कौन हैं प्रज्ञान ओझा जिन्हें BCCI बनाना चाहता है चीफ सिलेक्टर? आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच में लिए थे 10 विकेट

लाइव हिन्दुस्तान
share

प्रज्ञान ओझा कौन हैं, जिन्हें भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड सीनियर सिलेक्शन कमेटी का पूर्णकालिक अध्यक्ष बनाना चाहता है। उन्होंने भारत के लिए कितने मैच खेले हैं और रिकॉर्ड कैसा रहा है, इन सब के बारे में विस्तार से जानिए।

who is pragyan ojha
प्रज्ञान ओझा (फाइल फोटो)

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के सामने आगामी वर्ल्ड कप 2027 को देखते हुए कई चुनौतियां हैं। इनमें सबसे बड़ी चुनौती तो यही है कि अजीत अगरकर का कार्यकाल समाप्त होने के बाद अब किसे पूर्णकालिक चीफ सिलेक्टर बनाया जाए जो वर्ल्ड कप 2027 को देखते हुए टीमों का चयन करे और खिलाड़ियों के प्रदर्शन को जांच परखकर आखिर में विश्व कप के लिए दमदार टीम का चुनाव करे। फिलहाल, इसके लिए एक नाम जो सर्वाधिक चर्चा में है वह है प्रज्ञान ओझा का। प्रज्ञान ओझा अगरकर का कार्यकाल समाप्त होने के बाद भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड की सीनियर चयन समिति के अंतरिम अध्यक्ष हैं। उन्होंने न्यूजीलैंड दौरे के लिए भारत की वनडे, टी-20, टेस्ट और भारत-ए की टीमें हाल ही में चुनी हैं।

रेवस्पोर्ट्ज ने शुक्रवार (16 अक्टूबर) को एक खबर छापी है, जिसमें कहा गया है कि पूर्व भारतीय क्रिकेटर वसीम जाफर ने भी चयन समिति के लिए आवेदन किया है। हालांकि, अन्य मीडिया रिपोर्ट्स में यह जानकारी सामने आई कि BCCI चाहता है कि प्रज्ञान ओझा ही टीम के मुख्य चयनकर्ता बने रहें। बहुत संभावना है कि वही भारतीय सीनियर पुरुष क्रिकेट टीम के पूर्णकालिक मुख्य चयनकर्ता होंगे। ऐसे में आइए आज हम आपको प्रज्ञान ओझा के बारे में विस्तार से बताते हैं। उन्होंने भारत के लिए क्रिकेट में क्या योगदान दिया है और कैसे बहुत कम उम्र में ही उनका करियर समाप्त हो गया इस सब पर भी नजर डालेंगे।

प्रज्ञान ओझा का परिचय और करियर

प्रज्ञान ओझा का जन्म 5 सितंबर 1986 के भुवनेश्वर ओडिशा में हुआ। वे वर्तमान में 40 वर्ष के हैं। 6 फिट की हाइट वाले ओझा बाएं हाथ के ऑर्थोडॉक्स स्पिनर रहे हैं। वे बाएं हाथ से ही बल्लेबाजी करते थे। प्रज्ञान ओझा ने भारत के लिए 24 टेस्ट, 18 वनडे और 6 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं। उन्होंने 92 आईपीएल के मुकाबले भी खेले हैं। ओझा अपने करियर में 20 से अधिक क्रिकेट टीमों का हिस्सा रहे हैं। उन्होंने भारत के लिए 24 टेस्ट मैचों की 48 पारियों में गेंदबाजी करते हुए 30.27 की औसत के साथ कुल 113 विकेट लिए। इस दौरान उन्होंने 287 मेडन ओवर किए। अपने अपने टेस्ट करियर में 7 बार 5 विकेट हॉल हासिल किया और 1 बार 10 विकेट हॉल भी लिया। कमाल की बात यह है कि उन्होंने 10 विकेट हॉल अपने आखिरी ही मैच में लिया था। प्रज्ञान ओझा ने 18 वनडे मैचों की 17 पारियों में गेंदबाजी करते हुए 21 विकेट लिए। इस दौरान उनका इकोनॉमी रेट 4.47 का रहा। ओझा ने भारत के लिए 6 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले जिसमें 10 विकेट हासिल किए। हालांकि, वे काफी महंगे साबित हुए और 13 से अधिक की इकोनॉमी के साथ रन खर्चे। आईपीएल में उन्होंने 92 मैचों में कुल 89 विकेट 7.37 की इकोनॉमी से चटकाए।

आखिरी मैच में लिए 10 विकेट, फिर हमेशा के लिए बाहर

टी-20 क्रिकेट में ओझा का डेब्यू साल 2009 में हुआ था। हालांकि, साल 2010 में ही उन्होंने अपना आखिरी टी-20 मैच खेला। उन्हें सीमित ओवरों के इस सबसे छोटे फॉर्मेट में ज्यादा मौके नहीं मिले। उनका वनडे करियर साल 2008 में शुरू हुआ था जो साल 2012 तक आते-आते समाप्त हो गया। ओझा टेस्ट के शानदार और नायाब स्पिन गेंदबाजों में से एक थे। उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में अपना पदार्पण साल 2009 में ग्रीन पार्क में श्रीलंका के खिलाफ किया था। इस मुकाबले में उन्होंने दोनों पारियों में मिलाकर कुल 4 विकेट लिए थे। प्रज्ञान ओझा ने अपना आखिरी टेस्ट मैच तब खेला जब वे अपनी गेंदबाजी के पीक पर थे। इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उन्होंने अपने टेस्ट करियर में एक ही 10 विकेट हॉल हासिल किया है और वह उनके आखिरी मैच में आया था। ओझा ने अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच साल 2013 में वेस्टइंडीज के खिलाफ मुंबई के वानखेड़े स्टेडिमय में खेला था। इस मुकाबले में उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया था। उन्होंने मैच की पहली पारी में 40 रन देकर पांच विकेट हासिल किए थे और दूसरी पारी में 49 रन देकर पांच विकेट लिए थे। कुल मिलाकर उन्होंने 10 विकेट चटकाए थे। लेकिन दुर्भाग्य यह रहा कि वे उस मुकाबले के बाद कभी भी भारत के लिए कोई भी अंतरराष्ट्रीय मैच नहीं खेल पाए। तब भारत के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी थे। धोनी पर ओझा को मौका ना देने और करियर समाप्त करने का भी आरोप लगता है। हालांकि, खुद ओझा ने इन बातों को एक वक्त के बाद सिरे से खारिज कर दिया था। कमेंट्री में कई बार वे कह चुके हैं कि मैं पीछे मुड़कर नहीं देखना चाहता, जो हुआ अच्छे के लिए हुआ।

अगर प्रज्ञान ओझा भारत के लिए चीफ सिलेक्टर बनते हैं तो यह उनके करियर के लिए एक बड़ी बात होगी। और अगर उनकी चुनी हुई टीम 2027 का वनडे वर्ल्ड कप जीतकर इतिहास रचती है तो स्वर्णिम अक्षरों में उनका नाम दर्ज हो जाएगा।

Vimlesh Kumar Bhurtiya

लेखक के बारे में

Vimlesh Kumar Bhurtiya

विमलेश कुमार भुर्तिया (Vimlesh Kumar Bhurtiya): खेल पत्रकार

संक्षिप्त विवरण
विमलेश कुमार भुर्तिया पिछले 4 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान में स्पोर्ट्स टीम में बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। उन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) नई दिल्ली से पत्रकारिता की पढ़ाई की है।

विस्तृत बायो

परिचय और अनुभव: विमलेश कुमार भुर्तिया भारतीय डिजिटल मीडिया जगत का एक उभरता हुआ नाम हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 4 वर्षों से अधिक का अनुभव प्राप्त है। वर्तमान में, वह भारत के अग्रणी समाचार संस्थान 'लाइव हिन्दुस्तान' (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में स्पोर्ट्स टीम में बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। पिछले चार वर्षों से वह इसी संस्थान से जुड़े हुए हैं और डिजिटल मीडिया की गतिशीलता, कार्यशैली और प्रकृति को समझने का प्रयास किया है। उनका मानना है कि पाठक किसी भी डिजिटल प्लेटफॉर्म की रीढ़ होता है ऐसे में उनके हितों को ध्यान में रखते हुए खबरों का प्रकाशन होना चाहिए। यह पत्रकारिता को जीवंत रखता है और जर्नलिज्म का मूल गुण भी यही है।

शैक्षणिक पृष्ठभूमि
विमलेश ने भारत के सबसे प्रतिष्ठित पत्रकारिता संस्थान से अपनी शिक्षा ग्रहण की है। वे 2021-22 बैच के भारतीय जनसंचार संस्थान नई दिल्ली के छात्र रहे हैं। उन्होंने इस नामी संस्थान से रेडियो एवं टेलीविजन पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा किया है। इसके बाद उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में ही मास्टर्स यानी (M.A) की डिग्री भी हासिल की है। इन्होंने अपना ग्रेजुएशन मध्य प्रदेश के नामचीन साइंस कॉलेजों में से एक होलकर साइंस कॉलेज से किया है। ग्रेजुएशन के दूसरे साल से ही विमलेश की दिलचस्पी साहित्य और पत्रकारिता की ओर जागृत होने लगी थी। यही कारण था कि ग्रेजुएशन के दिनों में ही उन्होंने दैनिक चैतन्यलोक नामक इंदौर की क्षेत्रीय पत्रिका में काम करना शुरू कर दिया। कुछ महीनों बाद उन्होंने दैनिक भास्कर में बतौर कॉपी एडिटर ट्रेनिंग ली। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय इंदौर के पत्रकारिता और जनसंचार विभाग से मास मीडिया में इंटर्नशिप की। विमलेश कुमार भुर्तिया को कंप्यूटर का भी अच्छा ज्ञान है। उन्होंने भोपाल स्थित माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता विश्वविद्यालय से कंप्यूटर एप्लीकेशन में डिप्लोमा किया है।

खेल पत्रकारिता और पत्रकारिता का उद्देश्य
विमलेश खेल से जुड़ी तमाम तरह की स्टोरीज पाठकों तक पहुंचाते हैं, जिनमें तथ्यों की स्पष्टता होती है और सकारात्मक विश्लेषण भी शामिल होता है। ये क्रिकेट की दुनिया का अच्छा ज्ञान रखते हैं और राजनीति में गहरी दिलचस्पी है। राजनीति और क्रिकेट में घट रही घटनाओं का विश्लेषण करना उनकी तह तक जाना विमलेश को पसंद है। उनका मानना है कि एक पत्रकार की पहली जिम्मेदारी तथ्यपरकता (Fact-checking) है। चाहे वह चकाचौंध से भरा क्रिकेट जगत हो या अन्य खेल और खिलाड़ियों का जीवन। बतौर खेल पत्रकार यह कसौटी हर वक्त बनी रहनी चाहिए कि लेखन हमेशा प्रमाणिक हो। उनकी रिपोर्टिंग का उद्देश्य पाठकों को न केवल सूचित करना है, बल्कि उन्हें सही और सुरक्षित जानकारी के माध्यम से सशक्त बनाना भी है। पत्रकारिता का मुख्य उद्देश्य सूचना, शिक्षा और मनोरंजन होता है और इन्हीं उद्देश्यों को पूरा करना एक पत्रकार की पहली जिम्मेदारी होनी चाहिए।

और पढ़ें
Cricket News , Cricket Schedule , Live Cricket Score से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। क्रिकेट की सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप डाउनलोड करें।
Hindi Newsक्रिकेट न्यूज़कौन हैं प्रज्ञान ओझा जिन्हें BCCI बनाना चाहता है चीफ सिलेक्टर? विस्तार से जानिए