विजय हजारे ट्रॉफी में थमने का नाम नहीं ले रहे देवदत्त पडिकल, त्रिपुरा के खिलाफ जड़ा टूर्नामेंट का चौथा शतक
विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 में कर्नाटक के सलामी बल्लेबाज देवदत्त पडिकल का बल्ला रुकने का नाम नहीं ले रहा है। पडिकल इस समय अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ फॉर्म में हैं और उन्होंने त्रिपुरा के खिलाफ खेलते हुए टूर्नामेंट का अपना चौथा शतक जड़ दिया है।

विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 में कर्नाटक के सलामी बल्लेबाज देवदत्त पडिकल का बल्ला रुकने का नाम नहीं ले रहा है। पडिकल इस समय अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ फॉर्म में हैं और उन्होंने त्रिपुरा के खिलाफ खेलते हुए टूर्नामेंट का अपना चौथा शतक जड़ दिया है। वह इस सीजन में अब तक सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में शीर्ष पर काबिज हैं।
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले जा रहे मुकाबले में पडिकल ने तब मोर्चा संभाला जब टीम ने मात्र 6 रन पर अपने दो प्रमुख विकेट मयंक अग्रवाल और करुण नायर को खो दिए थे। उन्होंने स्मरण रविचंद्रन (60) के साथ 136 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी कर कर्नाटक को संकट से निकाला और टीम के स्कोर को 200 के पार पहुंचाया। देवदत् पडिकल मैच में कुल 120 गेंदों में 108 रन बनाकर आउट हुए। इस दौरान उन्होंने 8 चौके और 3 छक्के लगाए। पडिकल की शानदार पारी की वजह से कर्नाटक ने एक अच्छा स्कोर खड़ा किया है।
टूर्नामेंट में पडिकल का दबदबा ऐसा है कि उन्होंने पिछली पांच पारियों में चार बार 100 का आंकड़ा पार किया है। त्रिपुरा के खिलाफ इस पारी से पहले उन्होंने झारखंड के खिलाफ 147, केरल के खिलाफ 124 और पांडुचेरी के खिलाफ 113 रनों की तूफानी पारियां खेली थीं। इस शानदार प्रदर्शन के दौरान उनका औसत 101.50 और स्ट्राइक रेट 147 के करीब रहा है, जिससे उन्होंने विपक्षी गेंदबाजों पर पूरी तरह मानसिक दबाव बना रखा है। उनकी यह निरंतरता न केवल कर्नाटक को मजबूती दे रही है, बल्कि राष्ट्रीय चयनकर्ताओं का ध्यान भी अपनी ओर खींच रही है।
बता दें कि देवदत्त पडिकल आईपीएल फ्रेंचाइजी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का हिस्सा हैं ऐसे में उनकी शानदार फॉर्म आरसीबी के लिए बड़ी खुशखबरी है। साथ ही लंबे समय से भारतीय टीम से बाहर चल रहे पडिकल के लिए वापसी करने में भी यह फॉर्म अहम भूमिका निभाएगी। पडिकल भारत के उन खिलाड़ियों में से हैं, जिन्होंने टी-20 और टेस्ट टीम में भारत का प्रतिनिधित्व किया है। पडिकल ने अपना टी-20 अंतरराष्ट्रीय डेब्यू साल 2021 में किया था, जबकि उन्हें टेस्ट टीम में भारत की तरफ से खेलने का मौका पहली बार साल 2024 में दिया गया। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का उनका सैंपल साइज काफी छोटा है। उन्होंने अब तक भारत के लिए 2 टेस्ट और 2 टी-20 मैच खेले हैं। हालांकि, इस खिलाड़ी में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, जिसका प्रदर्शन उन्होंने कई बार आईपीएल में और अब लगातार विजय हजारे ट्रॉफी में कर रहे हैं।






