अब किस दिन मैदान पर दिखेंगे वैभव सूर्यवंशी? अफगानिस्तान सीरीज से पहले खेलेंगे एक और मैच
Vaibhav Sooryavanshi's Next Match: वैभव सूर्यवंशी कुछ दिनों के अंदर दोबारा मैदान पर नजर आएंगे। युवा सलामी बल्लेबाज को अफगानिस्तान टी20 सीरीज से पहले एक और मैच खेलना है।

युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी ने ताबड़तोड़ बैटिंग से अपनी एक अलग पहचान बना ली है। उनके प्रशंसकों की संख्या में बहुत तेजी से इजाफा हुआ है। सूर्यवंशी के हर मैच का प्रशंसकों को बेसब्री से इंतजार रहता है। 15 वर्षीय ओपनर फिलहाल दलीप ट्रॉफी 2026 में खेला रहा है, जो भारत का एक घरेलू फर्स्ट क्लास टूर्नामेंट है। सूर्यवंशी टूर्नामेंट में ईस्ट जोन के उपकप्तान हैं। ईस्ट जोन ने मंगलवार (1 सितंबर) को पहले सेमीफाइनल में सेंट्रल जोन को चार विकेट से हराकर फाइनल में एंट्री की। चलिए, आपको बताते हैं कि सूर्यवंशी अब किस दिन मैदान पर दिखेंगे?
चेन्नई में रविवार से होगा फाइनल
सूर्यवंशी 6 सितंबर को मैदान पर उतरेंगे। ईस्ट जोन को रविवार से चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में दलीप ट्रॉफी फाइनल खेलना है। ईस्ट जोन की फाइनल में साउथ जोन या नॉर्थ जोन की टीम से भिड़ंत होगी। इन दोनों टीमों की बीच दूसरे सेमीफाइनल का रिजल्ट बुधवार को निकलेगा। बता दें कि ईस्ट जोन ने 14 सालों के बाद दलीप ट्रॉफी फाइनल में जगह बनाई। ईस्ट जोन की विकेटकीपर-बल्लेबाज कमान ईशान किशन के पास है। सूर्यवंशी ने सेमीफाइनल में बेहतरीन प्रदर्शन किया था। उन्होंने पहली पारी में 81 गेंदों में 92 जबकि दूसरी पारी में 43 गेंदों में 40 रन जुटाए।
दलीप ट्रॉफी के बाद AFG सीरीज
सूर्यवंशी दलीप ट्रॉफी के बाद अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज में एक्शन में होंगे। यह सीरीज 13 सितंबर से शुरू होगी। दूसरा मैच 15 और तीसरा मुकाबला 17 सितंबर को आयोजित होंगे। तीनों मैच नई दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में होंगे। सूर्यवंशी पहली बार भारतीय सरजमीं पर इंटरनेशनल मैच खेलते हुए नजर आएंगे। उन्होंने जुलाई 2026 में इंग्लैंड में T20I डेब्यू किया था, जहां वह कुछ खास छाप नहीं छोड़ सके। हालांकि, सूर्यवंशी ने जिम्बाब्वे दौरे पर तीन मैचों में शानदार प्रदर्शन किया और प्लेयर ऑफ द सीरीज अवॉर्ड अपने नाम किया।
एशियाई खेलों के समान चुनी टीम
जिम्बाब्वे सीरीज में संजू सैमसन को नहीं चुना गया था लेकिन वह अफगानिस्तान सीरीज के लिए भारतीय स्क्वॉड का हिस्सा हैं। ऐसे में टीम मैनेजमेंट को ओपनिंग स्लॉट के लिए काफी माथापच्ची करनी पड़ सकती है। जसप्रीत बुमराह, नीतीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर और हर्षित राणा का खेलना फिटनेस स्वीकृति पर निर्भर करेगा। चयनकर्ताओं ने इस महीने के अंत में जापान में होने वाले एशियाई खेलों के लिए चुनी गई टीम के समान ही टीम का चयन किया है।
अफगानिस्तान सीरीज के लिए भारतीय टीम: श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, संजू सैमसन,इशान किशन, तिलक वर्मा, शिवम दुबे, नीतीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, वरुण चक्रवर्ती, रवि बिश्नोई, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, हर्षित राणा।



