इस शर्त पर हुआ रोहित शर्मा और हार्दिक पांड्या का ODI टीम में सिलेक्शन, खेलना अभी तय नहीं!
बीसीसीआई ने अफगानिस्तान के खिलाफ आगामी वनडे सीरीज के लिए भारतीय स्क्वॉड का ऐलान कर दिया है। इस स्क्वॉड में रोहित शर्मा और हार्दिक पांड्या का नाम है, मगर दोनों का सीरीज में खेलना कन्फर्म नहीं है। आईए जानते हैं वजह-

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड यानी बीसीसीआई ने अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाली आगामी तीन मैच की वनडे सीरीज के लिए भारतीय स्क्वॉड का ऐलान कर दिया है। इंडिया वर्सेस अफगानिस्तान वनडे सीरीज का आगाज 14 जून से धर्मशाला में खेले जाने वाले पहले वनडे से होगा। इसके बाद अगले दो मैच 17 और 20 जून को क्रमश: लखनऊ और चेन्नई में खेले जाएंगे। न्यूजीलैंड के खिलाफ हुए आखिरी वनडे की तुलना में भारतीय वनडे स्क्वॉड में कई बदलाव हुए हैं। हार्दिक पांड्या की लंबे समय बाद भारतीय वनडे टीम में वापसी हुई है। उन्होंने आखिरी वनडे चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में खेला था। इसके बाद से ही वह लगातार टीम से बाहर चल रहे हैं।
हार्दिक पांड्या का नाम अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैच की वनडे सीरीज में जरूर है, मगर उनका खेलना अभी भी कन्फर्म नहीं है। जी हां, पूर्व कप्तान रोहित शर्मा के साथ भी कुछ ऐसा ही है।
दरअसल, बीसीसीआई ने तो अभी इन दोनों खिलाड़ियों को वनडे स्क्वॉड में चुना है, मगर सीरीज शुरू होने से पहले रोहित शर्मा और हार्दिक पांड्या का एक फिटनेस टेस्ट होगा जिसके बाद ही उनका खेलना या ना खेलना तय होगा।
आईपीएल 2026 के दौरान चोटिल हुए रोहित-हार्दिक
रोहित शर्मा और हार्दिक पांड्या आईपीएल 2026 के दौरान चोटिल हुए थे। रोहित शर्मा को 12 अप्रैल, 2026 को मुंबई इंडियंस (MI) बनाम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) मैच के दौरान दाहिने हैमस्ट्रिंग में चोट लग गई थी। इस वजह से उन्हें लगातार पांच मैच छोड़ने पड़े। वह मई की शुरुआत में इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर सफलतापूर्वक वापसी कर पाए, लेकिन उनकी फिटनेस अभी भी चिंता का विषय बनी हुई है। यही वजह है कि उनके चयन के लिए बीसीसीआई ने फिटनेस टेस्ट जरूर रखा है।
वहीं मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या पीठ में गंभीर ऐंठन के कारण टीम से बाहर चल रहे हैं। 2 मई को चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के खिलाफ मैच के दौरान चोट बढ़ गई, जिससे उन्हें LSG, RCB और PBKS के खिलाफ मैच सहित जरूरी मैच छोड़ने पड़े। अभी भी उनकी टीम में वापसी नहीं हुई है। उनकी गैरमौजूदगी में सूर्यकुमार यादव और जसप्रीत बुमराह ने टीम की कमान संभाली।
लेखक के बारे में
Lokesh Kheraलोकेश खेड़ा लाइव हिन्दुस्तान में बतौर डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर काम कर रहे हैं। हिंदी पत्रकारिता में इन्हें एक दशक से भी अधिक का अनुभव है। बचपन की अपनी रुचि को प्रोफेशनल करियर में तबदील करते हुए 2018 में बतौर खेल पत्रकार अपना सफर शुरू किया। क्रिकेट के साथ बॉक्सिंग, कबड्डी, बैडमिंटन, हॉकी, एथलेटिक्स समेत तमाम खेलों को बारीकी से कवर करते हैं। क्रिकेट टुडे के साथ उनकी पारी का आगाज हुआ, जहां उन्होंने वेबसाइड के साथ मैगजीन के लिए काम किया। इसके बाद वह इंडिया टीवी के साथ जुड़े और वहां तीन साल अपनी सेवाएं दी। इस दौरान ओलंपिक, कॉमनवेल्थ गेम्स, 2019 वनडे वर्ल्ड कप और 2021 टी20 वर्ल्ड कप जैसे तमाम इवेंट कवर किए और कई इंटरव्यू भी लिए, जिसमें दानिश कनेरिया और चेतन साकारिया जैसे इंटरनेशनल स्टार शामिल हैं। लाइव हिन्दुस्तान के साथ वह फरवरी 2022 जुड़े। यहां भी उन्होंने कॉमनवेल्थ, ओलंपिक, 2023 वनडे वर्ल्ड कप, 2024 टी20 वर्ल्ड कप, 2025 चैंपियंस ट्रॉफी जैसे बड़े-बड़े इंटरनेशनल इवेंट को बखूबी कवर किया और नई सचें सीखने में हमेशा रुचि रखते हैं। क्रिकेट पढ़ने लिखने के अलावा खुद खेलना भी पंसद करते हैं। इसके अलावा किताबें पढ़ना भी पंसद है।
और पढ़ें


