वसीम अकरम ने टीम मैनेजटमेंट को खुब सुनाया, 7 खिलाड़ियों को बाहर करने को बताया शर्मनाक
वसीम अकरम का मानना है कि इंग्लैंड दौरे के बीच से सात खिलाड़ियों और कोच को बाहर करने का फैसला शर्मनाक है। इंग्लैंड के खिलाफ पाकिस्तान को लगातार दो मैचों में हार का सामना करना पड़ा है।

पूर्व तेज गेंदबाज वसीम अकरम ने पाकिस्तान के टीम मैनेजमेंट को हैरान करने वाले फैसले लेने के लिए जमकर लताड़ लगाई है। उन्होंने कहा कि जब दौरे के बीच में 7 क्रिकेटर और दो कोच वापस लौट आएं तो ये टीम के लिए शर्मनाक होता है और यहां पर बातचीत की कमी दिखी। पाकिस्तान ने दूसरे टेस्ट के बाद कई बड़े फैसले किए और नए खिलाड़ियों को तीसरे टेस्ट के लिए टीम में बुलाया। हालांकि पहली पारी में पाकिस्तानी बल्लेबाजों ने फिर निराश किया। पाकिस्तान की बल्लेबाजी बेहद खराब रही। टीम पांच पारियों में 200 का आंकड़ा भी नहीं पार सकी।
टीम और कप्तान के लिए काफी शर्मनाक होता है
पाकिस्तान का टेस्ट क्रिकेट में पिछले कुछ साल का रिकॉर्ड बेहद निराशाजनक रहा है। टीम ने 21 मैच खेलते हुए 15 मुकाबले गंवाए हैं। लॉर्ड्स टेस्ट में 194 रनों से मिली हार के बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने सात खिलाड़ियों और दो कोच को वापस बुला लिया। जिसके बाद टीम ने तीसरे टेस्ट में चार बदलाव किए लेकिन खिलाड़ी उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सके। तीसरे मैच की पहली पारी में टीम 133 रन पर सिमट गई। कप्तान बाबर आजम का बल्ला इस मुकाबले में भी नहीं चला।
वसीम अकरम ने फुरकान भट्टी के यूट्यूब चैनल पर कहा, ''निरंतरता जरूरी है लेकिन कब तक? जब सात खिलाड़ी और दो कोच दौरे के बीच से लौट जाएं तो ये टीम के लिए और कप्तान के लिए काफी शर्मनाक होता है और यहां पर संवाद की कमी दिखी। मैं पाकिस्तान सुपर लीग में इन टीमों के साथ पिछले 4-5 सालों से रहा हूं इसलिए मैंने स्थिति करीब से देखी है। मेरे हिसाब से टैलेंट मौजूद है। कोच बदल सकते हैं, लेकिन मुख्य खिलाड़ी लगभग वही रहते हैं।''
बाबर को नहीं मालूम
दूसरे टेस्ट के बाद इमाम और रिजवान के अलावा सलमान अली आगा, अली उस्मान, आमिर जमाल, मुहम्मद अवैस जफर और खुर्रम शहज़ाद को इंग्लैंड से घर लौटने के लिए कहा गया। पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम ने तीसरे मैच से पहले बताया कि लॉर्ड्स टेस्ट के बाद पाकिस्तान की टीम में जो बड़े बदलाव किए गए, उसके बारे में न तो उन्हें कोई जानकारी थी, न ही उनसे कोई राय ली गई और न ही उनकी मंजूरी ली गई।
जो रूट का बतौर कप्तान ये दूसरा कार्यकाल है और वह पाकिस्तान को 3-0 से हराकर इसकी शुरुआत करना चाहेंगे। इंग्लैंड की टीम में भी काफी हलचल थी। न्यूजीलैंड के खिलाफ टीम को हार का सामना करना पड़ा और फिर बेन स्टोक्स ने कप्तानी छोड़ दी, जबकि ब्रेंडन मैकुलम हेड कोच के पद से हट गए थे।



