जो रूट तोड़ पाएंगे या नहीं सचिन तेंदुलकर का वर्ल्ड रिकॉर्ड? महान क्रिकेटर ने कर दी भविष्यवाणी
इंग्लैंड की टीम के मौजूदा टेस्ट कप्तान जो रूट क्या सचिन तेंदुलकर का टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने का वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ पाएंगे? इसको लेकर वेस्टइंडीज के महान क्रिकेटर विव रिचर्ड्स ने भविष्यवाणी की है।

इंग्लैंड की टेस्ट टीम के बल्लेबाज और कप्तान जो रूट भारतीय टीम के महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर का एक वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ने के बेहद करीब पहुंच रहे हैं। टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज अभी के लिए क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर हैं, लेकिन रूट उनसे अब ज्यादा दूर नहीं हैं। इस पर वेस्टइंडीज के पूर्व कप्तान विव रिचर्ड्स ने भविष्यवाणी की है और कहा है कि सचिन के इस महारिकॉर्ड को जो रूट भविष्य में जरूर तोड़ेंगे।
जो रूट 307 टेस्ट पारियों में 14,208 रन अब तक बना चुके हैं, जबकि सचिन तेंदुलकर ने 15,921 रन इस फॉर्मेट में बनाए हैं। विव रिचर्ड्स ने कहा कि अगर रूट इंग्लैंड के लिए खेलते रहे, तो उनके पास तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़ने का बहुत अच्छा मौका है। रिचर्ड्स ने टेस्ट मैच स्पेशल शो में कहा, "अच्छा, अगर वह कैप्टन है, तो क्यों नहीं? वह अभी कैप्टन है, इसलिए वह इसके लिए अच्छी जगह पर है। अगर वह ऐसा करने की कोशिश करता है तो इसमें कुछ भी गलत नहीं है। यह उसके लिए एक माइलस्टोन होगा और निश्चित रूप से सर जेफ्री बॉयकॉट को यह मैसेज जाएगा कि यॉर्कशायर से निकला सबसे अच्छा बैटर सर जेफ्री नहीं है। वह बैटन जो रूट को मिल जाएगी।"
इस बात पर बहस जारी है कि क्या रूट यह शानदार रिकॉर्ड बना पाएंगे या नहीं, लेकिन उनके पिता ने हाल ही में टॉकस्पोर्ट ब्रेकफास्ट चैनल पर कहा, "मुझे ऐसा नहीं लगता। पिछली बार जब वह कैप्टन थे... एक साल में, उन्होंने 1,700 रन बनाए थे। उन्होंने साबित कर दिया है कि कैप्टन होने से उनकी बैटिंग पर कोई असर नहीं पड़ता। जब तक वह फिट और फोकस्ड रहते हैं और उनमें खेलने की इच्छा बनी रहती है, तब तक कोई वजह नहीं है कि वह सचिन के रिकॉर्ड के आस-पास न पहुंचें।"
जो रूट के साथ है ये समस्या
जो रूट के साथ इस साल एक समस्या रही है कि वे ज्यादातर मौकों पर lbw आउट हुए हैं। हालांकि, रूट ने कहा है कि यह पैटर्न उनके लिए चिंता का विषय नहीं है। पाकिस्तान के खिलाफ जारी टेस्ट सीरीज के बीच में जो रूट ने कहा था, "मैंने यह गेम बहुत समय से खेला है और मैंने हमेशा उन प्रॉब्लम्स को सॉल्व करने और उनसे निपटने के तरीके ढूंढे हैं। मुझे नहीं लगता कि यह कोई अलग है। एक वजह है कि मैंने 14,000 रन बनाए हैं और एक वजह है कि मैंने इस लेवल पर 15 साल का सबसे अच्छा हिस्सा खेला है।"



