अफगानिस्तान क्यों हार गया दूसरा मैच और T20 सीरीज? कप्तान ने खुलकर गिनाईं टीम की खामियां
अफगानिस्तान की टीम को दूसरे टी20 मैच में भारत के खिलाफ करारी हार क्यों मिली? इसकी वजह अफगानिस्तान के कप्तान इब्राहिम जादरान ने बताई है। उन्होंने पावरप्ले के अलावा इंटेंट के बारे में भी बात की।

अफगानिस्तान की टीम को दूसरे टी20 मैच में भी भारत के खिलाफ 7 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। इसी के साथ अफगानिस्तान की टीम से 3 मैचों की टी20 सीरीज भी छिन गई है, क्योंकि पहले दोनों मैच भारतीय टीम ने शानदार अंदाज में जीते हैं। नई दिल्ली में भारतीय टीम की मेजबानी कर रही अफगानिस्तान की टीम से उम्मीदें थीं कि वह भारत को टक्कर दे सकती है, लेकिन दोनों टीमें दो अलग-अलग क्लास की टीमें नजर आईं। भारत ने दोनों मैचों में एकतरफा जीत दर्ज की। दूसरे मैच के बाद अफगानिस्तान की टीम के कप्तान इब्राहिम जादरान ने बताया है कि उनकी टीम ने कहां गलती की, जिसकी वजह से लगातार दूसरी हार उन्हें मिली।
इब्राहिम जादरान से पोस्ट मैच प्रेजेंटेशन सेरेमनी में पूछा गया कि पिछले गेम की गलतियों को ठीक करने में अफगानिस्तान की टीम ने फिर से संघर्ष किया? इस पर जादरान बोले, "हां, पक्का हमने फिर से स्ट्रगल किया। हमें वो नहीं मिला जो हम चाहते थे, लेकिन एक ग्रुप के तौर पर, हमने इसके बारे में सोचा, कैसे इम्प्रूव करें, इंटरनेशनल क्रिकेट में, खासकर टॉप टीमों के खिलाफ, आगे बढ़ने के लिए उस अप्रोच को कैसे अपनाएं।"
हम पावरप्ले में अच्छा नहीं खेले- जादरान
उन्होंने कहा, "मैं कहूंगा कि हम पावरप्ले में अच्छा नहीं खेले। इसलिए हमें वहां मोमेंटम नहीं मिला। उन्होंने हम पर प्रेशर डाला। मैं बॉलर्स को क्रेडिट दे रहा हूं, हम उस एरिया में इम्प्रूव करने के बारे में सोचेंगे, फिर मुझे यकीन है कि हम इंटरनेशनल क्रिकेट की सबसे बड़ी टीम के खिलाफ लड़ेंगे।" पहले मैच के बाद ड्रेसिंग रूम में हुई बातचीत और टारगेट स्कोर को लेकर जादरान ने बताया, "हमने उन चीजों के बारे में सोचा कि 150-160 को 200 प्लस तक कैसे इम्प्रूव किया जाए। इसलिए हमें टीम में वह इंटेंट लाने की जरूरत है। अगर आप सही इंटेंट के साथ 60 (पावरप्ले में) रन बनाने जा रहे हैं, तो कोई प्रॉब्लम नहीं है, लेकिन हमें 200 प्लस स्कोर करने के सही इंटेंट के साथ जाना चाहिए, लेकिन हां, हमने वो नहीं किया।"
नए-नए कप्तान बने जादरान ने आगे कहा, "मुझे पूरा यकीन है कि अगर आप इंटरनेशनल लेवल पर सबसे बड़ी टीम को हराना चाहते हैं तो हम उस एरिया में सुधार करेंगे, लेकिन मैं कहूंगा कि यह इस साल हमारा दूसरा गेम था। हमें बहुत ज्यादा गेम नहीं मिले। इसलिए उस समय के साथ, जैसा कि मैंने पहले बताया, हम इसके बारे में सोचेंगे। जैसे ही हम उस एरिया में सुधार करेंगे, मुझे पूरा यकीन है कि हम सबसे बड़ी टीम को चुनौती देंगे।"


