वॉशिंगटन सुंदर ने गौतम गंभीर को दिया किस बात का क्रेडिट, बोले- 'गौती भाई ने मुझे बताया कि...'

लाइव हिन्दुस्तान, बर्मिंघम, भाषा
Follow us on Google News
share

वॉशिंगटन सुंदर ने कहा कि मुख्य कोच गौतम गंभीर ने एक बल्लेबाज के रूप में उनके आत्मविश्वास को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इसके साथ ही उन्होंने गुजरात टाइटंस के मुख्य कोच आशीष नेहरा के प्रभाव को भी स्वीकार किया।

Axar Patel Washington Sundar

भारतीय ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर ने कहा कि वह बल्लेबाजी क्रम में किसी भी स्थान पर उतरने के लिए तैयार हैं क्योंकि उन्हें बल्लेबाजी में अलग-अलग भूमिकाएं रोमांचित करती हैं। वॉशिंगटन की खेल के विभिन्न प्रारूपों में भूमिकाएं बदलती रहती हैं। इंग्लैंड के खिलाफ मंगलवार को यहां खेले गए पहले एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैच में वह पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी करने के लिए आए और उन्होंने नाबाद 52 रन बनाए। भारत ने यह मैच छह विकेट से जीता। इस 26 वर्षीय खिलाड़ी ने अक्षर पटेल (नाबाद 57) के साथ 102 रन की अटूट साझेदारी की। कप्तान शुभमन गिल की 80 रन की पारी के बाद इन दोनों ने मिलकर भारत को लक्ष्य तक पहुंचाया।

वॉशिंगटन ने मैच के बाद संवाददाताओं से कहा, ''मुझे अलग-अलग भूमिकाएं निभाना रोमांचक लगता है। बहुत कम खिलाड़ियों को अलग-अलग भूमिकाएं निभाने का मौका मिलता है। इससे मुझे अलग-अलग परिस्थितियों में खेलने का मौका मिलता है।''

उन्होंने कहा, ''मैं टीम को जीत दिलाने के लिए अपनी तरफ से हर संभव प्रयास करता हूं। खेल की अलग-अलग परिस्थितियों और अलग-अलग चरणों में खेलना रोमांचक होता है।''

वॉशिंगटन ने कहा कि मुख्य कोच गौतम गंभीर ने एक बल्लेबाज के रूप में उनके आत्मविश्वास को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इसके साथ ही उन्होंने गुजरात टाइटंस के मुख्य कोच आशीष नेहरा के प्रभाव को भी स्वीकार किया।

उन्होंने कहा, ''गौती भाई (गौतम गंभीर) ने हमेशा मुझे बताया कि मैं बल्लेबाजी में क्या खास योगदान दे सकता हूं। उन्होंने मुझे मेरे खेल के बारे में समझाया। गुजरात टाइटंस में आशीष नेहरा ने मुझे एक व्यक्ति के रूप में और एक क्रिकेटर के रूप में खुद को बेहतर ढंग से समझने में बहुत मदद की है।''

वॉशिंगटन ने कहा,''एक ऑलराउंडर के रूप में मुझे लगता है कि हर दिन सुधार करने की कोशिश करना, अपने खेल को समझना और परिस्थिति के अनुसार खेलना बहुत जरूरी है। अधिक मैच खेलने से भी मदद मिलती है। आपको विभिन्न परिस्थितियों का सामना करने का मौका मिलता है। इससे आप समझ पाते हैं कि आप वास्तव में क्या कर सकते हैं। आपको बहुत कुछ सीखने को भी मिलता है।''

तमिलनाडु के इस क्रिकेटर ने कहा कि टीम को ऐसे खिलाड़ियों से बहुत फायदा मिलता है जो बल्ले और गेंद दोनों से योगदान दे सकते हैं।

वॉशिंगटन ने कहा, ''मेरे लिए ऑलराउंडर होना बहुत बड़ा सौभाग्य है। मेरा मतलब है कि किसी भी टीम में जितने अधिक ऑलराउंडर होंगे टीम को उतना अधिक फायदा मिलेगा क्योंकि तब आप परिस्थितियों के अनुसार खेल सकते हैं।''

उन्होंने कहा, ''आपको कभी यह नहीं सोचना चाहिए कि आपके पास विकल्पों की कमी है। हम दुनिया भर में बहुत क्रिकेट खेलते हैं। परिस्थितियां काफी अलग होती हैं। आज का दिन हम सभी के लिए अच्छा रहा।''

वॉशिंगटन ने कप्तान गिल और साथी ऑलराउंडर अक्षर पटेल की भी प्रशंसा की।

उन्होंने कहा, ''विकेट से गेंदबाजों को थोड़ी मदद मिल रही थी। शुभमन ने बहुत अच्छी बल्लेबाजी की और श्रेयस अय्यर के साथ उनकी साझेदारी बहुत महत्वपूर्ण थी। अक्षर ने शानदार बल्लेबाजी की और हर बार महत्वपूर्ण मौके पर चौके लगाए जिससे काम आसान हो गया।''

वॉशिंगटन ने तेज गेंदबाज गुरनूर बराड़ की भी प्रशंसा की, जिन्होंने नौ ओवर में 61 रन देकर बेन डकेट और जैकब बेथेल के विकेट लिए।

उन्होंने कहा, ''गुरनूर ने शुरू से अपना जज्बा दिखाया है। मैंने उन्हें पिछले कुछ वर्षों में गुजरात टाइटंस में एक साथ खेलते हुए करीब से देखा है। चाहे मैच हो या अभ्यास सत्र, वह हमेशा अपना सब कुछ झोंक देते हैं। इस मैच में जीत में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण रही।''

Lokesh Khera

लेखक के बारे में

Lokesh Khera

लोकेश खेड़ा लाइव हिन्दुस्तान में बतौर डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर काम कर रहे हैं। हिंदी पत्रकारिता में इन्हें एक दशक से भी अधिक का अनुभव है। बचपन की अपनी रुचि को प्रोफेशनल करियर में तबदील करते हुए 2018 में बतौर खेल पत्रकार अपना सफर शुरू किया। क्रिकेट के साथ बॉक्सिंग, कबड्डी, बैडमिंटन, हॉकी, एथलेटिक्स समेत तमाम खेलों को बारीकी से कवर करते हैं। क्रिकेट टुडे के साथ उनकी पारी का आगाज हुआ, जहां उन्होंने वेबसाइड के साथ मैगजीन के लिए काम किया। इसके बाद वह इंडिया टीवी के साथ जुड़े और वहां तीन साल अपनी सेवाएं दी। इस दौरान ओलंपिक, कॉमनवेल्थ गेम्स, 2019 वनडे वर्ल्ड कप और 2021 टी20 वर्ल्ड कप जैसे तमाम इवेंट कवर किए और कई इंटरव्यू भी लिए, जिसमें दानिश कनेरिया और चेतन साकारिया जैसे इंटरनेशनल स्टार शामिल हैं। लाइव हिन्दुस्तान के साथ वह फरवरी 2022 जुड़े। यहां भी उन्होंने कॉमनवेल्थ, ओलंपिक, 2023 वनडे वर्ल्ड कप, 2024 टी20 वर्ल्ड कप, 2025 चैंपियंस ट्रॉफी जैसे बड़े-बड़े इंटरनेशनल इवेंट को बखूबी कवर किया और नई सचें सीखने में हमेशा रुचि रखते हैं। क्रिकेट पढ़ने लिखने के अलावा खुद खेलना भी पंसद करते हैं। इसके अलावा किताबें पढ़ना भी पंसद है।

और पढ़ें
Cricket News लेटेस्ट मैच अपडेट Cricket Live Score, Cricket Schedule, और Cricket News in Hindi के लिए हमारे साथ जुड़े रहें। सभी बड़े मुकाबलों के पल-पल के अपडेट्स और देश-दुनिया की हर क्रिकेट खबर सबसे पहले पाने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।