इंग्लैंड-नेपाल मुकाबले ने जीता फैंस का दिल, न्यूजीलैंड-श्रीलंका ने जीत के साथ की शुरुआत
टी20 विश्व कप 2026 के दूसरे दिन के मुकाबले में न्यूजीलैंड, इंग्लैंड और श्रीलंका ने अपने-अपने मुकाबले जीते। अफगानिस्तान, नेपाल और आयरलैंड को हार का सामना करना पड़ा। नेपाल और इंग्लैंड के बीच खेला गया मुकाबला आखिरी गेंद तक चला।

टी20 विश्व कप के दूसरे दिन रविवार (8 फरवरी) को कुल तीन मुकाबले खेले गए हैं। इन तीनों मैचों में सबसे रोमांचक मुकाबला नेपाल और इंग्लैंड के बीच खेला गया। दिन के पहले मुकाबले में न्यूजीलैंड ने अफगानिस्तान के खिलाफ सबसे बड़ा टारगेट हासिल करते हुए जीत हासिल की। दूसरे मुकाबले में इंग्लैंड की टीम उलटफेर का शिकार होने से बच गई। नेपाल की टीम आखिरी गेंद तक चले मुकाबले में सिर्फ चार रन से हारी। वहीं आखिरी मुकाबले में श्रीलंका ने आयरलैंड को हराकर टूर्नामेंट की शुरुआत जीत के साथ की।
न्यूजीलैंड ने अफगानिस्तान को हराया
न्यूजीलैंड ने आईसीसी टी20 विश्व कप के ग्रुप डी मैच में रविवार को अफगानिस्तान को पांच विकेट से हराकर अपने अभियान की शुरुआत जीत के साथ की। अफगानिस्तान ने अनुभवी गुलबदिन नायब (63 रन) के शानदार अर्धशतक और सेदिकुल्लाह अटल के बीच उनकी तीसरे विकेट की 51 गेंद में 79 रन की साझेदारी से छह विकेट पर 182 रन बनाए। टी20 विश्व कप के चौथे मैच में 183 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए न्यूजीलैंड ने सलामी बल्लेबाज और विकेटकीपर सीफर्ट की 42 गेंद में तीन छक्कों और सात चौकों से 65 रन की पारी की बदौलत 17.5 ओवर में पांच विकेट पर 183 रन बनाकर आसान जीत दर्ज की।
इंग्लैंड ने नेपाल को रोमांचक मुकाबले में मात दी
इंग्लैंड ने रविवार को टी20 विश्व कप ग्रुप सी के बेहद रोमांचक मुकाबले में नेपाल की चुनौती से निपटते हुए अंत में चार रन की करीबी जीत दर्ज की। नेपाल इस मुकाबले में उलटफेर कर इतिहास रचने के बहुत करीब पहुंच गया था। उसने इंग्लैंड के सात विकेट पर 184 रन के जवाब में छह विकेट पर 180 रन बनाए। नेपाल को आखिरी ओवर में जीत के लिए 10 रन चाहिए थे लेकिन सैम करन ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए लगातार यॉर्कर फेंकीं और सिर्फ पांच रन दिए। नेपाल के लिए लोकेश बाम आखिरी उम्मीद थे। उन्होंने 20 गेंद में 39 रन की पारी खेली लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके।
श्रीलंका ने जीत के साथ की शुरुआत
श्रीलंका ने रविवार को टी-20 विश्वकप के छठें मुकाबले में आयरलैंड को 20 रनों से शिकस्त दी। आयरलैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी श्रीलंका ने निर्धारित 20 ओवरों में छह विकेट पर 163 रनों का स्कोर खड़ा किया। कुसल मेंडिस ने 43 गेंदों में पांच चौके लगाते हुए (नाबाद 56) रनों की पारी खेली। कामिंडु मेंडिस ने 19 गेंदों में चार चौके और दो छक्के लगाते हुए 44 रन बनाये।
164 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आयरलैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने 54 रन के स्कोर तक अपने दो विकेट गवां दिये। इसके बाद हैरी टेक्टर और लोर्कान टकर की जोड़ी ने तीसरे विकेट के लिय 49 रन जोड़े। हालांकि बीच के ओवरों में आयरलैंड की पारी लड़खड़ाई, जिससे श्रीलंकाई गेंदबाजों ने आयरलैंड की पूरी टीम को 19.5 ओवरों में 143 रन पर समेट कर 20 रनों से मुकाबला जीत लिया।

लेखक के बारे में
Himanshu Singhहिमांशु सिंह (कंटेंट प्रोड्यूसर)
हिंमांशु सिंह पिछले 6 वर्षों से खेल पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान में स्पोर्ट्स सेक्शन के कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं।
परिचय और अनुभव
हिमांशु सिंह लाइव हिन्दुस्तान में कंटेंट प्रोड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें हिंदी पत्रकारिता में करीब 6 साल का अनुभव है। इन्होंने अपनी पत्रकारिता की पढ़ाई आईएमएस (नोएडा) से की है। 2017 में पंचायती टाइम्स वेबसाइट में बतौर ट्रेनी खेल पत्रकारिता का पहला अनुभव हासिल किया। 2018 में स्पोर्ट्स कंटेंट राइटर के तौर पर ईटीवी से जुड़े। यहां पर करीब तीन साल काम करने के बाद इनसाइडस्पोर्ट्स से जुड़े। यहां पर एक साल तक रहे। उन्होंने 2022 में लाइव हिन्दुस्तान के साथ अपनी पारी की शुरुआत की थी। खेल की बारीकियों को समझने और उन्हें पाठकों तक रोचक अंदाज में पहुंचाने में उन्हें महारत हासिल है।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि : हिमांशु ने अपनी पत्रकारिता की पढ़ाई देश के प्रतिष्ठित संस्थान आईएमएस (नोएडा) से पूरी की है। खेल के प्रति उनके जुनून ने उन्हें करियर की शुरुआत में ही खेल पत्रकारिता की ओर प्रेरित किया। उन्होंने 2017 में 'पंचायती टाइम्स' वेबसाइट में बतौर ट्रेनी अपने करियर का पहला कदम रखा, जहां उन्होंने खेल रिपोर्टिंग की बुनियादी बारीकियां सीखीं।
खेल विश्लेषण एवं रिपोर्टिंग
लाइव मैच कवरेज और डेटा विश्लेषण
खिलाड़ियों के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू और प्रोफाइल
डिजिटल स्पोर्ट्स कंटेंट स्ट्रेटजी





