शिमरोन हेटमायर ने वेस्टइंडीज को जिताया आखिरी वनडे मैच, मगर न्यूजीलैंड ने किया सीरीज पर कब्जा
शिमरोन हेटमायर ने वेस्टइंडीज को 5 मैचों की वनडे सीरीज का आखिरी मुकाबला जिताया। हालांकि, सीरीज में न्यूजीलैंड की टीम को जीत मिली, क्योंकि पहला मैच हारने के बाद कीवी टीम ने लगातार 3 मैच जीतकर सीरीज कब्जाई थी।

वेस्टइंडीज और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की वनडे इंटरनेशनल सीरीज का समापन हो गया है। मेजबान वेस्टइंडीज ने इस सीरीज में जीत के साथ शुरुआत की थी और आखिरी मैच में भी जीत हासिल की, लेकिन फिर भी सीरीज को मेहमान टीम न्यूजीलैंड ने जीता। इसके पीछे का कारण यह है कि भले ही कैरेबियाई टीम पहले और आखिरी मैच को जीती, लेकिन बीच के तीनों मैच कीवी टीम ने जीते और सीरीज पर चौथे मैच के बाद ही कब्जा कर लिया था। इस तरह आखिरी मैच की जीत वेस्टइंडीज के लिए सिर्फ सांत्वना के रूप में आई, जिसमें शिमरोन हेटमायर ने कमाल की पारी खेली।
मैच की बात करें तो वेस्टइंडीज की टीम के कप्तान शाई होप ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी थी। न्यूजीलैंड की टीम पहले बल्लेबाजी करने उतरी और 50 ओवर में 9 विकेट खोकर 268 रन बनाने में सफल रही। 71 गेंदों में 69 रनों की पारी टॉम लैथम ने खेली, जबकि 80 गेंदों में 64 रन निक केली ने बनाए। इसके अलावा 56 रन सलामी बल्लेबाज विल यंग के बल्ले से आए। इनके अलावा कोई बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका। वेस्टइंडीज की ओर से 2-2 विकेट अल्जारी जोसेफ और विटेल लॉज को मिले, जबकि एक-एक सफलता मैथ्यू फोर्ड, जेडन सील्स और गुडाकेश मोती को मिली।
वेस्टइंडीज की टीम के सामने 269 रनों का टारगेट था। शुरुआत टीम को अच्छी मिली। हालांकि, 57 रन पर पहला विकेट गिरने के बाद दूसरा विकेट 2 रनों के बाद गिरा, लेकिन इसके बाद फिर से एक साझेदारी हुई। इस तरह छोटी-छोटी साझेदारियों के दम पर वेस्टइंडीज ने 8 विकेट खोकर 47.3 ओवर में हासिल कर लिया। 2 विकेट से वेस्टइंडीज की टीम इस मैच को जीतने में सफल रही, लेकिन सीरीज कीवी टीम ने 3-2 से अपने नाम की।
हेटमायर ने वेस्टइंडीज को दिलाई जीत
वेस्टइंडीज की ओर से 64 गेंदों में नाबाद 69 रनों की पारी खेली, जिसमें उन्होंने 2 चौके और 4 छक्के जड़े। शेरफन रदरफोर्ड ने भी 58 गेंदों में 61 रन बनाए। उन्होंने 2 चौके और 5 छक्के जड़े। 39 रन कप्तान शाई होप ने बनाए, जबकि 34 रन की पारी अकीम अगस्ते ने खेली। 22 रन जस्टिन ग्रीव्स और 20 रन कीसी कार्टी के बल्ले से आए। कीवी टीम के लिए 3-3 विकेट जैकब डफी और जेडन लेनोक्स ने निकाले, जबकि एक-एक सफलता नैथन स्मिथ और माइकल ब्रैसवेल को मिली। इस मैच में प्लेयर ऑफ द मैच शिमरोन हेटमायर रहे, जबकि प्लेयर ऑफ द सीरीज का अवॉर्ड जेडन लेनोक्स ने अपने नाम किया, जिन्होंने शानदार गेंदबाजी इस सीरीज में की।



