55 शतक नहीं, विराट कोहली के दिल के करीब '43 रनों' की ये पारी; बताया ODI करियर की बेस्ट इनिंग
विराट कोहली ने अपने वनडे करियर में कई यादगार पारियां खेली हैं। उनके नाम इस फॉर्मेट में सबसे ज्यादा 55 शतक जड़ने का वर्ल्ड रिकॉर्ड है। हालांकि 43 रनों की एक पारी उनके दिल के बेहद करीब है। जिसे उन्होंने अपनी सर्वश्रेष्ठ पारी करार दिया है।

विराट कोहली आज अपना 38वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस खास मौके पर स्टार स्पोर्ट्स ने उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किया है, जिसमें किंग कोहली खुद अपने वनडे करियर की बेस्ट इनिंग चुनते हुए नजर आ रहे हैं। विराट का वनडे डेब्यू 2008 में हुआ था। पिछले 18 सालों में उन्होंने कई यादगार पारियां खेलीं हैं। उनके नाम वनडे क्रिकेट के इतिहास में सबसे ज्यादा 55 शतक जड़ने का भी वर्ल्ड रिकॉर्ड है। हालांकि एक 43 रनों की पारी की उनके दिल में खास जगह है, जिसे कोहली ने अपने वनडे करियर की सर्वश्रेष्ठ पारी करार दिया है।
'दिस और दैट' के इस क्विज में कोहली के सामने सबसे पहले दो पारियां रखीं गईं। दोनों ही पारियां उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ खेली थी। पहली होबार्ड में 2012 ट्राई सीरीज के दौरान श्रीलंका के खिलाफ नाबाद 133 रन और दूसरी 2011 वर्ल्ड कप फाइनल में 35 रन। कोहली ने अपनी इस 35 रनों की पारी को चुना।
वह काफी देर इसी के साथ बने रहे, क्योंकि यह पारी तब आई जब वीरेंद्र सहवाग और सचिन तेंदुलकर जैसे दिग्गज खिताबी मुकाबले में जल्दी आउट हो गए थे और उन्होंने गौतम गंभीर के साथ एक महत्वपूर्ण पारी खेली थी। इसी मैच से सचिन-विराट का एक वीडियो खूब वायरल होता है, जिसे लेकर कहा जाता है कि तेंदुलकर ने यहां से अपनी विरासत कोहली को सौंपी थी।
इसके बाद 2023 वर्ल्ड कप के दौरान चेन्नई में खेली गई 85 रनों की पारी, इंग्लैंड के खिलाफ 2017 में पुणे में खेली गई 122 रनों की पारी और 2018 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ केपटाउन में 160 रनों की पारी आई, मगर कोहली ने अपने 35 रनों की पारी को ऊपर रखा।
हालांकि जब इंग्लैंड के खिलाफ 2013 चैंपियंस ट्रॉफी फाइनल के दौरान उनकी 43 रनों की पारी आई तो उन्होंने वर्ल्ड कप इनिंग से ऊपर इसे चुना। इस पारी की कोहली के दिल में खास जगह है। शिखर धवन (24 गेंदों पर 31 रन) के आउट होने पर विराट कोहली अकेले पड़ गए थे, पूरी टीम ताश के पत्तों की तरह बिखर गई थी। उस मौके पर कोहली ने यह 43 रन बनाए और टीम को 129 रन के टोटल तक पहुंचाया। भारत यह फाइनल 5 रनों से जीता था। हालांकि कोहली को प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड नहीं मिला।
इसके बाद विराट कोहली की पाकिस्तान के खिलाफ 183 रनों की पारी, साउथ अफ्रीका के खिलाफ 2015 में 138 रन, 2015 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान के खिलाफ 107 रन की पारी आई। कोहली पाकिस्तान के खिलाफ वर्ल्ड कप पारी में थोड़ा अटके मगर अंत में उन्होंने 43 रनों की पारी को अपने वनडे करियर की सर्वश्रेष्ठ पारी बताया।


