श्रेयस अय्यर को नहीं बदलनी चाहिए अपनी बैटिंग पोजिशन, पूर्व क्रिकेटर की सलाह
पूर्व क्रिकेटर विवेक राजदान का मानना है कि संजू को पहले मैच में पारी की शुरुआत करनी चाहिए और श्रेयस को अपनी बैटिंग पोजिशन पर बने रहना चाहिए।

भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की टी20 सीरीज शनिवार से शुरू होने जा रही है। दोनों टीमें इसके लिए जमकर तैयारी कर रही है। श्रेयस की कप्तानी में भारतीय टीम चौथी बार टी20 सीरीज खेलने उतरेगी। हालांकि अब तक उनकी कप्तानी का रिकॉर्ड अच्छा नहीं रहा है और टीम ने दो सीरीज गंवाई है। इस सीरीज के लिए पूर्व क्रिकेटर संभावित प्लेइंग इलेवन को लेकर अपनी राय दे रहे हैं। पूर्व क्रिकेटर विवेक राजदान ने श्रेयस अय्यर को चौथे नंबर पर बने रहने का समर्थन किया है, जबकि वह संजू सैमसन को पहले टी20 मैच में पारी की शुरुआत करते हुए देखना चाहते हैं।
श्रेयस को जगह नहीं बदलनी चाहिए
भारतीय टीम रविवार को अरुण जेटली स्टेडियम में अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज खेलने उतरेगी। इस बार भारत के पास टॉप ऑर्डर के लिए काफी विकल्प मौजूद हैं। अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, वैभव सूर्यवंशी और संजू सैमसन भी वापस आ गए हैं। अय्यर भी टॉप ऑर्डर में खेल सकते हैं लेकिन राजदान का मानना है कि भारतीय कप्तान को शुरुआती मैच में अपनी जगह नहीं बदलनी चाहिए।
पूर्व क्रिकेटर विवेक राजदान ने कहा, ''मुझे लगता है कि श्रेयस अय्यर को इस समय अपना नंबर नहीं बदलना चाहिए। उसे नंबर चार पर ही रहना चाहिए। क्योंकि टॉप-3 के लिए आपके पास पहले से ही चार नाम हैं। आपके पास अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी और ईशान किशन हैं। लेकिन ये सभी बाएं हाथ के बल्लेबाज हैं। टीम में पहले से ही काफी बाएं हाथ के बल्लेबाज हैं। सिर्फ इसलिए प्लेइंग इलेवन में जगह मिलनी चाहिए कि वह दाएं हाथ का बल्लेबाज है, मैं इससे बिल्कुल सहमत नहीं हूं।"
प्रदर्शन मायने रखता है
उन्होंने आगे कहा, ''वो बल्लेबाज कौन है? उसका प्रदर्शन कैसा रहा है? ये काफी महत्वपूर्ण है। इसलिए अगर मेरे पास दाएं हाथ का बल्लेबाज नहीं है, जोकि ऐसा प्रदर्शन किया है। तो मैं कहूंगा कि आप सात बाएं हाथ के बल्लेबाज के साथ खेल सकते हैं। प्रदर्शन की एकमात्र रास्ता है। आप बाएं या दाएं से खेलते हैं ये कभी समस्या नहीं रही।''
सैमसन के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा, ''आपके पास एक ऐसा खिलाड़ी है, जिसने कुछ महीने पहले 300 से ज्यादा रन बनाकर आपको वर्ल्ड कप जिताया था। इसलिए वह बहुत अच्छा खिलाड़ी है। बतौर कप्तान कभी-कभी आप बैटिंग में लेफ्ट-राइट कॉम्बिनेशन के बारे में सोचते हैं। अगर सभी लेफ्ट-हैंडर खेलेंगे, तो विरोधी के लिए एक ही लाइन पर खेलना आसान हो जाएगा। अब हर खिलाड़ी की अपनी अहमियत है, अपनी खासियत है, अपनी ताकत है। इसलिए मुझे लगता है कि पहले मैच में भी संजू सैमसन को खेलाना चाहिए।''



