
पाकिस्तान के खिलाफ मैच में अर्शदीप सिंह को क्यों खिलाना चाहिए? इरफान पठान ने बताई वजह
संक्षेप: एशिया कप में रविवार को पाकिस्तान के खिलाफ सुपर 4 मुकाबले में तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह को प्लेइंग इलेवन में जगह मिलनी चाहिए या नहीं? मैच से पहले ये सवाल लाजिमी है क्योंकि वह इस फॉर्मेट में भारत के सबसे सफल गेंदबाज हैं। पूर्व ऑलराउंडर इरफान पठान की माने तो अर्शदीप को मौका दिया जाना चाहिए।
एशिया कप में रविवार को चिर-प्रतिद्वंद्वी भारत और पाकिस्तान की सुपर-4 में भिड़ंत होने वाली है। इस टूर्नामेंट में दोनों टीमों के बीच ये दूसरी टक्कर होने वाली है। पिछले रविवार को भी दोनों टीमें एक दूसरे से भिड़ी थीं जिसमें भारत ने एकतरफा अंदाज में जीत हासिल की थी। ग्रुप लीग मैच में पाकिस्तान के खिलाफ नहीं खेलने वाले अर्शदीप सिंह क्या सुपर-4 के इस अहम मुकाबले में खेलेंगे? वह टी20 फॉर्मेट में भारत के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। इस बीच पूर्व ऑलराउंडर इरफान पठान ने कहा है कि अर्शदीप को पाकिस्तान के खिलाफ खिलाया जाना चाहिए और उन्होंने इसके पीछे की वजह भी समझाई है।
सोनी स्पोर्ट्स पर चर्चा के दौरान पठान ने कहा कि जसप्रीत बुमराह के पार्टनर के तौर पर बाएं हाथ के तेज गेंदबाज का होना महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा, 'मैं अपनी बात पर कायम हूं जो मैंने एशिया कप की शुरुआत से पहले कही थी। मैं अर्शदीप को बुमराह के साथ खेलते देखना चाहूंगा क्योंकि ऐसी स्थिति आ सकती है जब आपको दूसरे तेज गेंदबाज की जरूरत पड़ेगी।'
पठान ने सवाल किया, ‘जब गेंद गीली हो जाती है और आप दबाव में होते हैं तब क्या हार्दिक में 6 यॉर्कर फेंकने की क्षमता है या क्या शिवम दुबे लगातार यॉर्कर फेंक पाएंगे?’
पूर्व ऑलराउंडर ने आगे कहा, ‘सवाल तो सामने आएगा। इसलिए क्या आप अर्शदीप के बारे में सोच सकते हैं? हालांकि उस टीम को बदलना कठिन होता है जो खेल रही है और जीत रही है। आप एक बल्लेबाज कम भी नहीं कर सकते। यह कठिन फैसला होगा। मैं इसे अलग तरह से करता लेकिन टीम अलग तरह से सोच रही है।’
अर्शदीप सिंह टी20 इंटरनेशनल में भारत के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। एशिया कप में भारत के पहले दोनों मैचों यानी मेजबान यूएई और उसके बाद पाकिस्तान के साथ ग्रुप लीग मैच में उन्हें प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं मिली थी। पिछले रविवार को पाकिस्तान को हराकर भारत पहले ही सुपर-4 में क्वालीफाई कर लिया था, लिहाजा उसके बाद ओमान से ग्रुप लीग मैच महज औपचारिकता वाला रह गया था। उसमें अर्शदीप सिंह को मौका दिया गया और उन्होंने 4 ओवर में 37 रन देकर 1 विकेट हासिल किए थे। ओमान के खिलाफ मैच में अर्शदीप ने टी20 इंटरनेशनल में अपने 100 विकेट भी पूरे किए। वह ऐसा करने वाले भारत के इकलौते गेंदबाज हैं।






