
IND vs AUS: आउट होने के बाद विराट कोहली ने किया कुछ ऐसा कि लगने लगीं संन्यास की अटकलें
संक्षेप: एडिलेड में आउट होने के बाद जब वह पवैलियन लौट रहे थे तब उन्होंने कुछ ऐसा किया, जिससे उनके ओडीआई से संन्यास की अटकलें तेज हो गई हैं। लौटते वक्त उन्होंने अपने दाएं हाथ को ऊपर उठाया और सिर झुकाकर स्टेडियम में मौजूद दर्शकों का कुछ इस अंदाज में अभिवादन किया जैसे वो क्रिकेट को अलविदा कह रहे हों।
विराट कोहली ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे वनडे में भी शून्य पर आउट हुए। अब तक के 304 वनडे मैच के अपने करियर में पहली बार वह लगातार दो पारियों में खाता तक नहीं खोल पाए। एडिलेड में आउट होने के बाद जब वह पवैलियन लौट रहे थे तब उन्होंने कुछ ऐसा किया, जिससे उनके ओडीआई से संन्यास की अटकलें तेज हो गई हैं। लौटते वक्त उन्होंने अपने दाएं हाथ को ऊपर उठाया और सिर झुकाकर स्टेडियम में मौजूद दर्शकों का कुछ इस अंदाज में अभिवादन किया जैसे वो क्रिकेट को अलविदा कह रहे हों।

एडिलेड ओवल किंग कोहली के लिए बहुत ही खास रहा है। इस मैदान पर किसी भी विजिटिंग टीम का कोई बल्लेबाज उतना रन नहीं बनाया है जितना विराट कोहली ने। उन्होंने इस मैदान पर 975 अंतरराष्ट्रीय रन बनाए हैं।
कप्तान शुभमन गिल के रूप में जब 17 के स्कोर पर भारत का पहला विकेट गिरा तब किंग कोहली बल्लेबाजी के लिए आए। भीड़ ने शोर से उनका जबरदस्त स्वागत किया। लेकिन पर्थ की तरह वह एडिलेड में भी खाता खोलने में नाकाम रहे।
विराट कोहली ने 4 गेंदों का सामना किया और जेवियर बार्टलेट की गेंद पर एलबीडब्लू आउट हुए। गेंद उनके पैर से टकराई तब वह स्टंप के सामने थे। बार्टलेट की अपील के बाद मैदानी अंपायर ने उंगली उठा दी, जिसके बाद कोहली कुछ देर रोहित से बात भी किए कि रिव्यू लेना चाहिए या नहीं।
आउट होकर जब विराट कोहली वापस लौट रहे थे तब स्टेडियम में लगभग सन्नाटा था। उसके बाद भी वह दोनों ग्लव्स दाहिने हाथ में पकड़कर उसे उठाया और भीड़ की तरफ हिलाया। क्या किंग कोहली ने ऐसा इसलिए किया कि वह एडिलेड में आखिरी बार खेल रहे थे? या ये ओडीआई क्रिकेट को भी अलविदा कहने का संकेत है? इसे लेकर अटकलें शुरू हो गई है और लोग अपने-अपने हिसाब से किंग कोहली के भीड़ की तरफ हाथ हिलाकर अभिवादन का मतलब निकाल रहे हैं।






