वैभव सूर्यवंशी को सबसे ज्यादा क्या पसंद है? रियान पराग ने खोला राज; बोले- हम सुनिश्चित करते हैं कि...
वैभव सूर्यवंशी को क्रिकेट के अलावा क्या-क्या पसंद है, इसको लेकर कप्तान रियान पराग ने बड़ा खुलासा किया है। आरसीबी के खिलाफ 6 विकेट से मिली जीत के बाद आरआर के कप्तान ने कहा कि वह सुनिश्चित करते हैं उसे सब मिलें।
वैभव सूर्यवंशी ने अपनी धमाकेदार बल्लेबाजी से आईपीएल 2026 में धूम मचाई हुई है। अभी तक उन्होंने इस सीजन 4 मैच खेले हैं और वह 200 रन का आंकड़ा छू चुके हैं। शुक्रवार, 10 अप्रैल को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ उन्होंने 26 गेंदों पर 8 चौकों और 7 गगनचुंबी छक्कों की मदद से 78 रनों की धुआंधार पारी खेली। उनकी इस इनिंग के दम पर ही राजस्थान रॉयल्स 202 रनों का टारगेट 18 ओवर में चेज करने में कामयाब रहा। वैभव को उनकी इस पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच के अवॉर्ड से नवाजा गया। RR vs RCB मैच के बाद राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग ने 15 साल के वैभव सूर्यवंशी की जमकर तारीफ की, इस दौरान उन्होंने बताया कि वैभव को बैटिंग के अलावा क्या-क्या पसंद है। साथ ही उन्होंने कहा कि वह और आरआर की टीम सुनिश्चित करती है कि वैभव को जो चाहिए वो मिले।
वैभव सूर्यवंशी बच्चों जैसी हरकतें करता है, वह इसमें खुश है
रियान पराग ने मैच के बाद वैभव सूर्यवंशी को लेकर कहा, “मुझे लगता है कि हर कोई उसे पसंद करता है। हर किसी को उसका साथ अच्छा लगता है। उसे खाने-पीने का शौक है। उसे बाहर घूमना-फिरना और ऐसी ही दूसरी चीजें पसंद हैं। इसलिए हम यह सुनिश्चित करते हैं कि उसे ये सब चीजें मिलें। और वह 16 साल का बच्चा है—या 15 साल का, जो भी हो। हां, वह बच्चों जैसी हरकतें करता है। और वह इसमें खुश है। उसे बैटिंग करना बहुत पसंद है। इसलिए हम यह सुनिश्चित करते हैं कि उसे बैटिंग का पूरा मौका मिले। और अगर वह इसी तरह बैटिंग करता रहा, तो मुझे लगता है कि उसे वह सब मिलेगा जो वह चाहता है।”
आरसीबी को हराने के बावजूद खुश नहीं रियान पराग
रियान पराग ने मैच को लेकर कहा, "पिछले सालों को ध्यान में रखते हुए, मुझे लगता है कि हमने यहां जितने भी मैच खेले हैं, उनमें से कुछ में हमारा प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा था, लेकिन आज मुझे लगता है कि हमारा खेल बहुत ही सधा हुआ था। बात हमेशा बेहतर बनने की होती है। मुझे लगता है कि जिस तरह से हमने गेंदबाजी की, जिस तरह से हमने शुरुआत की, उसे देखते हुए मैं 200 रन पर भी खुश होता। लेकिन मुझे लगता है कि जिस तरह से हमने बीच के ओवरों में वापसी की, उसके बाद भी मुझे लगता है कि हमने शायद 20 रन ज्यादा दे दिए। हमें थोड़ी और अच्छी गेंदबाजी करनी चाहिए थी, अपनी योजनाओं को और बेहतर तरीके से लागू करना चाहिए था। शायद मैंने कुछ गलत फैसले लिए, जिसकी वजह से हम उन्हें 170 के आस-पास के स्कोर पर नहीं रोक पाए। लेकिन हां, हर मैच में कुछ न कुछ सीखने को मिलता है।
गेंदबाजी करते समय क्या गलतियां हुईं?
मुझे लगता है कि कुछ गेंदें थोड़ी इधर-उधर पड़ गईं। यह एक ऐसी विकेट है जहां सीधे बल्ले से ज्यादा छक्के नहीं लगते, खासकर स्पिनरों के खिलाफ। इसलिए मुझे लगा कि कुछ मौकों पर हमने बल्लेबाजों को थोड़ी ज्यादा जगह दे दी, जिसका फायदा उन्होंने उठाया। इसलिए मुझे लगता है कि जैसे-जैसे हम आगे बढ़ेंगे, हम इन गलतियों से सीखेंगे और उन्हें दोहराने की कोशिश नहीं करेंगे।"
लेखक के बारे में
Lokesh Kheraलोकेश खेड़ा लाइव हिन्दुस्तान में बतौर डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर काम कर रहे हैं। हिंदी पत्रकारिता में इन्हें एक दशक से भी अधिक का अनुभव है। बचपन की अपनी रुचि को प्रोफेशनल करियर में तबदील करते हुए 2018 में बतौर खेल पत्रकार अपना सफर शुरू किया। क्रिकेट के साथ बॉक्सिंग, कबड्डी, बैडमिंटन, हॉकी, एथलेटिक्स समेत तमाम खेलों को बारीकी से कवर करते हैं। क्रिकेट टुडे के साथ उनकी पारी का आगाज हुआ, जहां उन्होंने वेबसाइड के साथ मैगजीन के लिए काम किया। इसके बाद वह इंडिया टीवी के साथ जुड़े और वहां तीन साल अपनी सेवाएं दी। इस दौरान ओलंपिक, कॉमनवेल्थ गेम्स, 2019 वनडे वर्ल्ड कप और 2021 टी20 वर्ल्ड कप जैसे तमाम इवेंट कवर किए और कई इंटरव्यू भी लिए, जिसमें दानिश कनेरिया और चेतन साकारिया जैसे इंटरनेशनल स्टार शामिल हैं। लाइव हिन्दुस्तान के साथ वह फरवरी 2022 जुड़े। यहां भी उन्होंने कॉमनवेल्थ, ओलंपिक, 2023 वनडे वर्ल्ड कप, 2024 टी20 वर्ल्ड कप, 2025 चैंपियंस ट्रॉफी जैसे बड़े-बड़े इंटरनेशनल इवेंट को बखूबी कवर किया और नई सचें सीखने में हमेशा रुचि रखते हैं। क्रिकेट पढ़ने लिखने के अलावा खुद खेलना भी पंसद करते हैं। इसके अलावा किताबें पढ़ना भी पंसद है।
और पढ़ें


