टी20 वर्ल्ड कप में विराट कोहली की कमी कौन करेगा पूरी? इरफान पठान ने बताया नाम
पूर्व क्रिकेटर इरफान पठान ने कहा है कि टी20 वर्ल्ड कप के लिए विराट कोहली का रिप्लेसमेंट मिल चुका है। टीम में ऐसा खिलाड़ी है जो किंग कोहली की कमी नहीं खलने देगा। उन्होंने कहा कि तिलक वर्मा ने एशिया कप फाइनल में वैसी ही पारी खेली थी जैसी पारी कोहली ने टी20 वर्ल्ड कप फाइनल में खेली थी।

अगले महीने से टी20 वर्ल्ड कप शुरू होने जा रहा है। पिछली बार रोहित शर्मा की अगुआई में टीम इंडिया ने खिताब जीता था। उसके बाद रोहित शर्मा के साथ-साथ विराट कोहली और स्टार ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा ने टी20 इंटरनेशनल से संन्यास ले लिया था। अबकी बार टीम इंडिया के सामने खिताब की रक्षा की बड़ी चुनौती है। इस बीच पूर्व क्रिकेटर इरफान पठान ने कहा है कि टी20 वर्ल्ड कप के लिए विराट कोहली का रिप्लेसमेंट मिल चुका है। टीम में ऐसा खिलाड़ी है जो किंग कोहली की कमी नहीं खलने देगा।
अपने यूट्यूब चैनल पर पठान ने तिलक वर्मा को विराट कोहली का असल मायनों में रिप्लेसमेंट बताया है। उन्होंने 2025 के एशिया कप फाइनल में पाकिस्तान के खिलाफ वर्मा की खेली गई जबरदस्त पारी का खास तौर पर जिक्र किया।
इरफान पठान ने कहा, 'तिलक वर्मा ने नंबर 3 और नंबर 4 पर बल्लेबाजी की है। वह प्रेशर सोख लेते हैं और शतक जड़ते हैं। तिलक ने पाकिस्तान के खिलाफ एशिया कप 2025 के फाइनल में एक शानदार पारी खेली थी। अगर वो पारी नहीं होती तो भारत शायद नहीं जीत पाता। इस मामले में तिलक तेजी से उभरे हैं। ये वो भूमिका है जो विराट कोहली निभाया करते थे।'
पूर्व ऑलराउंडर ने कहा, 'कोहली एक बड़े खिलाड़ी हैं और जब भी कभी दबाव होता था तो वो उसे सोख लेते थे। उन्होंने पूरे टी20 वर्ल्ड कप में रन नहीं बनाए लेकिन लोगों ने भरोसा बनाए रखा कि वह फाइनल में अच्छा खेलेंगे। कोहली ने अच्छी पारी खेली जिसे शानदार तो नहीं कहा जा सकता लेकिन हालात को देखते हुए बहुत महत्वपूर्ण था।'
इरफान पठाने ने आगे कहा, 'आप ऐसा खिलाड़ी चाहते थे जो क्रीज पर टिके और रन भी बनाए ताकि भारतीय गेंदबाजों को मैच में बढ़त मिल सके। आखिरकार वैसा ही हुआ। इसमें कोई शक नहीं है कि ज्यादातर क्रेडिट बोलिंग को मिलना चाहिए लेकिन कोहली की वो पारी सही समय पर आई थी।' 2024 के टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में विराट कोहली ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 59 गेंदों में 76 रनों की पारी खेली थी। भारत ने 7 रन से मैच जीतकर विश्व कप अपने नाम किया था।
पठान ने कहा कि तिलक वर्मा ने एशिया कप के फाइनल में वैसा ही किया, जैसे विराट कोहली ने टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में किया था। पठान ने कहा, 'उसी तरह तिलक वर्मा ने फाइनल में खेला था। भारत ने पावरप्ले में ही 3 विकेट गंवा दिए थे लेकिन उसने नपा-तुला जोखिम लेकर टीम की वापसी कराई। संजू सैमसन और शिवम दुबे ने कुछ उच्च जोखिम वाले शॉट खेले और भारत ने आखिरकार फाइनल जीता। अगर वैसे खिलाड़ी वहां नहीं होते, जैसे संजू सैमसन तो वह (तिलक वर्मा) इतनी निरंतरता से रन नहीं बना पाते। वह तेज तो खेलते लेकिन कंसिस्टेंट नहीं रहते।'
इस बार के विश्व कप में तिलक वर्मा से उसी भूमिका की उम्मीदें हैं जो कोहली निभाया करते थे। तिलक अभी टी20 इंटरनेशनल में बल्लेबाजों की रैंकिंग में तीसरे नंबर पर हैं। उन्होंने 20 मैचों में 47.25 की औसत से 567 रन बनाीए हैं जिनमें 4 अर्धशतक हैं। फिलहाल तो वह घायल हैं और न्यूजीलैंड के खिलाफ 5 टी20 मैच की सीरीज के शुरुआती 3 मैचों में नहीं खेल पाएंगे।

लेखक के बारे में
Chandra Prakash Pandeyचन्द्र प्रकाश पाण्डेय, असिस्टेंट एडिटर
चन्द्र प्रकाश पाण्डेय वर्तमान में लाइव हिंदुस्तान में स्पोर्ट्स सेक्शन के इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में करीब दो दशक का अनुभव रखने वाले चन्द्र प्रकाश को जटिल विषयों का सरल विश्लेषण करने में महारत हासिल है। बचपन में न्यूज के प्रति ऐसा प्रेम हुआ कि रात में रेडियो पर न्यूज बुलेटिन के दौरान पढ़ाई-लिखाई का अभिनय करते लेकिन कान और दिल-दिमाग ध्वनि तरंगों पर अटका रहता। तब क्या पता था कि आगे चलकर न्यूज की दुनिया में ही रचना-बसना है। रेडियो में कभी काम तो नहीं किया लेकिन उस विधा के कुछ दिग्गज प्रसारकों संग टीवी न्यूज की दुनिया में कदमताल जरूर किया। चन्द्र प्रकाश पाण्डेय ने टीवी पत्रकारिता से शुरुआत की। पेशे में पहला दशक टीवी न्यूज के ही नाम रहा जहां उन्होंने 'न्यूज24', 'श्री न्यूज', 'फोकस न्यूज', 'न्यूज वर्ल्ड इंडिया' और भोजपुरी न्यूज चैनल 'हमार टीवी' में अलग-अलग समय पर अलग-अलग भूमिकाएं निभाई। इस दौरान डेली न्यूज शो के साथ-साथ 'विनोद दुआ लाइव: आजाद आवाज' जैसे कुछ स्पेशल शो के लिए भी लेखन किया। अगस्त 2016 में उन्होंने 'नवभारत टाइम्स' के साथ डिजिटल जर्नलिज्म की दुनिया में कदम रखा। NBT में उन्होंने नेशनल, इंटरनेशनल, पॉलिटिक्स, जियोपॉलिटिक्स, क्राइम, स्पोर्ट्स, कोर्ट से जुड़ी खबरों का लेखन-संपादन किया। इस दौरान उन्होंने लोकसभा और विधानसभा चुनावों समेत महत्वपूर्ण विषयों पर कई स्पेशल सीरीज भी लिखी जिनमें लीगल न्यूज एक्सप्लेनर्स 'हक की बात' की एक लंबी श्रृंखला भी शामिल है। मार्च 2025 से वह लाइव हिंदुस्तान में शब्दाक्षरों के चौके-छक्के जड़ रहे हैं।
चन्द्र प्रकाश पाण्डेय मूल रूप से यूपी के देवरिया के रहने वाले हैं। गांव की मिट्टी में पलते-बढ़ते, खेत-खलिहान में खेलते-कूदते इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई की। उसके बाद मैथमेटिक्स का छात्र 'राजनीति कला है या विज्ञान?' में उलझ गया। बी.ए. और बी. एड. की पढ़ाई के बाद पत्रकारिता की ओर रुझान बढ़ा और मॉस कम्यूनिकेशंस में मास्टर्स किया। अभी भी सीखने-समझने का सतत क्रम जारी है।
और पढ़ें




