हम जिम्बाब्वे, यूगांडा को हराते हैं; भारत के टी20 जीतने पर पाकिस्तानी क्रिकेटर ने अपनी ही टीम के लिए मजे
पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर अहमद शहजाद ने पाकिस्तानी टीम के मजे लेते हुए कहा कि हम तो सिर्फ जिम्बाब्वे, यूगांडा और केन्या से जीतते हैं। उन्होंने कहा कि भारत ने टी20 विश्व कप इसलिए जीता कि उसने बड़ी टीमों के खिलाफ खेलकर तैयारी की।

तीसरी बार टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जीतकर इतिहास रचने वाली भारतीय टीम की चर्चा हर तरफ है। देश में जहां इसे लेकर जश्न के दौर चल रहे हैं वहीं पाकिस्तान में इसे लेकर बहस के सिलसिले चल रहे हैं। टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में न्यूजीलैंड पर भारत की एकतरफा जीत पर पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर खूब चर्चा कर रहे हैं। कुछ तो भारतीय टीम की जमकर तारीफ कर रहे तो कुछ उसकी कामयाबी को किसी न किसी बहाने से कमतर बताने की कोशिश भी कर रहे। कुछ ऐसे भी हैं जो पाकिस्तानी टीम का ही मखौल उड़ा रहे। पूर्व क्रिकेटर अहमद शहजाद ने तो पाकिस्तानी टीम के मजे लेते हुए कहा कि हम तो सिर्फ जिम्बाब्वे, यूगांडा और केन्या से जीतते हैं।
'हारना मना है' शो पर अहमद शहजाद ने कहा कि भारत टॉप पर है क्योंकि उसने टॉप टीमों के खिलाफ तैयारी की। उन्होंने कहा, ‘वो बी, सी, डी टीम से नहीं खेलते। वो जिम्बाब्वे को हराके या वो यूगांडा को हराके या वो केन्या को हराके और उसके बाद स्टैट्स नहीं दिखा देते कि देखो जी कि ये फलाने हमारे प्लेयर ने इतना कर दिया। नहीं, वो बड़ी टीमों के खिलाफ बड़े मैच खेलते हैं। बड़ी-बड़ी सीरीज खेलते हैं। उनके पास प्लेयर के ऊपर प्लेयर बैठा हुआ है और ये जो फाइनल के अंदर...ये कोई नई बात नहीं है। ये भारत ने कोई पहली बार नहीं किया है। अच्छी टीमें राइट टाइम पर पिक करती हैं। पिछली दो मैच उठाकर देखिए। 250 किए। उनकी जगह पर हम होते तो 180 करते और उसके बाद कहते कि इतना तो कर दिया अब बोलर डिफेंड करे उसको।’
अहमद शहजाद ने ये भी कहा कि पाकिस्तान के पास टैलेंट की कमी नहीं है। उन्होंने कहा, ‘पाकिस्तान के पास टैलेंट की कमी नहीं है, हमारे सिस्टम में गड़बड़ी है। वहां पर क्या है- टैलेंट भी है और सिस्टम भी है। वे टैलेंट और सिस्टम के थ्रू प्लेयर प्रोड्यूस करते जा रहे हैं। ये प्लेयर कौन हैं? ये वो प्लेयर हैं संजू सैमसन जिसे कभी चांस ही नहीं मिलता। वह मैन ऑफ द सीरीज हो गया वर्ल्ड कप के अंदर। ये वो प्लेयर है ईशान किशन। उसको खिलाते ही नहीं हैं। डिसिप्लिन का कहकर साइड में किया हुआ था। वो भी डोमेस्टिक में परफॉर्म करके यहां आया और जितनी इम्पैक्टफुल इनिंग्स वो खेल रहा है...वह तैयार था। अभिषेक शर्मा कितने प्रेशर में था। उसने शो किया है फाइनल में 21 गेंद में 50 करके कि लो भाई ये लो, हम खड़े हुए हैं।’
टी20 विश्व कप के फाइनल में भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर तीसरी बार इस टूर्नामेंट का खिताब जीता। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर भारत को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया। भारत के दोनों ओपनरों संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा ने तूफानी शुरुआत दी और अनिवार्य पावर प्ले यानी शुरुआती 6 ओवरों में बिना किसी नुकसान के 92 रन ठोक डाले। अभिषेक शर्मा 21 गेंद में 52 रन बनाकर आउट हुए। संजू सैमसन ने 46 गेंदों में 89 रन की पारी खेली। ईशान किशन ने 25 गेंदों में 54 रन बनाए। आखिरी ओवर में शिवम दुबे ने 24 रन बटोरे। इस तरह भारत ने 5 विकेट के नुकसान पर 255 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया।
जवाब में न्यूजीलैंड की पूरी टीम 19 ओवर में 159 रन पर सिमट गई। प्लेयर ऑफ द मैच रहे जसप्रीत बुमराह ने बहुत की कसी गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में 15 रन देकर 4 विकेट चटकाए। अक्षर पटेल ने 3 विकेट झटके। संजू सैमसन को प्लेयर ऑफ द सीरीज के खिताब से नवाजा गया।
लेखक के बारे में
Chandra Prakash Pandeyचन्द्र प्रकाश पाण्डेय वर्तमान में लाइव हिंदुस्तान में स्पोर्ट्स सेक्शन के इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में करीब दो दशक का अनुभव रखने वाले चन्द्र प्रकाश को जटिल विषयों का सरल विश्लेषण करने में महारत हासिल है। बचपन में न्यूज के प्रति ऐसा प्रेम हुआ कि रात में रेडियो पर न्यूज बुलेटिन के दौरान पढ़ाई-लिखाई का अभिनय करते लेकिन कान और दिल-दिमाग ध्वनि तरंगों पर अटका रहता। तब क्या पता था कि आगे चलकर न्यूज की दुनिया में ही रचना-बसना है। रेडियो में कभी काम तो नहीं किया लेकिन उस विधा के कुछ दिग्गज प्रसारकों संग टीवी न्यूज की दुनिया में कदमताल जरूर किया। चन्द्र प्रकाश पाण्डेय ने टीवी पत्रकारिता से शुरुआत की। पेशे में पहला दशक टीवी न्यूज के ही नाम रहा जहां उन्होंने 'न्यूज24', 'श्री न्यूज', 'फोकस न्यूज', 'न्यूज वर्ल्ड इंडिया' और भोजपुरी न्यूज चैनल 'हमार टीवी' में अलग-अलग समय पर अलग-अलग भूमिकाएं निभाई। इस दौरान डेली न्यूज शो के साथ-साथ 'विनोद दुआ लाइव: आजाद आवाज' जैसे कुछ स्पेशल शो के लिए भी लेखन किया। अगस्त 2016 में उन्होंने 'नवभारत टाइम्स' के साथ डिजिटल जर्नलिज्म की दुनिया में कदम रखा। NBT में उन्होंने नेशनल, इंटरनेशनल, पॉलिटिक्स, जियोपॉलिटिक्स, क्राइम, स्पोर्ट्स, कोर्ट से जुड़ी खबरों का लेखन-संपादन किया। इस दौरान उन्होंने लोकसभा और विधानसभा चुनावों समेत महत्वपूर्ण विषयों पर कई स्पेशल सीरीज भी लिखी जिनमें लीगल न्यूज एक्सप्लेनर्स 'हक की बात' की एक लंबी श्रृंखला भी शामिल है। मार्च 2025 से वह लाइव हिंदुस्तान में शब्दाक्षरों के चौके-छक्के जड़ रहे हैं।
चन्द्र प्रकाश पाण्डेय मूल रूप से यूपी के देवरिया के रहने वाले हैं। गांव की मिट्टी में पलते-बढ़ते, खेत-खलिहान में खेलते-कूदते इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई की। उसके बाद मैथमेटिक्स का छात्र 'राजनीति कला है या विज्ञान?' में उलझ गया। बी.ए. और बी. एड. की पढ़ाई के बाद पत्रकारिता की ओर रुझान बढ़ा और मॉस कम्यूनिकेशंस में मास्टर्स किया। अभी भी सीखने-समझने का सतत क्रम जारी है।
और पढ़ें


