Hindi Newsक्रिकेट न्यूज़We have players who can change the course of a match says Mathew Breetzke ahead of the ind vs sa third ODI
IND vs SA: हमारे पास ऐसे खिलाड़ी जो मैच का रुख बदल सकते हैं; तीसरे वनडे से पहले ब्रीट्जके की हुंकार

IND vs SA: हमारे पास ऐसे खिलाड़ी जो मैच का रुख बदल सकते हैं; तीसरे वनडे से पहले ब्रीट्जके की हुंकार

संक्षेप:

दूसरे वनडे में भारत के खिलाफ 358 रन के लक्ष्य का सफल पीछा करने के बाद दक्षिण अफ्रीका के हौसले बुलंद हैं। तीसरे और निर्णायक वनडे से पहले उसके बल्लेबाज मैथ्यू ब्रीट्जके ने कहा है कि उनके पास कई ऐसे खिलाड़ी हैं जो मैच का रुख बदल सकते हैं। हालांकि उन्होंने कहा कि भारत भी कोई कसर नहीं छोड़ेगा। 

Dec 05, 2025 04:33 pm ISTChandra Prakash Pandey लाइव हिन्दुस्तान, विशाखापत्तनम, भाषा
share Share
Follow Us on

दक्षिण अफ्रीका के बल्लेबाज मैथ्यू ब्रीट्जके इस बात को अच्छी तरह से समझते हैं कि भारत शनिवार को विशाखापत्तनम में होने वाले तीसरे और अंतिम एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में उनकी टीम के सामने कड़ी चुनौती पेश करेगा। हालांकि उन्हें इससे पार पाने के लिए अपनी संतुलित बल्लेबाजी पर भरोसा है। उन्होंने कहा कि दक्षिण अफ्रीका के पास ऐसे खिलाड़ी हैं जो मैच का रुख बदल सकते हैं।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

तीन मैचों की श्रृंखला 1-1 से बराबर है और भारत को दक्षिण अफ्रीका से लगातार दूसरी श्रृंखला में पराजय से बचने के लिए हर हाल में जीत दर्ज करनी होगी। इससे पहले टेस्ट श्रृंखला में उसे 0-2 से हार का सामना करना पड़ा था।

ब्रीट्जके ने तीसरे वनडे की पूर्व संध्या पर कहा, ‘हम जानते हैं कि हमें एक बहुत अच्छी टीम का सामना करना होगा। हमें पता है कि वह जीत हासिल करने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। यह एक ऐसा मैच है जिसमें दोनों टीम के लिए जीत हासिल करना जरूरी है इसलिए यह एक बहुत अच्छा मुकाबला होने वाला है।’

ये भी पढ़ें:रोहित-कोहली से फिर प्रदर्शन की उम्मीद, निर्णायक मैच में गेंदबाजों पर होगी निगाह

इस 27 वर्षीय बल्लेबाज ने कहा कि पिछले दो मैचों में दक्षिण अफ्रीका के मध्य और निचले क्रम ने अच्छा प्रदर्शन करके टीम की बल्लेबाजी को संतुलन प्रदान किया है जो कि उनकी टीम का मजबूत पक्ष बन गया है।

दक्षिण अफ्रीका के लिए निचले क्रम में मार्को यानसन और कॉर्बिन बॉश जैसे बल्लेबाजों की मौजूदगी वरदान साबित हुई।

ब्रीट्जके ने कहा, ‘हमारी टीम में अच्छा संतुलन है। हमारे निचले क्रम में कुछ खिलाड़ी अच्छे बल्लेबाज हैं। हमारे पास (डेवाल्ड) ब्रेविस, यानसन और कॉर्बिन जैसे खिलाड़ी हैं जो मैच का रुख बदल सकते हैं।’

उन्होंने कहा, ‘इसलिए मुझे लगता है कि हम एक-दूसरे के पूरक हैं। अभी हमारे बल्लेबाज आत्मविश्वास से भरे हुए हैं और हमें कल फिर से अच्छा प्रदर्शन करना होगा।’

ब्रीट्जके ने कहा कि पावर-हिटर्स की मौजूदगी से शीर्ष क्रम के बल्लेबाज सहज होकर खेल सकते हैं।

ये भी पढ़ें:क्या कोहली ने कभी सेंचुरी की हैट्रिक लगाई? विशाखापट्टनम में चौंकाने वाला रिकॉर्ड

उन्होंने कहा, ‘इससे हमारे शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों को आत्मविश्वास मिलता है क्योंकि उन्हें पता है कि हमारे निचले क्रम में यानसन और बॉश हैं। इससे हमारे बल्लेबाज थोड़ा सहज होकर खेल सकते हैं क्योंकि वे जानते हैं कि टीम के निचले क्रम में विस्फोटक बल्लेबाज हैं।’

ब्रीट्जके ने कहा कि हाल ही में पाकिस्तान दौरे से उन्हें चौथे नंबर पर बल्लेबाजी की नई भूमिका के अनुकूल ढलने में मदद मिली।

उन्होंने कहा, ‘निश्चित तौर पर इससे मदद मिली। मुझे लगता है कि पाकिस्तान में हालात काफ़ी अलग थे, लेकिन ज़ाहिर है कि अब मुझे चौथे नंबर पर बल्लेबाज़ी करने का ज़्यादा अनुभव है। अब मैं इस नंबर पर थोड़ा ज़्यादा सहज महसूस करने लगा हूं। उम्मीद है कि मैं आगे इस नंबर पर खेलते हुए और बेहतर प्रदर्शन करूंगा।’

ब्रीट्जके ने कहा कि यदि उन्हें पहले बल्लेबाजी करनी पड़ी तो दक्षिण अफ्रीका के पास ऐसी स्थिति से निपटने की योजना है।

उन्होंने कहा, ‘हमने देखा है कि ओस ने (पहले दो मैचों में) बड़ी भूमिका निभाई है। निश्चित तौर पर बाद में बल्लेबाजी करने का हमें फायदा मिला लेकिन अगर हमें पहले बल्लेबाजी करनी पड़ी तो हम इसके लिए योजना तैयार करेंगे।’

Chandra Prakash Pandey

लेखक के बारे में

Chandra Prakash Pandey
चन्द्र प्रकाश पाण्डेय टीवी पत्रकारिता से शुरुआत। न्यूज24, हमार टीवी, श्री न्यूज, फोकस न्यूज और न्यूज वर्ल्ड इंडिया में अलग-अलग भूमिकाओं के बाद 2016 में नवभारत टाइम्स.कॉम के साथ डिजिटल पारी का आगाज। देश, दुनिया, राजनीति, खेल, अदालत, अपराध से जुड़ीं खबरों पर लेखन। एनबीटी में करीब 9 साल की शानदार पारी के बाद मार्च 2025 से लाइव हिंदुस्तान का हिस्सा और स्पोर्ट्स डेस्क इंचार्ज। मूल रूप से यूपी के देवरिया के निवासी। सीखने और समझने के सतत क्रम में भरोसा। और पढ़ें
लेटेस्ट क्रिकेट न्यूज, Cricket Live score, Asia Cup Schedule, Asia cup Points Table वाले खिलाड़ियों की जानकारी हिंदी में हिंदुस्तान पर |