
ये कब, क्यों और कैसे हुआ? मोहम्मद सिराज को सिंगल फॉर्मेट तक समेटने पर आकाश चोपड़ा के तीखे सवाल
पूर्व क्रिकेटर और कॉमेंटेटर आकाश चोपड़ा ने तेज मोहम्मद सिराज को सिर्फ टेस्ट तक सीमित करने पर हैरानी जताई है। उन्होंने कहा कि उन्हें ये बिल्कुल समझ में नहीं आ रहा। सिराज आखिर कब, क्यों और कैसे सिंगल फॉर्मेट प्लेयर बना दिए गए।
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में 2-0 की करारी हार के बाद अब वनडे सीरीज में भी भारत के ऊपर हार की तलवार लटक रही है। विशाखापत्तनम में होने वाला तीसरा वनडे मैच अब निर्णायक हो गया है। दोनों टीमें 1-1 मैच जीत चुकी हैं। बुधवार को रायपुर में 358 रन का विशाल स्कोर खड़ा करने के बावजूद भारत हार गया। रांची में भी 349 रन के विशाल स्कोर को मुश्किल से डिफेंड कर पाया था। अब भारतीय गेंदबाजी को लेकर सवाल उठ रहे कि आखिर वो कौन सा स्कोर होगा, जिसे वे डिफेंड कर सकेंगे। इस बीच पूर्व क्रिकेटर और कॉमेंटेटर आकाश चोपड़ा ने तेज मोहम्मद सिराज को सिर्फ टेस्ट तक सीमित करने पर हैरानी जताई है। उन्होंने कहा कि उन्हें ये बिल्कुल समझ में नहीं आ रहा। सिराज आखिर कब, क्यों और कैसे सिंगल फॉर्मेट प्लेयर बना दिए गए।
आकाश चोपड़ा ने सोशल मीडिया पर जारी एक वीडियो में कहा, ‘ये मोहम्मद सिराज के साथ क्या हो रहा है, ये आपको समझ में आ रहा है? मेरी समझ में तो बिल्कुल नहीं आ रहा है। मुझे ये बिल्कुल भी समझ नहीं आ रहा कि वह सिंगल फॉर्मेट का खिलाड़ी बन गए हैं। वैसे ये हुआ कब? क्योंकि जब वह टेस्ट क्रिकेट खेलते हैं तो हम सब उनकी तारीफ करते हैं न। हम उनका गुणगान करते हैं कि क्या जज्बा है, क्या जुनून है, क्या जोश है, क्या पैशन है, क्या कमिटमेंट है!’
उन्होंने आगे कहा, ‘वह एक विकेटटेकर हैं। पर अचानक ओडीआई क्रिकेट से कैसे गायब हो गए? इस समय वह डोमेस्टिक क्रिकेट खेल रहे हैं पर ओडीआई सेट अप का हिस्सा नहीं हैं। चैंपियंस ट्रॉफी में जब उनका नाम नहीं आया था तो हम सबका दिल टूटा था क्योंकि उससे पिछले दो साल जो थे, वह भारत के लिए उस फॉर्मेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज थे। वापस अचानक उनका नाम नहीं था। उसके बाद अब भी नहीं है।’
चोपड़ा ने कहा, 'बाकी लोग खेल गए हैं। चाहे वो हर्षित हों या प्रसिद्ध कृष्णा हों। मोहम्मद सिराज कहीं नहीं दिख रहे। ओडीआई में नहीं हैं। टी20 से गायब हो चुके हैं। पर ये ऐसा हुआ क्यों है? ये कब हुआ? कारण क्या हैं? व्यक्तिगत तौर पर मुझे नहीं पता। मतलब मियां मैजिक अब जादुई ही नहीं रहा दो फॉर्मेट में। वह एक फॉर्मेट का खिलाड़ी कब बन गया, वह सिंगल फॉर्मेट प्लेयर कब बना, मुझे नहीं पता। अगर आप जानते हैं तो प्लीज बता देना भैया। ये कब हुआ? ये कैसे हुआ यार?'
मोहम्मद सिराज ने अब तक 47 वनडे मैच खेले हैं जिनमें उनके नाम 73 विकेट दर्ज हैं। ओडीआई में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 21 रन देकर 6 विकेट हैं। उन्होंने अब तक सिर्फ 16 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं जिनमें उनके नाम 14 विकेट दर्ज हैं। वहीं 45 टेस्ट में उनके नाम 139 विकेट दर्ज हैं। टेस्ट में वह 5 बार पारी में 5 या उससे ज्यादा विकेट का कारनामा कर चुके हैं।






