पाकिस्तान के 'मिस्ट्री स्पिनर' उस्मान तारिक के खिलाफ क्या हो भारत की रणनीति? आर अश्विन ने बताया
दिग्गज स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने पाकिस्तान के ऑफ स्पिनर उस्मान तारिक की अनूठी साइड आर्म ऐक्शन से की गई गेंदों का सामना करने के लिए भारतीय बल्लेबाजों के लिए एक सरल सुझाव दिया है। उन्होंने कहा कि जब 'वह गेंद फेंकने से पहले रुके तो बस क्रीज से दूर हट जाएं।'

दिग्गज स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने पाकिस्तान के ऑफ स्पिनर उस्मान तारिक की अनूठी साइड आर्म ऐक्शन से की गई गेंदों का सामना करने के लिए भारतीय बल्लेबाजों के लिए एक सरल सुझाव दिया है। उन्होंने कहा कि जब 'वह गेंद फेंकने से पहले रुके तो बस क्रीज से दूर हट जाएं।'
तीस वर्षीय तारिक की रुक-रुक कर गेंदबाजी करने की शैली काफी चर्चा में है। उन्होंने अब तक केवल चार टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं और प्रति ओवर छह रन से भी कम के इकॉनमी रेट से 11 विकेट लिए हैं।
भारत और पाकिस्तान के बीच रविवार को होने वाले मैच में वह प्रेमदासा स्टेडियम की धीमी पिच पर निर्णायक भूमिका निभा सकते हैं।
अश्विन ने अपने यूट्यूब चैनल 'ऐश की बात' पर कहा, 'अगर गेंदबाज़ गेंद फेंकने से पहले थोड़ा रुक जाता है, तो बल्लेबाज़ को दूर हटने का अधिकार है। वह कह सकता है कि 'मुझे लगा कि वह रुक रहा है।' यह एक दिलचस्प मामला होगा और अंपायर के लिए बड़ी परेशानी खड़ी कर देगा।'
उन्होंने कहा, 'अगर मैं वहां होता तो मैं भी यही करता। मैच जीतने के लिए नियमों के दायरे में रहकर हर संभव प्रयास करना चाहिए। मैं बस इतना कहता कि मुझे नहीं पता कि वह गेंद कब छोड़ेगा और मैं एक तरफ हट जाता। अगर मैं हट जाता हूं, तो यह अंपायर की जिम्मेदारी होगी।'
अश्विन ने कहा, ‘मैच के बीच में उस्मान तारिक पर पड़ने वाले दबाव की कल्पना कीजिए। यह एक अविश्वसनीय रोमांचक अनुभव होगा। वह उनकी टीम का तुरुप का इक्का है। जरा सोचिए अगर बल्लेबाज इस तरह की प्रतिक्रिया करता है तो वह क्या कर सकता है।’
तारिक के अनोखे ऐक्शन को लेकर क्रिकेट जगत की अलग-अलग राय है। अश्विन ने पहले उनका समर्थन किया था।
पाकिस्तान तारिक का इस्तेमाल बहुत कम कर रहा है। इंग्लैंड के पूर्व कप्तान केविन पीटरसन ने उनके गेंद फेंकने से पहले थोड़ी देर के लिए रुकने की शैली को अवैध करार दिया था जिसके बाद से वह क्रिकेट जगत में चर्चा का विषय बने हुए हैं।

लेखक के बारे में
Chandra Prakash Pandeyचन्द्र प्रकाश पाण्डेय, असिस्टेंट एडिटर
चन्द्र प्रकाश पाण्डेय वर्तमान में लाइव हिंदुस्तान में स्पोर्ट्स सेक्शन के इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में करीब दो दशक का अनुभव रखने वाले चन्द्र प्रकाश को जटिल विषयों का सरल विश्लेषण करने में महारत हासिल है। बचपन में न्यूज के प्रति ऐसा प्रेम हुआ कि रात में रेडियो पर न्यूज बुलेटिन के दौरान पढ़ाई-लिखाई का अभिनय करते लेकिन कान और दिल-दिमाग ध्वनि तरंगों पर अटका रहता। तब क्या पता था कि आगे चलकर न्यूज की दुनिया में ही रचना-बसना है। रेडियो में कभी काम तो नहीं किया लेकिन उस विधा के कुछ दिग्गज प्रसारकों संग टीवी न्यूज की दुनिया में कदमताल जरूर किया। चन्द्र प्रकाश पाण्डेय ने टीवी पत्रकारिता से शुरुआत की। पेशे में पहला दशक टीवी न्यूज के ही नाम रहा जहां उन्होंने 'न्यूज24', 'श्री न्यूज', 'फोकस न्यूज', 'न्यूज वर्ल्ड इंडिया' और भोजपुरी न्यूज चैनल 'हमार टीवी' में अलग-अलग समय पर अलग-अलग भूमिकाएं निभाई। इस दौरान डेली न्यूज शो के साथ-साथ 'विनोद दुआ लाइव: आजाद आवाज' जैसे कुछ स्पेशल शो के लिए भी लेखन किया। अगस्त 2016 में उन्होंने 'नवभारत टाइम्स' के साथ डिजिटल जर्नलिज्म की दुनिया में कदम रखा। NBT में उन्होंने नेशनल, इंटरनेशनल, पॉलिटिक्स, जियोपॉलिटिक्स, क्राइम, स्पोर्ट्स, कोर्ट से जुड़ी खबरों का लेखन-संपादन किया। इस दौरान उन्होंने लोकसभा और विधानसभा चुनावों समेत महत्वपूर्ण विषयों पर कई स्पेशल सीरीज भी लिखी जिनमें लीगल न्यूज एक्सप्लेनर्स 'हक की बात' की एक लंबी श्रृंखला भी शामिल है। मार्च 2025 से वह लाइव हिंदुस्तान में शब्दाक्षरों के चौके-छक्के जड़ रहे हैं।
चन्द्र प्रकाश पाण्डेय मूल रूप से यूपी के देवरिया के रहने वाले हैं। गांव की मिट्टी में पलते-बढ़ते, खेत-खलिहान में खेलते-कूदते इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई की। उसके बाद मैथमेटिक्स का छात्र 'राजनीति कला है या विज्ञान?' में उलझ गया। बी.ए. और बी. एड. की पढ़ाई के बाद पत्रकारिता की ओर रुझान बढ़ा और मॉस कम्यूनिकेशंस में मास्टर्स किया। अभी भी सीखने-समझने का सतत क्रम जारी है।
और पढ़ें




