अजिंक्य रहाणे को किसने कहा ‘शाकालका बेबी’? रोहित शर्मा ने कुछ ऐसे दी रिटायरमेंट की बधाई

लाइव हिन्दुस्तान, मुंबई, भाषा
Follow us on Google News
share

अजिंक्य रहाणे ने 12 साल तक चले अपने अंतरराष्ट्रीय करियर को 30 जुलाई को अलविदा कह दिया। इस 38 वर्षीय खिलाड़ी ने अपने करियर में 85 टेस्ट, 90 वनडे और 20 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले।

Ajinkya Rahane captaincy SHOCKING Record
अजिंक्य रहाणे की कप्तानी का हैरान कर देने वाला रिकॉर्ड

पूर्व भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने लंबे समय तक अपने साथी रहे अजिंक्य रहाणे के बारे में कहा कि उनकी 'प्रतिबद्धता और पेशेवरपन' उन्हें सबसे अलग बनाती थी जबकि मौजूदा कप्तान शुभमन गिल ने उन्हें एक 'आदर्श' खिलाड़ी करार दिया। रहाणे ने 12 साल तक चले अपने अंतरराष्ट्रीय करियर को 30 जुलाई को अलविदा कह दिया। इस 38 वर्षीय खिलाड़ी ने अपने करियर में 85 टेस्ट, 90 वनडे और 20 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले। रोहित ने एक्स पर लिखा, ''हमने कई सालों तक ड्रेसिंग रूम साझा किया है और मैं जानता हूं कि आपने जो कुछ भी हासिल किया है, उसमें कितनी मेहनत लगी है। आपकी प्रतिबद्धता और पेशेवरपन आपको हमेशा से दूसरों से अलग बनाता आया है। शानदार करियर के लिए बधाई। ढेर सारी शुभकामनाएं।''

भारत के टेस्ट और वनडे कप्तान गिल ने कहा कि रहाणे ने सबसे मुश्किल समय में राष्ट्रीय टीम की अगुवाई की।

गिल ने लिखा, ''क्या शानदार करियर था, क्या शानदार आदर्श स्थापित किए। अज्जू भाई ने भारतीय क्रिकेट के कुछ सबसे कठिन दौर में हमारा नेतृत्व किया और हमें विश्वास दिलाया कि कुछ भी संभव है। मैदान पर और मैदान के बाहर की यादों और सीख के लिए आपका आभार। अगली पारी के लिए शुभकामनाएं।''

रहाणे ने 2020-2021 में कई प्रमुख खिलाड़ियों की अनुपस्थिति में टीम की अगुवाई करते हुए भारत को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट श्रृंखला में 2-1 से ऐतिहासिक जीत दिलाई थी। इस दौर में भारत के मुख्य कोच रहे रवि शास्त्री ने कहा कि रहाणे ने भारत और मुंबई क्रिकेट की उत्कृष्ट सेवा की।

शास्त्री ने कहा, ''भारत के सबसे समर्पित क्रिकेटरों में से एक, जो मेरे कोच रहते हुए टीम के अभिन्न अंग थे और जिन्होंने मुंबई और भारतीय क्रिकेट के लिए उत्कृष्ट सेवाएं दीं। शाबाश जिंक्स (रहाणे का उपनाम)।''

राष्ट्रीय टीम से बाहर किए जाने के बाद घरेलू क्रिकेट में मुंबई की कप्तानी करने वाले रहाणे की अगुवाई में उनकी टीम ने 2023-2024 में रणजी ट्रॉफी में रिकॉर्ड 42वीं बार खिताब जीता था।

ऋषभ पंत ने लिखा, ''आपके साथ ड्रेसिंग रूम साझा करके अच्छा लगा, अज्जू भाई। हर परिस्थिति में शांत, हर भूमिका में निस्वार्थ और अनुकरणीय कप्तान। भारतीय क्रिकेट के लिए आपने जो कुछ भी किया है, उसके लिए आभार। भविष्य के लिए आपको हार्दिक शुभकामनाएं।''

रहाणे के मुंबई के साथी खिलाड़ी और भारत के पूर्व टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव ने कहा कि उनके शांत स्वभाव और दृढ़ता ने कई क्रिकेटरों को प्रेरित किया।

सूर्यकुमार ने लिखा, ''अज्जू दा, आपके शानदार करियर के लिए बधाई। आपके साथ मैदान और ड्रेसिंग रूम साझा करना मेरे लिए सम्मान की बात थी। खेल के प्रति आपके शांत स्वभाव, दृढ़ता और समर्पण ने हममें से कई लोगों को प्रेरित किया है। दूसरी पारी के लिए आपको और आपके परिवार को हार्दिक शुभकामनाएं। आशा है कि यह नई पारी आपको पिछली पारी की तरह ही आनंद और सफलता दिलाएगी।''

भारत के पूर्व ऑलराउंडर युवराज सिंह ने कहा कि रहाणे इस पीढ़ी के उन बेहतरीन खिलाड़ियों में से एक थे जिन्होंने देश का नेतृत्व किया।

उन्होंने कहा, ''जिंक्स को उनके शानदार करियर के लिए बहुत-बहुत बधाई। इस पीढ़ी के उन बेहतरीन खिलाड़ियों में से एक जिन्होंने देश का प्रतिनिधित्व सभी प्रारूपों में किया और कुछ सबसे प्रतिष्ठित मैचों में टीम का सफलतापूर्वक नेतृत्व भी किया। भविष्य के लिए ढेर सारी शुभकामनाएं। शाकालका बेबी।''

Lokesh Khera

लेखक के बारे में

Lokesh Khera

लोकेश खेड़ा लाइव हिन्दुस्तान में बतौर डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर काम कर रहे हैं। हिंदी पत्रकारिता में इन्हें एक दशक से भी अधिक का अनुभव है। बचपन की अपनी रुचि को प्रोफेशनल करियर में तबदील करते हुए 2018 में बतौर खेल पत्रकार अपना सफर शुरू किया। क्रिकेट के साथ बॉक्सिंग, कबड्डी, बैडमिंटन, हॉकी, एथलेटिक्स समेत तमाम खेलों को बारीकी से कवर करते हैं। क्रिकेट टुडे के साथ उनकी पारी का आगाज हुआ, जहां उन्होंने वेबसाइड के साथ मैगजीन के लिए काम किया। इसके बाद वह इंडिया टीवी के साथ जुड़े और वहां तीन साल अपनी सेवाएं दी। इस दौरान ओलंपिक, कॉमनवेल्थ गेम्स, 2019 वनडे वर्ल्ड कप और 2021 टी20 वर्ल्ड कप जैसे तमाम इवेंट कवर किए और कई इंटरव्यू भी लिए, जिसमें दानिश कनेरिया और चेतन साकारिया जैसे इंटरनेशनल स्टार शामिल हैं। लाइव हिन्दुस्तान के साथ वह फरवरी 2022 जुड़े। यहां भी उन्होंने कॉमनवेल्थ, ओलंपिक, 2023 वनडे वर्ल्ड कप, 2024 टी20 वर्ल्ड कप, 2025 चैंपियंस ट्रॉफी जैसे बड़े-बड़े इंटरनेशनल इवेंट को बखूबी कवर किया और नई सचें सीखने में हमेशा रुचि रखते हैं। क्रिकेट पढ़ने लिखने के अलावा खुद खेलना भी पंसद करते हैं। इसके अलावा किताबें पढ़ना भी पंसद है।

और पढ़ें
Cricket News लेटेस्ट मैच अपडेट Cricket Live Score, Cricket Schedule, और Cricket News in Hindi के लिए हमारे साथ जुड़े रहें। सभी बड़े मुकाबलों के पल-पल के अपडेट्स और देश-दुनिया की हर क्रिकेट खबर सबसे पहले पाने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।
Hindi Newsक्रिकेट न्यूज़रहाणे को किसने कहा ‘शाकालका बेबी’? रोहित शर्मा ने कुछ ऐसे दी रिटायरमेंट की बधाई