
ऑस्ट्रेलिया पहुंचते ही विराट कोहली ने किया पोस्ट, बोले- आप तभी फेल हो जाते हैं, जब…
संक्षेप: तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए ऑस्ट्रेलिया पहुंचते ही विराट कोहली ने एक दमदार मोटिवेशनल पोस्ट किया है। विराट कोहली ने कहा है कि आप वास्तव में तभी फेल हो जाते हैं, जब आप हार मान लेते हैं।
भारतीय बल्लेबाज विराट कोहली तीन मैचों की वनडे इंटरनेशनल सीरीज के लिए ऑस्ट्रेलिया पहुंच गए हैं। वे 15 अक्टूबर को भारतीय टीम के साथ दिल्ली से पर्थ की फ्लाइट नजर आए। अगले दिन विराट कोहली ऑस्ट्रेलिया पहुंचे और वहां पहुंचने के बाद विराट कोहली ने एक मोटिवेशनल कोट शेयर किया है। विराट कोहली इशारो-इशारों में कुछ कहना भी चाह रहे हैं, क्योंकि वे वर्ल्ड कप 2027 में खेलने के उत्सुक हैं और वह हार मानने वालों में से नहीं हैं। एक पर्सेंट चांस को भी वे गंभीरता से लेते हैं।

सबसे ज्यादा वनडे इंटरनेशनल सेंचुरी जड़ने वाले विराट कोहली ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर पोस्ट किया है, "आप वास्तव में तभी असफल होते हैं, जब आप हार मानने का निर्णय ले लेते हैं।" विराट के इस कोट से साफ है कि वह हार मानने वाले नहीं हैं। भले ही कोच गौतम गंभीर, चीफ सिलेक्टर अजीत अगरकर और टीम मैनेजमेंट अभी तक पूरी तरह से विराट कोहली के साथ नहीं है, लेकिन विराट कोहली जानते हैं कि वह वर्ल्ड कप 2027 में खेलने के लिए हर संभव कोशिश करेंगे। वे टी20 के बाद टेस्ट क्रिकेट से रिटायरमेंट ले चुके हैं।
कहा जा रहा था कि विराट कोहली और रोहित शर्मा के लिए ऑस्ट्रेलिया का दौरा आखिरी इंटरनेशनल टूर हो सकता है, लेकिन जिस तरह का कमिटमेंट और फिटनेस इन दोनों दिग्गजों ने दिखाई है, उससे साफ होता है कि रो-को आगे भी खेलना जारी रखना चाहते हैं। भले ही इन दिनों वनडे सीरीज इतनी ज्यादा नहीं होती हैं, लेकिन रोहित और विराट दोनों नेट्स में पसीना बहाएंगे। विराट ने लंदन में और रोहित ने मुंबई में ऐसा किया है। कई सेशन उन्होंने ऑस्ट्रेलिया जाने से पहले नेट्स में बिताए हैं। अब देखना ये है कि इन दोनों दिग्गजों के लिए ऑस्ट्रेलिया की सीरीज कैसी रहने वाली है।






