
विराट और रोहित के कॉन्ट्रैक्ट में बदलाव होगा या नहीं, BCCI इस दिन करेगा चर्चा; शुभमन का होगा प्रमोशन?
विराट और रोहित के कॉन्ट्रैक्ट में बदलाव होगा या नहीं? भारतीय क्रिकेट बोर्ड (BCCI) 22 दिसंबर को दोनों दिग्गज खिलाड़ियों के अनुबंध पर चर्चा करेगा। शुभमन गिल का प्रमोशन हो सकता है।
भारतीय सुपरस्टार विराट कोहली और रोहित शर्मा के साथ-साथ घरेलू क्रिकेट में महिला खिलाड़ियों के अनुबंध में बदलाव पर 22 दिसंबर को भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) की शीर्ष परिषद की सालाना आम बैठक (एजीएम) में चर्चा होगी। शीर्ष परिषद की 31वीं एजीएम ऑनलाइन होगी, जिसमें कोहली और रोहित के कॉन्ट्रैक्ट पर फैसला होने की उम्मीद है। दोनों ‘ए प्लस’ वर्ग में हैं।
सिर्फ वनडे क्रिकेट खेलते हैं कोहली-रोहित
कोहली और रोहित पिछले एक साल में टेस्ट और टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं और अब सिर्फ वनडे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलते हैं। इस संदर्भ में भारत के टेस्ट और वनडे अंतरराष्ट्रीय कप्तान शुभमन गिल को सीनियर ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा और तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह के साथ ‘ए प्लस’ वर्ग में रखा जा सकता है। अन्य मामलों में अंपायरों और मैच रेफरी के भुगतान में बदलाव के साथ-साथ बोर्ड की डिजिटल संपत्तियों के अपडेट पर भी चर्चा होगी।
बदलाव के बाद शीर्ष परिषद की पहली AGM
यह बीसीसीआई के अधिकारियों में बदलाव के बाद शीर्ष परिषद की पहली एजीएम होगी। मिथुन मन्हास सितंबर में बोर्ड के अध्यक्ष बने और रघुराम भट्ट को कोषाध्यक्ष बनाया गया जबकि देवजीत सैकिया और प्रभतेज सिंह भाटिया को क्रमश: सचिव और संयुक्त सचिव नियुक्त किया गया। बोर्ड के पिछले चुनावों में सौराष्ट्र क्रिकेट संघ के अध्यक्ष जयदेव शाह भी काउंसलर के तौर पर बोर्ड में शामिल हुए।
कोहली रैंकिंग में दूसरे और रोहित शीर्ष पर
महान क्रिकेटर कोहली नंबर-1 वनडे बल्लेबाज का स्थान फिर हासिल करने की कवायद में आगे बढ़ते हुए बुधवार को आईसीसी की ताजा बल्लेबाजी रैंकिंग में दूसरे स्थान पर पहुंच गए। उन्होंने दो स्थान का सुधार किया। 37 साल के कोहली को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीन वनडे मैचों में 302 रन बनाने के लिए सीरीज में सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया। रोहित ने सीरीज में 146 रन बनाकर रैंकिंग के शीर्ष पर अपनी जगह बरकरार रखी।





