Hindi Newsक्रिकेट न्यूज़When Pakistani cricketer Azam Khan breaks down in the middle of a match after a super flop show in batting and keeping
बैटिंग में फुस्स, कीपिंग में फ्लॉप...जब मैच के बीच में ही रोने लगे पाकिस्तानी क्रिकेटर आजम खान

बैटिंग में फुस्स, कीपिंग में फ्लॉप...जब मैच के बीच में ही रोने लगे पाकिस्तानी क्रिकेटर आजम खान

संक्षेप: पाकिस्तान के विकेटकीपर बल्लेबाज आजम खान ने एक हालिया पॉडकास्ट में बताया है कि कैसे पिछले साल इंग्लैंड दौरे पर एक मैच के बीच ही वह रोने लगे थे। पहले बैटिंग में फुस्स हुए। उसके बाद विकेटकीपिंग में सुपर फ्लॉप। दर्शकों की गालियां सुननी पड़ी। ताने सुनने पड़े। वह मैच के बीच में ही रोने लगे। 

Mon, 10 Nov 2025 10:14 AMChandra Prakash Pandey लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share Share
Follow Us on

क्रिकेट में कोई-कोई दिन किसी खिलाड़ी के लिए वाकई बहुत खराब होते हैं। आज जिसमें एक्सपर्ट हो, उसमें भी लड़खड़ा जाते हैं। अगर बल्लेबाज हैं तो बल्ला ही जैसे रुठ जाता है। अगर गेंदबाज हैं तो गेंद से जैसे नियंत्रण ही खत्म हो जाता है। ये चीजें खिलाड़ी के आत्मविश्वास को शायद इतना डिगा देती हैं कि फील्डिंग के वक्त भी वह हिला होता है। हलवा से हलवा कैच छूट सकता है। पाकिस्तान के विकेटकीपर बल्लेबाज आजम खान ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर के एक ऐसे ही दिन को याद किया है। कैसे वह एक मैच में पहले बैटिंग में फुस्स हुए। उसके बाद विकेटकीपिंग में सुपर फ्लॉप हुए। दर्शकों की गालियां सुननी पड़ी। ताने सुनने पड़े। साथी खिलाड़ियों के गुस्से और खीझ को झेलना पड़ा। कुल मिलाकर दिन इतना खराब रहा कि वह मैच के बीच में ही रोने लगे। आंख से आंसू छलक पड़े।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

आजम खान ने एक हालिया पॉडकास्ट में 30 मई 2024 को इंग्लैंड के खिलाफ ओवल में हुए चौथे टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच को याद किया है जो उनके लिए बहुत ही खराब रहा था। उस मैच में इंग्लैंड ने 27 गेंद बाकी रहते 7 विकेट से जीता था। पाकिस्तान की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 157 रन पर ऑलआउट हो गई थी। जवाब में इंग्लैंड ने 15.3 ओवर में ही सिर्फ 3 विकेट खोकर मैच जीत लिया था।

पाकिस्तान का जब 84 रन पर चौथा विकेट गिरा तब आजम खान बल्लेबाजी के लिए आए। पॉडकास्ट में उन्होंने याद किया, 'मार्क वुड ने मुझे पहला बाउंसर मारा। मैंने उसे छोड़ दिया। मैं सोच रहा था कि हां, ठीक है। मतलब सही है। हमारे यहां भी 150 वाले बोलर हैं।' लेकिन अगली गेंद ने पाकिस्तानी खिलाड़ी के होश उड़ा दिए।

ये भी पढ़ें:कोहली के पास ये दिग्गज थे, बाबर आजम के साथ कौन था? आजम खान ने खोली PAK की कलई

आजम खान ने बताया कि कैसे अगले बाउंसर ने उन्हें हिलाकर रख दिया। उन्होंने बताया, 'जब उसने मुझे दूसरा बाउंसर फेंका तब मैं सोच रहा था कि ये क्या हुआ मेरे साथ। ऐसे लगा जैसे मेरी जिंदगी ना एकदम रुक गई। भाई ये मेरे साथ क्या हुआ है।'

गेंद उनके शरीर से टकराकर विकेटकीपर के दस्ताने में चली गई। मार्क वुड ने जोरदार अपील की और अंपायर ने आउट करार दे दिया। मामला रिव्यू में गया। आजम ने बताया, ‘और उस्मान खान आया कि कंधा लगा है। फिर मैंने कहा कि हां कंधा लगा है। रिव्यू ले लेता हूं। लेकिन जब मेरी छोटी उंगली में दर्द होना शुरू हो जाता है तब मैं जान जाता हूं कि मैं आउट हो गया हूं। जब मैं आउट होकर वापस जा रहा हूं तब ओवल का क्राउड मुझे गालियां दे रहा है।’

ये भी पढ़ें:सूर्या ने ठीक कहा है; पाकिस्तानी क्रिकेटर ने माना भारत-पाक में कोई राइवलरी नहीं

आजम खान बिना खाता खोले आउट हो चुके थे। बाद में विकेटकीपिंग के दौरान भी उनसे गलतियां हुईं। उन्होंने दो आसान से कैच छोड़े। खान ने पॉडकास्ट में बताया हारिस रउफ की गेंद पर तो उन्होंने ऐसा हलवा कैच छोड़ दिया जिसे वह नींद में भी पकड़ सकते थे। आजम ने बताया कि कैच छूटने के बाद ग्राउंड के अंदर ही उनके आंसू गिरने लगे थे। तब शादाब खान ने उन्हें हौसला दिया।

आजम खान के पॉडकास्ट का क्लिप देखने के लिए यहां क्लिक करें

पाकिस्तानी खिलाड़ी उस दिन के बुरे अनुभव और बेइज्जती को बिलकुल नहीं भूले हैं। एक अंग्रेज क्रिकेट फैन ने तो पाकिस्तानी रिपोर्टर से बातचीत में उनकी जमकर खिल्ली उड़ाई। आजम ने आगे बताया,'एक पाकिस्तानी रिपोर्टर ने एक अंग्रेज क्रिकेट फैन से पूछा कि आपका फेवरिट पाकिस्तानी क्रिकेटर कौन है तब उसने कहा कि आजम खान। वह बैटिंग नहीं कर सकता। वह कीपिंग नहीं कर सकता। वह कुछ भी नहीं कर सकता। वो सुनकर बहुत बुरा लगा कि अगर ये इज्जत है मेरी इंटरनेशनल क्रिकेट में तो...।'

Chandra Prakash Pandey

लेखक के बारे में

Chandra Prakash Pandey
चन्द्र प्रकाश पाण्डेय टीवी पत्रकारिता से शुरुआत। न्यूज24, हमार टीवी, श्री न्यूज, फोकस न्यूज और न्यूज वर्ल्ड इंडिया में अलग-अलग भूमिकाओं के बाद 2016 में नवभारत टाइम्स.कॉम के साथ डिजिटल पारी का आगाज। देश, दुनिया, राजनीति, खेल, अदालत, अपराध से जुड़ीं खबरों पर लेखन। एनबीटी में करीब 9 साल की शानदार पारी के बाद मार्च 2025 से लाइव हिंदुस्तान का हिस्सा और स्पोर्ट्स डेस्क इंचार्ज। मूल रूप से यूपी के देवरिया के निवासी। सीखने और समझने के सतत क्रम में भरोसा। और पढ़ें
लेटेस्ट क्रिकेट न्यूज, Cricket Live score, Asia Cup Schedule, Asia cup Points Table वाले खिलाड़ियों की जानकारी हिंदी में हिंदुस्तान पर |