
विराट कोहली अब विजय हजारे ट्रॉफी में खेलेंगे या नहीं? दिल्ली के कोच ने दिया अहम अपडेट
Virat Kohli Vijay Hazare Trophy: स्टार बल्लेबाज विराट कोहली विजय हजारे ट्रॉफी में रेलवे के खिलाफ नहीं खेलेंगे। वह घरेलू टूर्नामेंट में दो मैच खेल चुके हैं। दिल्ली के कोच ने अहम अपडेट दिया है।
दिग्ग्ज बल्लेबाज विराट कोहली विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 में अब शायद ही एक्शन में नजर आएं। कोहली के मंगलवार (6 जनवरी) को अलूर में रेलवे के खिलाफ दिल्ली के छठे राउंड के मैच में खेलने की संभावना थी। हालांकि, दिल्ली के कोच सरनदीप सिंह ने अहम अपडेट दिया है। उन्होंने बताया कि 37 वर्षीय बल्लेबाज रेलवे के विरुद्ध नहीं खेलेगा। कोहली 50 ओवर के घरेलू टूर्नामेंट के शुरुआती दो मैचों में दिल्ली के लिए खेले थे। कोहली के अब सीधे न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज में उतरने की उम्मीद है, जिसका 11 जनवरी से वडोदरा में आगाज होगा।
बता दें कि बीसीसीआई ने सभी भारतीय क्रिकेटरों के लिए विजय हजारे ट्रॉफी के कम से कम दो मैच खेलना अनिवार्य किया था। कोहली अपने दो मैच खेल चुके हैं। उन्होंने आंध्र के खिलाफ 131 जबकि गुजरात के विरुद्ध 77 रनों की पारी खेली। दिल्ली ने दोनों मैच में जीत दर्ज की। कोहली द्वारा दिल्ली के अगले तीन मैच मिस करने के बाद माना जा रहा था कि वह न्यूजीलैंड वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम से जुड़ने से पहले घरेलू टूर्नामेंट में एक और मैच खेल सकते हैं। हालांकि, दिल्ली को रेलवे के सामने दिग्गज बल्लेबाज के बिना खेलना पड़ेगा।
कोच सरनदीप ने हमारे सहयोगी हिंदुस्तान टाइम्स से पुष्टि करते हुए कहा कि कोहली उपलब्ध नहीं हैं। अगर कोहली उपलब्ध होते तो मंगलवार के मैच में उनका सामना पेसर हिमांशु सांगवान से होता, जिन्होंने विराट के करियर के आखिरी रेड बॉल मैच में स्टंप्स उखाड़े थे। दिल्ली ग्रुप डी की तालिक में फिलहाल टॉप पर है। उसने पांच मैचों से चार जीते और एक गंवाया है। दिल्ली और हरियाणा के 16-16 अंक हैं। दिल्ली (+0.803) का नेट रनरेट हरियाणा (+0.460) से बेहतर है। दिल्ली छठे राउंड में जीत हासिल कर टॉप पर अपनी जगह मजबूत करने की फिराक में होगी।
रोहित शर्मा भी विजय हजारे ट्रॉफी के मौजूदा सीजन में अपने दो मैच खेल चुके हैं और बाकी टूर्नामेंट में नहीं खेलेंगे। उन्होंने मुंबई के लिए शुरुआती दो मुकाबले खेले। रोहित ने सिक्किम के खिलाफ 155 रन की जबर्दस्त पारी खेली मगर उत्तराखंड के सामने खाता नहीं खोल पाए। विराट और रोहित भले ही विजय हजारे ट्रॉफी के आने वाले राउंड में नहीं दिखें लेकिन शुभमन गिल और श्रेयस अय्यर एक्शन में होंगे। गिल फूड पॉइजनिंग की वजह से पंजाब के पिछले मैच में नहीं खेले थे। दूसरी ओर, अय्यर को मुंबई की कप्तानी सौंपी गई है क्योंकि शार्दुल ठाकुर पिंडली की चोट की वजह से टूर्नामेंट से बाहर हो गए।

लेखक के बारे में
Md.Akramमोहम्मद अकरम: खेल पत्रकार
परिचय: मोहम्मद अकरम 10 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रॉड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें खेल और राजनीति की दुनिया में गहरी दिलचस्पी है। क्रिकेट और अन्य खेलों से जुड़े अपडेट्स, मैच एनालिसिस और स्टोरी रिसर्च बखूबी अंजाम देते हैं। अकरम का मानना है कि खेल पत्रकारिता सिर्फ स्कोर बताने तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल की भावना, खिलाड़ियों की मेहनत और उससे जुड़ी कहानियों को सामने लाना भी उतना ही जरूरी है।
अनुभव: अकरम को कंटेंट रिसर्च, स्क्रिप्ट राइटिंग, स्टोरीटेलिंग और एडिटिंग का अच्छा अनुभव है। 2016 में अमर उजाला की ओर से पत्रकारिता में डेब्यू किया। 2019 में टाइम्स नाउ से जुड़े और पांच साल यहां रहे। साल 2022 से लाइव हिंदुस्तान का हिस्सा हैं। डिजिटल मीडिया के बदलते ट्रेंड्स, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और ऑडियंस बिहेवियर को समझकर कंटेंट तैयार करते हैं, जो प्रभावशाली हो। ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियन गेम्स, क्रिकेट वर्ल्ड कप और आईपीएल जैसे इवेंट कवर किए हैं।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि: अकरम ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से बी.ए. (ऑनर्स) मास मीडिया और आईआईएमसी से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है। शैक्षणिक पृष्ठभूमि और प्रोफेशनल अनुभव ने अकरम को मीडिया की बुनियादी समझ के साथ-साथ प्रैक्टिकल अप्रोच भी दी है। सीखते रहना और खुद को लगातार अपडेट करना प्रोफेशनल आदतों में शामिल है।
विशेषज्ञता:
मैचों की लाइव कवरेज और एनालिसिस
स्टैट्स बेस्ड दिलचस्पी स्टोरीज
हेडलाइन फ्रेमिंग और कॉपी एडिटिंग में मजबूत पकड़
डेडलाइन मैनेजमेंट और हाई-प्रेशर सिचुएशन में सटीक निर्णय





