हम उतने बुरे नहीं जितने ये नतीजे दिखाते हैं; अफगानिस्तान से करारी हार पर बांग्लादेशी कप्तान

हम उतने बुरे नहीं जितने ये नतीजे दिखाते हैं; अफगानिस्तान से करारी हार पर बांग्लादेशी कप्तान

संक्षेप:

वनडे में अफगानिस्तान के हाथों रौंदे जाने के बाद बांग्लादेश के कप्तान मेहदी हसन ने कहा कि हम उतने भी बुरे नहीं हैं, जितने ये नतीजे दिखाते हैं। जरूरत है बस सुधार करने की लेकिन हम गलतियों से सीख नहीं रहे हैं।

Oct 15, 2025 02:56 pm ISTChandra Prakash Pandey लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली, वार्ता
share

बांग्लादेश के वनडे कप्तान मेहदी हसन का मानना है कि टीम अपनी गलतियों से नहीं सीख रही है, जिसका खामियाजा उन्हें 50 ओवरों के प्रारूप में भुगतना पड़ रहा है। अफग़ानिस्तान ने तीन मैचों की वनडे सीरीज में बंगलादेश का सफाया कर दिया, जिसमें बंगलादेश टीम की बल्लेबाजी बुरी तरह चरमरा गई।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

मेहदी ने कहा, "हम हर हार से नहीं सीख रहे हैं। हम जरूरत के मुताबिक सुधार नहीं कर पा रहे हैं। हममें कुछ क्षेत्रों में जरूर कमी है, लेकिन हमें इन खिलाड़ियों के साथ आगे बढ़ना होगा।" उन्होंने आगे कहा, "हमारे पास (टीम के) बाहर ज़्यादा खिलाड़ी नहीं हैं। हम उतने बुरे नहीं हैं जितना ये नतीजे दिखाते हैं, लेकिन हमें बस सुधार करना होगा और अपनी गलतियों को सुधारना होगा।"

बंगलादेश अफग़ानिस्तान के खिलाफ अपने पिछले दो मैचों में 30 ओवर से ज़्यादा बल्लेबाज़ी नहीं कर पाया, दूसरे मैच में 28.3 ओवर में 109 रन बनाने के बाद सीरीज के आखिरी मैच में 27.1 ओवर में 93 रन पर आउट हो गया।

मेहदी को लगता है कि अब उनकी पहली प्राथमिकता पूरे 50 ओवर तक बल्लेबाजी करना है। मेहदी ने कहा, “हमें 50 ओवर खेलने का लक्ष्य रखना होगा।”

read moreये भी पढ़ें:
AFG ने उड़ाए BAN के परखच्चे, 9 बल्लेबाज सिंगल डिजिट पर आउट; 200 रन से जीता मैच

उन्होंने कहा, "हम पिछले दो मैचों में ऐसा (50 ओवर तक बल्लेबाजी करने में) नाकाम रहे और मुझे लगता है कि हमें यह स्वीकार करना होगा कि एक बल्लेबाजी इकाई के तौर पर हमने खराब क्रिकेट खेला है।"

उन्होंने आगे कहा, "जब बल्लेबाज ज़िम्मेदारी नहीं लेते, तो टीम को नुकसान होता है। हर बल्लेबाज को ज़िम्मेदारी लेनी होगी। वरना हम संघर्ष करते रहेंगे। हम बिना रन बनाए मैच नहीं जीत सकते, चाहे परिस्थितियां कैसी भी हों।"

श्रृंखला हार की ज़िम्मेदारी लेने वाले मेहदी ने कहा कि टीम को अब जल्द से जल्द लय में आना होगा और उम्मीद है कि वेस्टइंडीज़ श्रृंखला से पहले अपने परिवार के साथ समय बिताने से उन्हें थोड़ी राहत मिलेगी।

उन्होंने कहा, "यह श्रृंखला हारने के बाद टीम निश्चित रूप से निराश है। हमें उम्मीद है कि अगर हम घर पर बचे उन दो दिनों में अपने परिवार के साथ समय बिता पाएं, तो हम नए सिरे से खेल पायेंगे।"

मेहदी ने कहा, "हर खिलाड़ी को अच्छा क्रिकेट न खेल पाने की ज़िम्मेदारी लेनी होगी। एक कप्तान के तौर पर मुझे भी यह ज़िम्मेदारी लेनी होगी। मुझे उम्मीद है कि हम अगली श्रृंखला से ही वापसी कर पायेंगे।"

बांग्लादेशी कप्तान ने कहा, "एक कप्तान के तौर पर, मैं चाहता हूं कि बल्लेबाज मानसिक रूप से मजबूत हों। मुझे रातोंरात सुधार की उम्मीद नहीं है। कोचिंग स्टाफ टीम को मानसिक रूप से मजबूत कर रहा है।" उन्होंने आगे कहा, "एक कप्तान के तौर पर मुझे भी ऐसा करना चाहिए।"

बांग्लादेश 18 अक्टूबर से वेस्टइंडीज के खिलाफ घरेलू मैदान पर तीन मैचों की एकदिवसीय श्रृंखला खेलेगा, दोनों टीमें 15 अक्टूबर को पहुंचेंगी।

पता चला है कि लिटन दास, जो साइड स्ट्रेन के कारण अफगानिस्तान के खिलाफ सीमित ओवरों की श्रृंखला से बाहर रहे थे, 14 अक्टूबर को स्कैन के बाद मेडिकल क्लीयरेंस का इंतज़ार कर रहे हैं। हालांकि, सूत्रों ने संकेत दिया है कि वह एकदिवसीय श्रृंखला के लिए उपलब्ध नहीं हो सकते हैं।

Chandra Prakash Pandey

लेखक के बारे में

Chandra Prakash Pandey
चन्द्र प्रकाश पाण्डेय टीवी पत्रकारिता से शुरुआत। न्यूज24, हमार टीवी, श्री न्यूज, फोकस न्यूज और न्यूज वर्ल्ड इंडिया में अलग-अलग भूमिकाओं के बाद 2016 में नवभारत टाइम्स.कॉम के साथ डिजिटल पारी का आगाज। देश, दुनिया, राजनीति, खेल, अदालत, अपराध से जुड़ीं खबरों पर लेखन। एनबीटी में करीब 9 साल की शानदार पारी के बाद मार्च 2025 से लाइव हिंदुस्तान का हिस्सा और स्पोर्ट्स डेस्क इंचार्ज। मूल रूप से यूपी के देवरिया के निवासी। सीखने और समझने के सतत क्रम में भरोसा। और पढ़ें
लेटेस्ट क्रिकेट न्यूज, Cricket Live score, Asia Cup Schedule, Asia cup Points Table वाले खिलाड़ियों की जानकारी हिंदी में हिंदुस्तान पर |