वेस्टइंडीज ने T20I में दर्ज की अपनी सबसे बड़ी जीत, भारत 250 रन नहीं कर पाया डिफेंड
वेस्टइंडीज ने भारत को दूसरे टी20 मैच में 6 विकेट से हराया। हाईस्कोरिंग मुकाबले में भारत द्वारा मिले 250 रनों के लक्ष्य को वेस्टइंडीज ने 18.3 ओवर में ही हासिल कर लिया। वेस्टइंडीज का टी20 इंटरनेशनल में ये सबसे सफल रन चेज भी बना।

वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम ने भारत के खिलाफ दूसरे टी20 मैच में धमाकेदार जीत हासिल करते हुए टी20 इंटरनेशनल में अपना सबसे सफल रन चेज किया। वेस्टइंडीज की इस ऐतिहासिक जीत में शे होप ने शतक लगाया। रांची में खेले गए हाईस्कोरिंग मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 249 रन बनाए। वेस्टइंडीज के सामने 250 रनों का विशाल लक्ष्य था। इसके जवाब में मयंक यादव ने पहले ही ओवर में दो झटके देखकर वेस्टइंडीज को बैकफुट पर धकेल दिया। लेकिन शे होप और शेरफेन रदरफोर्ड के बीच चौथे विकेट के लिए हुए 120 रनों की साझेदारी ने मैच का पासा पलट दिया। शे होप ने छक्का लगाकर टीम को जीत दिलाई और अपना शतक भी पूरा किया। इस जीत के साथ वेस्टइंडीज ने पांच मैचों की टी20 सीरीज 1-1 से बराबर की।
शे होप और रदरफोर्ड ने मचाया तहलका
भारत के पांच विकेट पर 249 रन के जवाब में वेस्टइंडीज के लिये होप ने 45 गेंद में छह चौकों और नौ छक्कों की मदद से नाबाद 102 रन बनाये । वहीं शेरफान रदरफोर्ड ने 37 गेंद में 84 रन बनाये जिसमें सात चौके और सात छक्के शामिल थे ।इन दोनों पारियों की मदद से वेस्टइंडीज ने 18 . 3 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया।
पहले टी20 में अर्धशतक जमाने वाले होप ने उसी लय को कायम रखते हुए शतक जड़ा। उन्होंने अक्षर पटेल को छक्का लगाकर दूसरा टी20 शतक पूरा किया और टीम को जीत तक पहुंचाया। रदरफोर्ड ने उनका पूरा साथ दिया और सिर्फ 54 गेंद में 120 रन की साझेदारी की । रदरफोर्ड को 38 के स्कोर पर जीवनदान मिला था जब कुलदीप यादव की गेंद पर मयंक यादव ने उनका आसान कैच छोड़ा । इस जीवनदान का भारत को बड़ा खामियाजा भुगतना पड़ा। रोमारियो शेफर्ड ने आखिर में 13 गेंद में 34 रन बनाए।
सैमसन ने ठोके 82 रन
इससे पहले पिछले चार मैचों में खराब प्रदर्शन के बाद सैमसन ने 21 गेंदों में अपना नौवां टी20 अर्धशतक जमाया । उन्होंने ईशान किशन (22 गेंदों में 43 रन) के साथ 97 रन की साझेदारी की । दोनों ने 11 ओवर के बाद 12 की रनरेट से भारत को एक विकेट पर 139 रन तक पहुंचाया । अपने घरेलू मैदान पर खेल रहे ईशान ने अपनी पारी में छह चौके और दो छक्के लगाए। ऑफ स्पिनर रोस्टन चेस ने इस साझेदारी को तोड़ा और लगातार दो विकेट लिए।
ईशान और शिवम दुबे (सात) दोनों बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में बोल्ड हुए । दुबे को चौथे नंबर पर भेजने का फैसला गलत साबित हुआ और वह दस गेंद खेलकर विकेट गंवा बैठे। सैमसन 15वें ओवर में आउट हुए और शतक से 18 रन से चूक गए । स्प्रिंगर की गेंद पर उन्होंने डीप बैकवर्ड प्वाइंट पर कामिल पूरन को कैच दिया।
भारत ने बीच के ओवरों में 23 रन के भीतर तीन विकेट गंवाये । लखनऊ में पिछले मैच में अपना पहला टी20 शतक लगाने वाले कप्तान श्रेयस ने उस लय को कायम रखते हुए 18 गेंद में 40 रन बनाये जबकि तिलक ने 18 गेंद में 44 रन की पारी खेली।


