कौन हैं जम्मू-कश्मीर के ऐतिहासिक फाइनल के नायक पारस डोगरा? 41 साल की उम्र में किया कमाल

Feb 18, 2026 03:50 pm ISTMd.Akram कल्याणी (पश्चिम बंगाल), भाषा
share Share
Follow Us on

पारस डोगरा की कप्तानी वाली जम्मू-कश्मीर ने रणजी ट्रॉफी फाइनल में पहुंचकर इतिहास रच डाला। पारस ने कहा कि क्रिकेट आपको इनाम देने से कहीं अधिक आपकी परीक्षा लेता है।

कौन हैं जम्मू-कश्मीर के ऐतिहासिक फाइनल के नायक पारस डोगरा? 41 साल की उम्र में किया कमाल

जम्मू-कश्मीर के प्रेरणादायी कप्तान पारस डोगरा ने अपने 24 साल के सफर को कुछ भावनात्मक शब्दों में बयां किया। डोगरा के नेतृत्व में जम्मू-कश्मीर ने मुश्किलों को पार करते हुए बुधवार कोदो बार के चैंपियन बंगाल पर छह विकेट से जीत हासिल करके पहली बार रणजी ट्रॉफी फाइनल में जगह बनाई। टीम को 67 साल के इंतजार के बाद पहले रणजी फाइनल में पहुंचाने में मदद करने के बाद डोगरा ने कहा, ''क्रिकेट आपको इनाम देने से कहीं अधिक आपकी परीक्षा लेता है।'' उन्होंने कहा, ''हमें बस जिद्दी बने रहना होगा।'' इस 41 साल के कप्तान ने एक ऐसी टीम को फाइनल में पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई जिसे 'कमजोर' माना जाता था।

'भगवान ने लिखा कि फाइनल में खेलेंगे'

वर्ष 2001 में हिमाचल प्रदेश के साथ करियर की शुरुआत करने के बाद डोगरा 2018-19 से 2023-24 तक पुडुचेरी की ओर से खेले और फिर 2024-25 सत्र से पूर्व जम्मू-कश्मीर चले गए। उन्होंने प्रथम श्रेणी मुकाबलों में 48 से अधिक के औसत से 10,517 रन बनाए हैं जिसमें 34 शतक और 36 अर्धशतक शामिल हैं। उनके करियर की सर्वश्रेष्ठ पारी 253 रन की रही। भारत 'ए' के पूर्व बल्लेबाज डोगरा घरेलू क्रिकेट में सबसे निरंतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों में शामिल रहे। वह जम्मू-कश्मीर से जुड़े और मौजूदा सत्र में इतिहास रच दिया। डोगरा ने कहा, ''हमें आगे बढ़ते रहना है। इसलिए भगवान ने लिखा है कि हम फाइनल में खेलेंगे।'' जम्मू-कश्मीर ने 1959-60 में पदार्पण करने के बाद पहली बार फाइनल में जगह बनाकर 67 साल का इंतजार खत्म किया। डोगरा सेमीफाइनल के दौरान वसीम जाफर के बाद 10 हजार रणजी ट्रॉफी रन बनाने वाले सिर्फ दूसरे बल्लेबाज भी बने।

'कभी सोचा नहीं था कि मैं ऐसा करूंगा'

उन्होंने कहा, ''कभी सोचा नहीं था कि मैं इस उपलब्धि तक पहुंच पाऊंगा। मुझे खेलना पसंद है। बाकी ऊपरवाले ने 10 हजार रन बना दिए इसलिए मैं सच में बहुत खुश हूं।'' डोगरा ने इस उपलब्धि को खास बताया लेकिन कहा कि टीम का लक्ष्य प्राथमिक है। उन्होंने अपने साथियों और सहयोगी स्टाफ अपने करियर के आखिरी दौर में उन्हें प्रेरित रखने का श्रेय दिया। उन्होंने कहा, ''इसके लिए आपका बहुत-बहुत धन्यवाद। अच्छा लगा। मैंने कभी नहीं सोचा था कि मैं ऐसा कर पाऊंगा। लेकिन मुझे यह खेल पसंद है। मुझे बस खेलना पसंद है।'' डोगरा ने कहा, ''निश्चित तौर पर मैं बहुत खुश हूं और मैं इस बात से भी बहुत खुश हूं कि मुझे इतने कमाल के लोगों के साथ खेलने का मौका मिला। कोचिंग स्टाफ। प्रबंधन। वे हर चीज में मेरा साथ दे रहे हैं।'' जम्मू-कश्मीर ने पहली पारी में 302 रन पर आउट होने के साथ पहली पारी के आधार पर 26 रन की बढ़त गंवा दी थी लेकिन फिर बंगाल को 99 रन पर समेट दिया और फिर चार विकेट पर 126 रन बनाकर जीत दर्ज की।

हारने पर क्या बोले बंगाल के कप्तान ईश्वरन?

बंगाल के कप्तान अभिमन्यु ईश्वरन ने माना कि मैच एक ही सत्र में उनके हाथ से निकल गया जब टीम तीसरे दिन 25.1 ओवर में 99 रन पर सिमट गई। ईश्वरन ने कहा, ''पहली पारी में बढ़त लेने के बाद हम मैच में आगे थे। लेकिन दूसरी पारी में हमने अच्छी बल्लेबाजी नहीं की। उन्होंने बहुत अच्छी गेंदबाजी की।'' उन्होंने कहा, ''हमें कुछ अच्छी साझेदारी करनी चाहिए थी और मैच अपने नाम कर लेना चाहिए था। लेकिन हम ऐसा नहीं कर सके। मुझे लगा कि इसीलिए मैच हाथ से निकल गया।'' ईश्वरन ने कहा, ''बहुत सारी सकारात्मक चीजें हुईं। लेकिन मुझे लगता है कि हम बस एक सत्र में पीछे रह गए जहां मैच हमारे हाथ से निकल गया।''

Md.Akram

लेखक के बारे में

Md.Akram

मोहम्मद अकरम: खेल पत्रकार

परिचय: मोहम्मद अकरम 10 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रॉड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें खेल और राजनीति की दुनिया में गहरी दिलचस्पी है। क्रिकेट और अन्य खेलों से जुड़े अपडेट्स, मैच एनालिसिस और स्टोरी रिसर्च बखूबी अंजाम देते हैं। अकरम का मानना है कि खेल पत्रकारिता सिर्फ स्कोर बताने तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल की भावना, खिलाड़ियों की मेहनत और उससे जुड़ी कहानियों को सामने लाना भी उतना ही जरूरी है।


अनुभव: अकरम को कंटेंट रिसर्च, स्क्रिप्ट राइटिंग, स्टोरीटेलिंग और एडिटिंग का अच्छा अनुभव है। 2016 में अमर उजाला की ओर से पत्रकारिता में डेब्यू किया। 2019 में टाइम्स नाउ से जुड़े और पांच साल यहां रहे। साल 2022 से लाइव हिंदुस्तान का हिस्सा हैं। डिजिटल मीडिया के बदलते ट्रेंड्स, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और ऑडियंस बिहेवियर को समझकर कंटेंट तैयार करते हैं, जो प्रभावशाली हो। ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियन गेम्स, क्रिकेट वर्ल्ड कप और आईपीएल जैसे इवेंट कवर किए हैं।


शैक्षणिक पृष्ठभूमि: अकरम ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से बी.ए. (ऑनर्स) मास मीडिया और आईआईएमसी से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है। शैक्षणिक पृष्ठभूमि और प्रोफेशनल अनुभव ने अकरम को मीडिया की बुनियादी समझ के साथ-साथ प्रैक्टिकल अप्रोच भी दी है। सीखते रहना और खुद को लगातार अपडेट करना प्रोफेशनल आदतों में शामिल है।


विशेषज्ञता:
मैचों की लाइव कवरेज और एनालिसिस
स्टैट्स बेस्ड दिलचस्पी स्टोरीज
हेडलाइन फ्रेमिंग और कॉपी एडिटिंग में मजबूत पकड़
डेडलाइन मैनेजमेंट और हाई-प्रेशर सिचुएशन में सटीक निर्णय

और पढ़ें
लेटेस्ट क्रिकेट न्यूज, लाइव स्कोर, क्रिकेट शेड्यूल, T20 वर्ल्ड कप 2026, T20 वर्ल्ड कप 2026 शेड्यूल और T20 वर्ल्ड कप 2026 प्वाइंट टेबल की पूरी जानकारी और खिलाड़ियों के आंकड़े हिंदी में पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें।