काप ने हमसे मुकाबला छीन लिया, दो मैच बचे हैं, अच्छा प्रदर्शन करेंगे, हार के बाद कप्तान हरमनप्रीत कौर ने दिया बयान
दक्षिण अफ्रीका से 6 विकेट से हार मिलने के बाद कप्तान हरमनप्रीत कौर ने कहा कि हमारे हाथ से काप ने मैच छीन लिया। मिले हुए मौकों को हमने नहीं भुनाया। दो मैच बचे हैं जिनमें हम अच्छा प्रदर्शन करेंगे और सेमीफाइनल में पहुंचने का प्रयास करेंगे।

भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने रविवार को मेनचेस्टर में आईसीसी महिला टी20 विश्व कप के ग्रुप एक के मैच में दक्षिण अफ्रीका से मिली हार के बाद कहा कि टीम मिले मौकों का फायदा नहीं उठा सकी। मारिजाने काप ने जीवनदान का पूरा फायदा उठाते हुए 45 गेंद में सात चौके और चार छक्के जड़ित 81 रन की नाबाद पारी खेली जिससे दक्षिण अफ्रीका ने भारतीय टीम को पांच गेंद रहते छह विकेट से हरा दिया। काप का कैच दो बार स्थानापन्न क्षेत्ररक्षक राधा यादव ने छोड़ा। इससे दक्षिण अफ्रीका ने 19.1 ओवर में चार विकेट पर 161 रन बनाकर दूसरी जीत दर्ज की जिससे टीम अंक तालिका में चार अंक लेकर भारत (चार अंक) के बाद तीसरे स्थान पर पहुंच गई है।
काप ने हमसे मैच छीन लिया
भारतीय टीम ने दीप्ति शर्मा के 29 रन और कप्तान हरमनप्रीत कौर के 24 रन की मदद से मुश्किल और असमान उछाल वाली पिच पर 20 ओवर में सात विकेट पर 158 रन बनाए। सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा ने 15 गेंद में 31 रन की पारी खेली। हरमनप्रीत ने मैच के बाद कहा, '' हमारे पास कुछ मौके आए थे लेकिन हम उन्हें भुना नहीं पाए। लेकिन अभी दो मैच बाकी हैं और हम बेहतर करने का प्रयास करेंगे। ‘’ बाएं हाथ की स्पिनर श्री चरणी ने चार ओवर में एक मेडन से 24 रन देकर तीन विकेट झटके। कप्तान कौर ने कहा, ''श्री चरणी और शेफाली ने अच्छी गेंदबाजी की लेकिन क्षेत्ररक्षकों से उन्हें अधिक मदद नहीं मिली। ‘’ हरमनप्रीत ने कहा, ''हम हमेशा यह बात करते हैं कि हमें अच्छा क्षेत्ररक्षण करना है। लेकिन काप ने हमसे मैच छीन लिया। उन्होंने हमें मौके दिए लेकिन हम उनका फायदा नहीं उठा सके। ''
भारत के दो मैच शेष हैं, जिन्हें जीतना जरूरी
बता दें कि मेनचेस्टर में खेले गए मैच में भारतीय टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। भारतीय टीम की ने निर्धारित 20 ओवरों में 7 विकेट के नुकसान पर 158 रन बनाए और 159 रनों का लक्ष्य दिया जिसे काप और बिट्स की शानदार पारियों की मदद से दक्षिण अफ्रीका ने 6 विकेट से जीत लिया। भारत की ओर से श्री चरणी ने इस मैच में 3 विकेट लिए। भारत के लिए यह मैच सेमीफाइनल के लिहाज से अहम था। अब टीम इंडिया के अगले दो मैच में बांग्लादेश और ऑस्ट्रेलिया से हैं और सेमीफाइनल में पहुंचना है तो इन दोनों मुकाबलों में जीतना ही होगा, क्योंकि दक्षिण अफ्रीका के अगले दो मुकाबले नीदरलैंड और बांग्लादेश से हैं तो उसका जीतना तय ही माना जा रहा है।



