टी-20 वर्ल्ड कप में भारत के लिए कौन होगा गेम चेंजर? शोएब अख्तर ने कर दी बड़ी भविष्यवाणी
अगले महीने से शुरू हो रहे टी-20 विश्व कप को लेकर कई क्रिकेट पंडित अपनी भविष्यवाणी दे रहे हैं। इसी कड़ी में पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज शोएब अख्तर ने भारतीय टीम के लिए अभिषेक शर्मा जैसे तेज तर्रार बल्लेबाज को नहीं, बल्कि कप्तान सूर्यकुमार यादव को मैच विनर और गेम चेंजर खिलाड़ी माना है।

7 फरवरी से टी-20 विश्व कप का आगाज होने जा रहा है। इस टूर्नामेंट में डिफेंडिंग चैंपियन भारत पर पूरी दुनिया की निगाहें होंगी क्योंकि वह अपनी ही सरजमीं पर खेलने जा रहा है। विराट कोहली और रोहित शर्मा की गैर मौजूदगी में टीम इंडिया की कमान अनुभवी सूर्यकुमार यादव के हाथों में हैं। भारतीय टीम काफी युवा है, लेकिन प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। अगले महीने से शुरू हो रहे टी-20 विश्व कप को लेकर कई क्रिकेट पंडित विश्लेषण कर रहे हैं और अपनी भविष्यवाणी भी दे रहे हैं। इसी कड़ी में पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज रफ्तार के बादशाह शोएब अख्तर ने भारतीय टीम के लिए अभिषेक शर्मा जैसे तेज तर्रार बल्लेबाज को नहीं, बल्कि कप्तान सूर्यकुमार यादव को मैच विनर और गेम चेंजर खिलाड़ी माना है।
शोएब अख्तर के अनुसार, भारत को टी-20 विश्व कप का खिताब बचाने के लिए कप्तान सूर्यकुमार यादव का चलना जरूरी है। अगर सूर्या का बल्ला बोलता है तभी टीम इंडिया खिताबी जीत दर्ज कर पाएगी। अख्तर ने कहा कि सूर्यकुमार बहुत ही खतरनाक बल्लेबाज हैं और इसी कारण अगर उनका बल्ला चल गया तो टीम इंडिया मजबूत स्थिति में होगी। इस समय सूर्यकुमार की फॉर्म अच्छी नहीं चल रही है। उनकी फॉर्म पर सवाल भी उठ चुके हैं।
अख्तर ने पीटीवी स्पोर्ट्स से बात करते हुए कहा, "भारत के पास प्रतिभा की कोई कमी नहीं है और इसी कारण मुझे लगता है कि ये टीम खिताब की सबसे बड़ी दावेदार है, लेकिन अगर टीम इंडिया को जीतना है तो कप्तान सूर्यकुमार को रन बनाने होंगे। वह भारत के अहम खिलाड़ी हैं और वह गेम चेंजर साबित हो सकते हैं। टीम इंडिया को खिताब डिफेंड करना हो तो फिर कप्तान को रन बनाने ही होंगे। टी20 में जब तेजी से रन बनाने की बात होती है तो सूर्यकुमार यादव का बल्ला चलना जरूरी है।"
बता दें कि बीते कई मैचों से कप्तान सूर्यकुमार यादव खराब फॉर्म से जूझ रहे हैं। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हुई टी-20 सीरीज में उनका बल्ला खामोश रहा था और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भी वे कुछ खास प्रदर्शन नहीं कर पाए थे। यहां तक की हाल ही में संपन्न हुई विजय हजारे ट्रॉफी में भी सूर्या लय में नहीं दिखे। ऐसे में देखना दिलचस्प होगा कि क्या वर्ल्ड कप में सूर्यकुमार यादव की फॉर्म वापस आती है या नहीं। हालांकि, यह जानना जरूरी है कि 2026 टी-20 विश्व कप के लिए चुनी गई भारतीय टीम में सूर्यकुमार यादव अनुभवी खिलाड़ी और सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। 2024 टी-20 विश्व कप के बाद जब से रोहित शर्मा के हाथों से कप्तानी सूर्यकुमार यादव के हाथों में आई है उन्होंने एक भी टी-20 सीरीज में हार का सामना नहीं किया है। हालांकि, बड़े टूर्नामेंट की चुनौती कैप्टन सूर्या के लिए अलग होगी।



