जहीर खान के CSK हेड कोच बनने में एमएस धोनी का दखल, IPL 2027 से पहले दिमाग में क्लियर थी ये बात

चेन्नई, भाषा
share

भारत के पूर्व दिग्गज पेसर जहीर खान को ही चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) का हेड कोच क्यों बनाया गया? जहीर की नियुक्ति में एमएस धोनी का दखल रहा। आईपीएल 2027 से पहले धोनी के दिमाग में एक बात क्लियर थी।

Zaheer Khan MS Dhoni
जहीर खान और एमएस धोनी (फाइल फोटो)

चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) ने सोमवार को आईपीएल 2027 के लिए भारत के पूर्व दिग्गज तेज गेंदबाज जहीर खान को अपना नया हेड कोच नियुक्त किया। जहीर ने स्टीफन फ्लेमिंग की जगह ली है, जिन्होंने 18 सत्र तक टीम की कमान संभाली। सीएसके ने 'एक्स' पर लिखा, "चेन्नई सुपर किंग्स के मुख्य कोच के रूप में जहीर खान का स्वागत है।" जहीर ने फ्रेंचाइजी की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा, "आईपीएल के इतिहास की सबसे सफल टीमों में से एक का हिस्सा बनना मेरे लिए सम्मान की बात है। एक क्रिकेटर के तौर पर मैंने मैदान पर सीएसके का सामना किया है और इन मुकाबलों का भरपूर आनंद लिया है। चेपॉक में टीम के 'सुपरफैंस' जिस तरह का माहौल बनाते हैं, वह इन मुकाबलों को और भी खास बना देता है।'' उन्होंने कहा, "इतिहास और समृद्ध विरासत वाली इस प्रतिष्ठित फ्रेंचाइजी का हिस्सा बनने का मुझे बेसब्री से इंतजार है।"

किसी भारतीय को सौंपना चाहते थे जिम्मेदारी

जल्द ही 48 वर्ष के होने वाले जहीर ने भारत के लिए 92 टेस्ट, 200 वनडे और 17 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं। एमएस धोनी की कप्तानी में 2011 वर्ल्ड कप में भारत की ऐतिहासिक खिताबी जीत के दौरान जहीर ने 21 विकेट लिए थे और वह टूर्नामेंट में टीम के सबसे सफल गेंदबाज रहे थे। जहीर 2025 सीजन में लखनऊ सुपर जायंट्स के मेंटर की भूमिका भी निभा चुके हैं। वहीं, फ्लेमिंग ने पिछले साल जुलाई में पांच बार की चैंपियन सीएसके से अलग होने की घोषणा की थी। माना जा रहा है कि सीएसके की क्रिकेट प्रबंधन समिति में शामिल एमएस धोनी, कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ और टीम की मालिक रूपा गुरुनाथ इस बार किसी भारतीय कोच को जिम्मेदारी सौंपना चाहते थे। आईपीएल में जहीर ने 100 मैच खेले हैं और संन्यास के बाद वह कोचिंग की भूमिका में आ गए।

एमएस धोनी के दिमाग में क्लियर थी ये बात

रूपा गुरुनाथ ने कहा, "जहीर का शानदार खेल करियर और युवा प्रतिभाओं को निखारने की उनकी क्षमता हमारी प्रणाली के लिए बेहद उपयोगी साबित होगी। हमें विश्वास है कि उनका मार्गदर्शन इस फ्रेंचाइजी की मजबूत नींव को और सशक्त करने में मदद करेगा।" सीएसके के प्रबंध निदेशक काशी विश्वनाथन ने कहा, “जहीर विश्वस्तरीय गेंदबाज हैं और पिछले कई वर्षों में उन्होंने कई युवा क्रिकेटरों, खासकर तेज गेंदबाजों के मेंटर के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। वह क्रिकेट की बारीकियों को अच्छी तरह समझते हैं और हम उन्हें अपने परिवार का हिस्सा बनाने को लेकर उत्साहित हैं।” सीएसके टीम प्रबंधन के करीबी सूत्रों की मानें तो धोनी किसी ऐसे व्यक्ति को टीम के साथ जोड़ने के पक्ष में थे, जिससे वह पहले से परिचित हों।

हेमंग बदानी के के खिलाफ क्या चीज गई?

सोशल मीडिया पर चर्चा में आए कुछ अन्य नामों के विपरीत, इंग्लैंड के पूर्व कप्तान इयोन मोर्गन के इस पद को संभालने की संभावना लगभग नहीं थी। वहीं, तमिलनाडु के हेमंग बदानी के मामले में दिल्ली कैपिटल्स के साथ उनका दो साल का कार्यकाल उनके खिलाफ गया। इन दोनों वर्षों में जीएमआर की सह-स्वामित्व वाली दिल्ली कैपिटल्स ने बदानी के मार्गदर्शन में अपेक्षाकृत खराब प्रदर्शन किया। कोच के रूप में बदानी ने आईएलटी20 और द हंड्रेड में अच्छा काम किया है लेकिन ये प्रतियोगिताएं आईपीएल के स्तर की नहीं हैं। इसलिए इस पद के लिए उनके उस अनुभव को पर्याप्त महत्व नहीं दिया जा सका।

Md.Akram

लेखक के बारे में

Md.Akram

मोहम्मद अकरम: खेल पत्रकार

परिचय: मोहम्मद अकरम 10 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रॉड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें खेल और राजनीति की दुनिया में गहरी दिलचस्पी है। क्रिकेट और अन्य खेलों से जुड़े अपडेट्स, मैच एनालिसिस और स्टोरी रिसर्च बखूबी अंजाम देते हैं। अकरम का मानना है कि खेल पत्रकारिता सिर्फ स्कोर बताने तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल की भावना, खिलाड़ियों की मेहनत और उससे जुड़ी कहानियों को सामने लाना भी उतना ही जरूरी है।


अनुभव: अकरम को कंटेंट रिसर्च, स्क्रिप्ट राइटिंग, स्टोरीटेलिंग और एडिटिंग का अच्छा अनुभव है। 2016 में अमर उजाला की ओर से पत्रकारिता में डेब्यू किया। 2019 में टाइम्स नाउ से जुड़े और पांच साल यहां रहे। साल 2022 से लाइव हिंदुस्तान का हिस्सा हैं। डिजिटल मीडिया के बदलते ट्रेंड्स, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और ऑडियंस बिहेवियर को समझकर कंटेंट तैयार करते हैं, जो प्रभावशाली हो। ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियन गेम्स, क्रिकेट वर्ल्ड कप और आईपीएल जैसे इवेंट कवर किए हैं।


शैक्षणिक पृष्ठभूमि: अकरम ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से बी.ए. (ऑनर्स) मास मीडिया और आईआईएमसी से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है। शैक्षणिक पृष्ठभूमि और प्रोफेशनल अनुभव ने अकरम को मीडिया की बुनियादी समझ के साथ-साथ प्रैक्टिकल अप्रोच भी दी है। सीखते रहना और खुद को लगातार अपडेट करना प्रोफेशनल आदतों में शामिल है।


विशेषज्ञता:
मैचों की लाइव कवरेज और एनालिसिस
स्टैट्स बेस्ड दिलचस्पी स्टोरीज
हेडलाइन फ्रेमिंग और कॉपी एडिटिंग में मजबूत पकड़
डेडलाइन मैनेजमेंट और हाई-प्रेशर सिचुएशन में सटीक निर्णय

और पढ़ें
Cricket News , Cricket Schedule , Live Cricket Score से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। क्रिकेट की सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप डाउनलोड करें।
Hindi Newsक्रिकेट न्यूज़जहीर खान के CSK हेड कोच बनने में धोनी का दखल, दिमाग में क्लियर थी ये बात