विराट कोहली Vs साहिबजादा फरहान: 1 WC संस्करण में किसके ज्यादा शतक-अर्धशतक और रन?
विराट कोहसी और साहिबजादा फरहान में से एक विश्व कप संस्करण में किससे ज्यादा रन, शतक और अर्धशतक हैं और दोनों ने किन टीमों के खिलाफ रन बनाए हैं, आइए आज हम आपको इसके बारे में विस्तार से जानकारी देते हैं।

टी-20 विश्व कप 2026 पाकिस्तान के लिए भले ही उतना शानदार ना रहा हो और उसे सुपर-8 में ही टूर्नामेंट से बाहर होना पड़ा हो, लेकिन उनके सलामी बल्लेबाज साहिबजादा फरहान के लिए यह टूर्नामेंट जरूर किसी सपने से कम नहीं रहा है। उन्होंने विश्व कप के इस संस्करण में कमाल की बल्लेबाजी करते हुए दुनिया के महान क्रिकेटरों में से एक विराट कोहली का रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिया है।
साहिबजदा फरहान ने इस विश्व कप में कुल 6 मैच खेले जिसमें शानदार बल्लेबाजी करते हुए रिकॉर्ड 383 रन बनाए। उन्होंने इसके साथ ही टी-20 विश्व कप के किसी भी एक संस्करण में सर्वाधिक रन बनाने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। पाकिस्तान के दाएं हाथ के सलामी बल्लेबाज ने इस एडिशन में अपने बल्ले से दो शतकीय पारियां खेलीं। वे एक विश्व कप एडिशन में दो शतक लगाने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज भी बन गए हैं। उन्होंने इस एडिशन में दो अर्धशतकीय पारियां भी खेलीं और एक टी-20 विश्व कप एडिशन में चार 50+ स्कोर बनाने वाले विराट कोहली के बाद दुनिया के दूसरे बल्लेबाज बन गए।
एक T20WC टूर्नामेंट में सर्वाधिक रन 383 - साहिबजादा फरहान 2026 में
47 बनाम नीदरलैंड (पीछा करते हुए)
73 बनाम संयुक्त राज्य अमेरिका
0 बनाम भारत (पीछा करते हुए)
100* बनाम नामीबिया
63 बनाम इंग्लैंड
100 बनाम श्रीलंका
साहिबजादा फरहान ने इस विश्व कप में अगर भारत के खिलाफ हुए मुकाबले को छोड़ दिया जाए तो शानदार बल्लेबाजी की है। उनके आंकड़ों को देखने पर एक खास बात और समझ में आती है कि उन्होंने पहले बल्लेबाजी करते हुए ज्यादा रन बनाए बनिस्बत रनों का पीछा करने के। जिस तरह का शानदार प्रदर्शन साहिबजादा फरहान का टी-20 विश्व कप 2026 में रहा है ठीक ऐसा ही प्रदर्शन विराट कोहली का साल 2014 के विश्व कप में था। लेकिन तब विराट कोहली ने भारत को टी-20 विश्व कप में फाइनल में पहुंचा दिया था, लेकिन साहिबजादा फरहान अपनी टीम को सेमीफाइनल में भी प्रवेश नहीं दिला सके।
विराट कोहली ने साल 2014 के विश्व कप में 6 मुकाबलों में कुल 319 रन बनाए थे जो कल से पहले लगातार 12 सालों तक एक टी-20 विश्व कप संस्करण में सर्वाधिक रन बनाने का रिकॉर्ड था, लेकिन अब उसे शनिवार 28 फरवरी को साहिबजादा फरहान ने ध्वस्त कर दिया है। विराट कोहली ने साल 2014 के विश्व कप में चार अर्धशतकीय पारियां खेली थीं, उनमें से खास बात यह है कि वे 2 पारियों में नाबाद थे। वे टी-20 विश्व कप के एक एडिशन में चार अर्धशतक बनाने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बने थे।
319 - विराट कोहली 2014 टी-20 विश्व कप में
36* बनाम पाक (पीछा करते हुए)
54 बनाम वेस्टइंडीज (पीछा करते हुए)
57* बनाम बांग्लादेश (पीछा करते हुए)
23 बनाम ऑस्ट्रेलिया
72* बनाम दक्षिण अफ्रीका (पीछा करते हुए) सेमी)
77 बनाम श्रींलका (फाइनल)
इस तरह साहिबजादा फरहान और विराट कोहली के आंकड़ों को देखने पर साफ समझ आता है कि साहिबजादा फरहान शतकों के मामलों में विराट कोहली से आगे हैं। उन्होंने एक ही एडिशन में दो शतक जड़ दिए, जबकि विराट के एक भी शतक नहीं है। वहीं 50+ स्कोर के मामले में दोनों चार-चार की संख्या से साथ बराबर हैं, जबकि रन साहिबजादा फरहान ने ज्यादा बनाए हैं। हालांकि, विराट कोहली ने बड़ी टीमों के खिलाफ रन बनाए थे, लेकिन फरहान के रन तुलनात्मक रूप से कमजोर टीमों के सामने आए हैं।




