‘सचिन का करियर लगभग खत्म हो गया था’, वैभव सूर्यवंशी के लंबे भविष्य को किस चीज से खतरा?
वैभव सूर्यवंशी के लंबे भविष्य को लेकर साउथ अफ्रीका के पूर्व दिग्गज क्रिकेटर डेरिल कलिनन ने चिंता जाहिर की है। सलामी बल्लेबाज सूर्यवंशी फिलहाल 15 साल के हैं।

युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी से कम वक्त में अपनी एक अलग पहचान बना ली है। उनकी टीम इंडिया में एंट्री हो चुकी है। 15 वर्षीय सूर्यवंशी आयरलैंड-इंग्लैंड दौरे पर जाएंगे और इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू कर सकते हैं। हालांकि, साउथ अफ्रीका के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज डेरिल कलिनन ने सूर्यवंशी की लंबे समय को लेकर फिटनेस पर चिंता जताई है। सूर्यवंशी का खेल पावर हिटिंग वाला है, जिसके लिए उन्हें हर शॉट के साथ जबर्दस्त बैट स्पीड की दरकार होती है। टाइमिंग और टेक्निक भी उतनी ही जरूरी है लेकिन सूर्यवंशी के दमदार स्ट्रोक प्ले पर भरोसे ने कलिनन चेतावनी दी है। उनका मानना है कि आने वाले सालों में इस युवा खिलाड़ी को बार-बार चोट लग सकती है।
'सचिन का करियर लगभग खत्म हो गया था'
सूर्यवंशी ने हाल ही में वनडे ट्राई सीरीज के फाइनल में श्रीलंका के सामने 29 गेंदों में 94 रनों की आतिशी पारी खेली। उन्होंने 11 गेंदों में अर्धशतक जड़कर लिस्ट-ए क्रिकेट का नया रिकॉर्ड बनाया। कलिनन ने सूर्यवंशी की इस विस्फोटक पारी बाद लिंक्डइन पर पोस्ट शेयर किया। उन्होंने लिखा, ''मैं इस युवा से बहुत प्रभावित हूं लेकिन जो बात मुझे परेशान कर रही है और कोई इस बारे में बात नहीं कर रहा, वो है चोटें? 15 साल की उम्र में बड़ा बल्ला घुमाना, इतना क्रिकेट खेलना, मुझे उसकी कलाइयों, कोहनी, छोटी-मोटी चीजों और जोड़ों की चिंता है। मेडिकल राय क्या कहती है? याद है, सचिन का करियर कोहनी की चोट की वजह से लगभग खत्म हो गया था। वह निश्चित रूप से सूर्यवंशी जितनी बार जोरदार स्विंग नहीं करते थे।''
शेड्यूल से सूर्यवंशी को हो सकती दिक्कत
सूर्यवंशी की अक्सर महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर से तुलना की जाती है। सचिन ने भी कम उम्र से ही सुर्खियां बटोरना शुरू कर दिया था। लेकिन साल 2004 में टेनिस एल्बो इंजरी के कारण सचिन का करियर खतरे में पड़ गया था। उन्हें 24 साल के करियर में शरीर पर कई चोटें लगीं लेकिन एल्बो इंजरी ने सचिन को सबसे ज्यादा डराया था। समय बदल गया है। अब काफी बिजी शेड्यूल होता है। ऐसे में कलिनन का मानना है कि सूर्यवंशी को भी इसी तरह की दिक्कत होने का ज्यादा रिस्क है।
'मुझे उसके लंबे भविष्य और सेहत की चिंता'
70 टेस्ट और 138 वनडे खेलने वाले कलिनन ने एक कमेंट का जवाब देते हुए लिखा, ''मुझे लगता है कि वह काफी सख्त रूटीन फॉलो कर रहा होगा। मुझे लगता है कि वह अभी भी बढ़ रहा है। जोड़, लिगामेंट, मांसपेशियां भी बढ़ रही हैं? उनपर जोर पड़ेगा, मैं आपको यकीन दिला सकता हूं।'' उन्होंने कहा, ''मैं कुछ ऐसे खिलाड़ियों को जानता हूं जिन्हें कलाई की पुरानी समस्याएं थीं। हम हल्के बल्ले इस्तेमाल करते थे, बहुत कम क्रिकेट खेलते थे। वह अभी भी बढ़ रहा है, जिसे याद रखने की जरूरत है। आज की ट्रेनिंग और रिकवरी के तरीके मदद करेंगे लेकिन मुझे उसके लंबे भविष्य और सेहत की चिंता है।''



