वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर बने कप्तान, वीनू मांकड़ ट्रॉफी में संभालेंगे दिल्ली अंडर-19 टीम की कमान
वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर को दिल्ली अंडर-19 टीम का कप्तान बनाया गया है। वह विनू मांकड़ ट्रॉफी में टीम की कप्तानी करेंगे।

आर्यवीर सहवाग को पहली बार लीडरशिप ग्रुप का हिस्सा बनाया है। दिल्ली एंड डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन ने शनिवार को विनू मांकड़ ट्रॉफी के लिए दिल्ली की टीम का ऐलान किया। 18 वर्षीय आर्यवीर को आगामी टूर्नामेंट के लिए दिल्ली अंडर-19 टीम का कप्तान बनाया गया है। विनू मांकड़ ट्रॉफी 8 अक्टूबर से विशाखापट्टनम में खेली जाएगी। आर्यवीर ने हाल ही में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ यूथ वनडे में अच्छा प्रदर्शन किया था।
आर्यवीर ने खेली थी बेहतरीन पारियां
भारतीय टीम के पूर्व सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर सहवाग ने पिछले महीने राजकोट में आयोजित हुई तीन मैचों की यूथ वनडे सीरीज में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व किया था। उन्होंने डेब्यू मैच में 26 गेंद में 28 रन की पारी खेली थी। भारत ने बारिश से प्रभावित मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया को सात रन से हराया था। इस मैच में पूर्व भारतीय कप्तान राहुल द्रविड़ के बेटे अन्वय ने मात्र 18 गेंदों में 38 रन बनाए। आर्यवीर के पदार्पण ने काफी सुर्खियां बटोरीं। सहवाग भी अपने बेटे को देखने के लिए स्टेडियम में मौजूद थे। अन्वय इस साल की शुरुआत में श्रीलंका में हुई युवा वनडे सीरीज में भारत की अंडर-19 टीम का प्रतिनिधित्व कर चुके थे। उन्होंने दूसरे वनडे में 47 रन की दमदार पारी खेली। हालांकि वह रन आउट होने के कारण पवेलियन लौटे और अर्धशतक नहीं पूरा कर सके।
भारत अंडर-19 टीम ने निरंजन शाह स्टेडियम में पहले बल्लेबाजी करते हुए सात विकेट पर 341 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। इसके जवाब में ऑस्ट्रेलिया की टीम 41.1 ओवर में 238 रन पर आउट हो गई। तीसरे मैच में आर्यवीर ने 34 रन बनाए। उन्होंने सीरीज में तीन मैचों में 109 रन बनाए। सहवाग ने 31 गेंद पर पांच चौकों की मदद से 34 रन बनाए और रायचंदानी के साथ पहले विकेट के लिए 58 रन जोड़े।
कूच बिहार ट्रॉफी में खेली दमदार पारी
अंडर-19 में सीरीज में खेलकर आर्यवीर को अच्छा अनुभव मिला होगा। उन्होंने दिल्ली प्रीमियर लीग 2026 में वेस्ट दिल्ली के लिए दो मैच खेले थे। उन्होंने 24 रन बनाए। इससे पहले उन्होंने 2024 में कूच बिहार ट्रॉफी में दिल्ली के लिए मेघालय के खिलाफ 297 रन बनाए थे।
वीनू मांकड़ ट्रॉफी के लिए दिल्ली अंडर-19 टीम
आर्यवीर सहवाग (कप्तान), तन्मय चौधरी, अर्नव बुग्गा (उपकप्तान), धन्य नाकरा, उदय चावला, गर्व कुमार, अभिराज गगन सिंह (विकेटकीपर), तरुण सिंह (विकेटकीपर), आर्यन शर्मा, ओजसदीप सिंह, किरीट कौशिक, वरुण वंजानी, रुद्र देव यादव, प्रद्युम्न सनन, पार्थ राज, शांतनु यादव



