टीम इंडिया के चैंपियन बनने पर विराट कोहली का आया रिएक्शन, बोले- पूरे टूर्नामेंट में हमारी...
भारत के टी20 वर्ल्ड कप 2026 चैंपियन बनने पर विराट कोहली ने प्रतिक्रिया दी है। भारत ने खिताबी मुकाबलें न्यूजीलैंड को करारी मात दी। भारत ने खिताबी डिफेंड किया है।

भारत ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 जीतकर इतिहास रचा है। भारत ने अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में आयोजित फाइनल में न्यूजीलैंड को 96 रनों से रौंदा। भारत ने 256 का विशाल टारगेट देने के बाद न्यूजीलैंड को 19 ओवर में 159 पर ढेर कर दिया। भारत खिताब डिफेंड करने वाली टीम बन गई है। भारत तीसरी बार टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाली इकलौती टीम है। सूर्यकुमार यादव के नेतृत्व में खिलाड़ियों ने पूरे टूर्नामेंट में गजब का जज्बा दिखाया। सूर्या बिग्रेड के खिताब जीतने पर बधाइयों का तांता लगा हुआ। भारत के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली का बी टीम इंडिया के चैंपियन बनने पर रिएक्शन आया है।
बता दें कि कोहली टी20 इंटरनेशनल और टेस्ट को अलिवदा कह दिया है। वह भारतीय टीम के लिए सिर्फ वनडे क्रिकेट खेलते हैं। उन्होंने 2024 में टी20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद T20I से संन्यास लिया था। कोहली ने सूर्या ब्रिगेड के ट्रॉफी जीतने पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, ''चैंपियन। अहमदाबाद में टीम इंडिया की शानदार जीत। पूरे टूर्नामेंट में हमारी टीम के धमाकेदार क्रिकेट का कोई मुकाबला नहीं। लड़कों ने मुश्किल परिस्थितियों में लड़ते हुए वर्ल्ड चैंपियन बनने के लिए बेहतरीन जज्बा और साहस दिखाया। सभी खिलाड़ियों और मैनेजमेंट के सदस्यों को इस उपलब्धि के लिए बधाई। जय हिंद।''
महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने कहा, ''टी20 फॉर्मेट में किसी भी टीम द्वारा पहली बार लगातार दो बार वर्ल्ड कप जीतना। पूरी तरह से ट्रॉफी के हकदार। हमारी टीम ने शानदार प्रदर्शन किया। बधाई टीम इंडिया। जय हिंद। '' भारत की जीत पर वेस्टइंडीज के हेड कोच डैरेन सैमी ने प्रतिक्रिया दी है। भारत ने सुपर-8 के आखिरी मैच में वेस्टइंडीज को हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई थी, जहां इंग्लैंड को शिकस्त दी। सैमी ने कहा, '' मैंने पहले कहा था कि आईसीसी टी20 विश्व कप जीतने के लिए आपको नॉकआउट मैच में भारत को हराना होगा। कोई टीम ऐसा नहीं कर सकी। बीसीसीआई को उनकी तीसरी विश्व कप टी20 ट्रॉफी के लिए बधाई। न्यूजीलैंड के लिए निराशाजनक जिन्हें हार का सामना करना पड़ा।''
फाइनल की बात करें तो संजू सैमसन ने 46 गेंद में 89 और अभिषेक शर्मा ने 21 गेंद में 52 रन बनाकर भारत को पावरप्ले में ही 98 रन तक पहुंचाते हुए जीत की नींव रख दी थी। भारत ने पहले बल्लेबाजी के लिए भेजे जाने पर पांच विकेट पर 255 रन बनाए। वहीं, प्लेयर ऑफ द मैच जसप्रीत बुमराह ने चार ओवर में 15 रन देकर चार विकेट चटकाते हुए साबित कर दिया कि वह दुनिया के नंबर एक तेज गेंदबाज क्यों हैं। भारतीय क्रिकेट में 2007 में पहले टी20 विश्व कप में मिली खिताबी जीत अगर ऐतिहासिक थी तो इस जीत को भी 2023 वनडे विश्व कप के जख्मों पर मरहम के रूप में याद रखा जाएगा।
लेखक के बारे में
Md.Akramमोहम्मद अकरम: खेल पत्रकार
परिचय: मोहम्मद अकरम 10 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रॉड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें खेल और राजनीति की दुनिया में गहरी दिलचस्पी है। क्रिकेट और अन्य खेलों से जुड़े अपडेट्स, मैच एनालिसिस और स्टोरी रिसर्च बखूबी अंजाम देते हैं। अकरम का मानना है कि खेल पत्रकारिता सिर्फ स्कोर बताने तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल की भावना, खिलाड़ियों की मेहनत और उससे जुड़ी कहानियों को सामने लाना भी उतना ही जरूरी है।
अनुभव: अकरम को कंटेंट रिसर्च, स्क्रिप्ट राइटिंग, स्टोरीटेलिंग और एडिटिंग का अच्छा अनुभव है। 2016 में अमर उजाला की ओर से पत्रकारिता में डेब्यू किया। 2019 में टाइम्स नाउ से जुड़े और पांच साल यहां रहे। साल 2022 से लाइव हिंदुस्तान का हिस्सा हैं। डिजिटल मीडिया के बदलते ट्रेंड्स, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और ऑडियंस बिहेवियर को समझकर कंटेंट तैयार करते हैं, जो प्रभावशाली हो। ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियन गेम्स, क्रिकेट वर्ल्ड कप और आईपीएल जैसे इवेंट कवर किए हैं।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि: अकरम ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से बी.ए. (ऑनर्स) मास मीडिया और आईआईएमसी से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है। शैक्षणिक पृष्ठभूमि और प्रोफेशनल अनुभव ने अकरम को मीडिया की बुनियादी समझ के साथ-साथ प्रैक्टिकल अप्रोच भी दी है। सीखते रहना और खुद को लगातार अपडेट करना प्रोफेशनल आदतों में शामिल है।
विशेषज्ञता:
मैचों की लाइव कवरेज और एनालिसिस
स्टैट्स बेस्ड दिलचस्पी स्टोरीज
हेडलाइन फ्रेमिंग और कॉपी एडिटिंग में मजबूत पकड़
डेडलाइन मैनेजमेंट और हाई-प्रेशर सिचुएशन में सटीक निर्णय



