
जब विराट कोहली कप्तान थे तो ऐसा होता था...कोच गौतम गंभीर को पूर्व क्रिकेटर ने दी 'कड़वी डोज'
संक्षेप: ऑस्ट्रेलिया के पूर्व क्रिकेटर ब्रैड हैडिन ने कोलकाता टेस्ट में हार के बाद भारतीय टीम की टर्निंग पिच को लेकर रणनीति पर सवाल उठाया है। भारत को दक्षिण अफ्रीका ने मैच के तीसरे दिन 30 रनों से हराया।
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले टेस्ट में भारतीय टीम अपने ही जाल मे फंस गई। कोलकाता के ईडन गार्डन्स में स्पिन ट्रैक भारत के लिए ट्रैप बन गया। भारत तीसरे दिन 124 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए 93 पर सिमट गया और 30 रनों से हार का मुंह देखा। दक्षिण अफ्रीका के 159 के जवाब में भारत ने पहली पारी में 189 रन बनाए थे। पहली बार भारत में ऐसा हुआ जब टेस्ट मैच में कोई भी टीम चारों पारियों में 200 का आंकड़ा नहीं छू सकी। पूर्व ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर ब्रैड हैडिन ने दक्षिण अफ्रीका के दो मैचों की सीरीज में बढ़त बनाने के बाद भारत के हेड कोच गौतम गंभीर को 'कड़वी डोज' दी है। उन्होंने कहा कि गंभीर के अंडर भारत की टर्निंग पिचों पर निर्भरता दूसरी बार उल्टी पड़ी है।

हैडिन ने विलो टॉक पॉडकास्ट पर कहा, "जब विराट कोहली ने कप्तानी संभाली थी, तब उन्होंने लंबे समय तक बल्लेबाजी की और स्कोरबोर्ड पर प्रेशर बनाए रखा। वहीं, अब बहुत कुछ संयोग पर छोड़ा जा रहा है। इससे साधारण स्पिनर गेम में आते हैं। आपके पास बस ऐसे लोग होते हैं जो गेंद फेंक सकते हैं और विकेट बाकी काम कर देता है। मैंने सुना है कि गंभीर ने आकर कहा कि हम जिस पिच पर खेल रहे हैं, उससे खुश हैं। न्यूज़ीलैंड के खिलाफ भी उन्हें इसकी कीमत चुकानी पड़ी।" गंभीर ने कोलकाता टेस्ट में हार के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि ऐसा नहीं है कि ईडन गार्डन्स की खेलने लायक नहीं थी, यह बिल्कुल वैसी ही थी जैसी हमने मांगी थी।
पूर्व विकेटकीपर ने आगे कहा, "गंभीर के अंडर उन्होंने अब तक दो बार ऐसा किया है। वे अपना सर्वश्रेष्ठ क्रिकेट तब खेलते हैं जब बात टर्निंग विकेट की नहीं बल्कि अपने रनों से स्कोरबोर्ड पर दबाव बनाने की होती है। उन्होंने अपने वर्ल्ड क्लास बल्लेबाजों को गेम से बाहर कर दिया है। मुझे लगता है कि वे बहुत कुछ संयोग पर छोड़ रहे हैं। भारत अपना सर्वश्रेष्ठ क्रिकेट तब खेलता है जब वह बोर्ड पर बड़ा स्कोर बनाता है और फिर अपनी फ़ील्डिंग से विरोधी टीम को असहज कर देता है। उनके स्पिनर उस पिच पर किसी से भी बेहतर हैं, लेकिन उनके बल्लेबाज वास्तव में उस तरह के विकेट पर स्पिन के उतने अच्छे खिलाड़ी नहीं हैं।" इंडिया वर्सेस साउथ अफ्रीका दूसरा टेस्ट 22 नवंबर से गुवाहाटी में होगा।






