"
'बता नहीं सकती कि क्या…'
वीडियो पर रिएक्ट करते हुए गौतमी की खुशी का ठिकाना नहीं रही। उन्हें यकीन नहीं हुआ कि हार्दिक ने मैसेज भेजा। उन्होंने इसे अपनी जिंदगी की एक बड़ी उपलब्धि करार दिया। उन्होंने हार्दिक का शुक्रिया अदा किया और उनकी तारीफ की। गौतमी ने कहा,''मेरे क्रिकेटिंग आइडल हार्दिक पांड्या हैं। मैं उनकी तरह खेलना चाहती हूं। मैं हर समय उनके मैच देखती हूं, वह प्रेशर सिचुएशन में भी शांति से खेलते हैं। यह मेरा भी नेचर है। मैं खुद को उनकी तरह देखती हूं, और मैं वैसा ही खेलना चाहती हूं।" उन्होंने आगे कहा, ''आइडल की तरफ से मैसेज आया है। लाफ में कुछ तो अचीव किया। बता नहीं सकती कि क्या फील हो रहा। शुक्रिया सर।''
RCB की प्लेऑफ में हुई एंट्री
आरसीबी डब्ल्यूपीएल के मौजूदा सीजन में प्लेऑफ में पहुंचने वाली पहली टीम बन गई है। आरसीबी ने गुजरात को रौंदकर लगातार पांचवीं जीत दर्ज की। गुजरात के समने आरसीबी की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी। पहले ओवर में ग्रेस हैरिस और दूसरे ओवर में जॉर्जिया वोल पवेलियन लौट गईं, जब स्कोर नौ रन ही था। इसके बाद गौतमी ने बखूबी मोर्चा संभाला।

लेखक के बारे में
Md.Akramमोहम्मद अकरम: खेल पत्रकार
परिचय: मोहम्मद अकरम 10 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रॉड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें खेल और राजनीति की दुनिया में गहरी दिलचस्पी है। क्रिकेट और अन्य खेलों से जुड़े अपडेट्स, मैच एनालिसिस और स्टोरी रिसर्च बखूबी अंजाम देते हैं। अकरम का मानना है कि खेल पत्रकारिता सिर्फ स्कोर बताने तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल की भावना, खिलाड़ियों की मेहनत और उससे जुड़ी कहानियों को सामने लाना भी उतना ही जरूरी है।
अनुभव: अकरम को कंटेंट रिसर्च, स्क्रिप्ट राइटिंग, स्टोरीटेलिंग और एडिटिंग का अच्छा अनुभव है। 2016 में अमर उजाला की ओर से पत्रकारिता में डेब्यू किया। 2019 में टाइम्स नाउ से जुड़े और पांच साल यहां रहे। साल 2022 से लाइव हिंदुस्तान का हिस्सा हैं। डिजिटल मीडिया के बदलते ट्रेंड्स, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और ऑडियंस बिहेवियर को समझकर कंटेंट तैयार करते हैं, जो प्रभावशाली हो। ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियन गेम्स, क्रिकेट वर्ल्ड कप और आईपीएल जैसे इवेंट कवर किए हैं।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि: अकरम ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से बी.ए. (ऑनर्स) मास मीडिया और आईआईएमसी से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है। शैक्षणिक पृष्ठभूमि और प्रोफेशनल अनुभव ने अकरम को मीडिया की बुनियादी समझ के साथ-साथ प्रैक्टिकल अप्रोच भी दी है। सीखते रहना और खुद को लगातार अपडेट करना प्रोफेशनल आदतों में शामिल है।
विशेषज्ञता:
मैचों की लाइव कवरेज और एनालिसिस
स्टैट्स बेस्ड दिलचस्पी स्टोरीज
हेडलाइन फ्रेमिंग और कॉपी एडिटिंग में मजबूत पकड़
डेडलाइन मैनेजमेंट और हाई-प्रेशर सिचुएशन में सटीक निर्णय





